उत्तर प्रदेश

गोरखपुर बब्बन मौर्या हत्या: दो बार मामले में एफआर, तथ्यों की अनदेखी

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कैंपियरगंज इलाके के धरमपुर गांव के राजबारी टोला निवासी बब्बन मौर्या का शव करीब एक साल पहले उसके घर के पास मिला था।

अब एक साल बाद इस घटना का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश करते हुए आरोपी को दबोच लिया है। पता चला है कि बब्बन के दोस्त ने पत्नी से अवैध संबंध के शक में उसकी हत्या कर दी थी।

इस मामले को हादसा बताकर पुलिस दो बार फाइनल रिपोर्ट लगाकर फाइल बंद कर चुकी थी। एसएसपी ने एक बार फिर फाइल खुलवाकर मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराई तो हत्या के साक्ष्य मिले।

पुलिस इस मामले के दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।  एसएसपी जोगेंद्र कुमार और एसपी क्राइम आलोक वर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर घटना का पर्दाफाश किया।

अफसरों ने बताया कि 3 जून 2019 को बब्बन मौर्या का शव उसके घर के पास ही मिला था। इसमें पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया था, लेकिन फिर जांच में यह कहते हुए फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई थी कि शराब के नशे में सड़क पर गिर जाने से बब्बन के सिर में चोट लग गई और उसकी मौत हो गई।

इस मामले की फाइल दोबारा क्राइम ब्रांच में खोली गई तो एक बार फिर यही रिपोर्ट लगाकर फाइल को बंद कर दिया गया।मामला एसएसपी जोगेंद्र कुमार के संज्ञान में आया तो उन्होंने इसकी फाइल को फिर से खोलने का आदेश दिया।

क्राइम ब्रांच के निरीक्षक अजय कुमार मौर्या को विवेचना सौंपी गई और जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि घटना वाले दिन बब्बन अपने दो दोस्तों के साथ शराब पीने गया था।

बाद में दोनों दोस्तों ने बाइक पर बीच में बब्बन को बैठा लिया और फिर रास्ते में उसकी हत्या कर दी। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि उसे यह शक रहता था कि उसकी पत्नी का अवैध संबंध बब्बन से है। इसी शक में उसने बब्बन की हत्या कर दी।

इस मामले के पर्दाफाश होने के साथ एक बात तो साफ हो गई कि जिन पुलिसवालों ने दो बार मामले में एफआर लगाई, उन्होंने तथ्यों की अनदेखी की।

यह अनदेखी भी इतनी बड़ी थी कि कत्ल करने वाला बेदाग बचा जा रहा था। खैर, अब जब मामला खुल गया तो उन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ तो कार्रवाई बनती है, जिन्होंने मामले को रफादफा कर दिया था।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21343 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

six + 7 =