Muzaffarnagar और आसपास से प्रमुख खबरें

कल लगेगा किसान कर्फ्यू, मुजफ्फरनगर में इन नौ स्थानों पर होगा चक्का जाम

केन्द्र सरकार द्वारा पारित तीन कृषि बिलों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने 25 सितम्बर के देशव्यापी आंदोलन की अपनी घोषणा के तहत अंतिम रणनीति बनाते हुए किसान कर्फ्यू के दौरान चक्का जाम की तैयारी कर ली है।

भाकियू के बड़े नेता मुजफ्फरनगर जनपद से बाहर रहकर आंदोलन को मजबूती देने का काम करेंगे, जबकि जनपद में नौ स्थानों पर भाकियू के स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों के नेतृत्व में किसान चक्का जाम करेंगे।

राकेश टिकैत लखनऊ तो नरेश टिकैत शामली बॉर्डर पर चक्का जाम का नेतृत्व करेंगे और राजू अहलावत इस आंदोलन से अलग रहेंगे। बता दें कि केन्द्र सरकार द्वारा पारित किये गये तीन कृषि बिलों, गन्ना बकाया भुगतान और अन्य समस्याओं को लेकर भाकियू ने 25 सितम्बर को देशव्यापी आंदोलन के अन्तर्गत जनता कर्फ्यू और चक्का जाम का ऐलान किया हुआ है।

इस आंदोलन को मजबूती के साथ सफल बनाने के लिए भाकियू के बड़े नेताओं ने अपनी अंतिम रणनीति बनाई। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने गत दिवस यूनियन के अन्य पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी, लेकिन इसके बाद भी भाकियू ने अपने आंदोलन पर कायम रहने का ऐलान किया।

जनपद मुजफ्फरनगर पर बड़े पैमाने पर किसानों ने इस आंदोलन को लेकर अपनी तैयारी करनी प्रारम्भ कर दी है। जनपद मुजफ्फरनगर में नौ स्थानों पर भाकियू ने चक्का जाम के प्वाइंट तय कर दिये हैं। यहां पर तहसील और ब्लॉक अध्यक्षों को इस आंदोलन को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान के अनुसार मुजफ्फरनगर में नौ स्थान चिन्हित कर लिये गये हैं। यहां पर चक्का जाम होगा, इन स्थानों में पुरकाजी ब्लाक में हाइवे फलौदा कट, चरथावल ब्लाक में रोहाना हाइवे, बघरा ब्लाक में लालूखेडी स्टैण्ड, बुढ़ाना ब्लाक में बायवाला, शाहपुर ब्लाक में पुलिस चौकी शाहपुर, जानसठ ब्लाक में मीरापुर बायपास मोंटी तिराहा, मोरना ब्लाक में चौधरी चरण सिंह चौक मोरना, सदर ब्लाक व नगर मुजफ्फरनगर टीम द्वारा रामपुर तिराहा और खतौली ब्लाक में नावला कोठी हाईवे पर चक्का जाम के लिए यूनियन कार्यकर्ताओं का धरना होगा।

उन्होंने जनपद में इस आंदोलन के लिए यूनियन के तहसील अध्यक्षों कपिल सोम खतौली, विकास शर्मा सदर, अशोक कुमार जानसठ और अनुज बालियान बुढ़ाना को भी जिम्मेदारी सौंप दी है।

25 सितम्बर को भाकियू का कोई भी बड़ा पदाधिकारी मुजफ्फरनगर जनपद में आंदोलन का नेतृत्व करता नजर नहीं आयेगा।

हालांकि भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर धीरज लाटियान शामली बॉर्डर पर लालूखेड़ी में चक्का जाम करायेंगे और राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ. राकेश टिकैत लखनऊ में होने के कारण, वहीं पर आंदोलन को नेतृत्व देंगे।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20755 posts and counting. See all posts by News-Desk

Avatar Of News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seven + fourteen =