Afghanistan के खोस्त प्रांत में स्थित होटल में जोरदार धमाका
Afghanistan में एक बड़े धमाके ने लोगों को दहला दिया. यह विस्फोट खोस्त प्रांत में स्थित एक होटल में हुआ ,जिसमें कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लोग घायल हुए हैं. अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट के पीछे कौन जिम्मेदार है. घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है. वहां के अधिकारी इस विस्फोट के बाद जांच में जुट गए हैं.
दक्षिण-पूर्वी अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत में यह विस्फोट सोमवार को हुआ. होटल में हुए इस विस्फोट में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए हैं. धमाके की आवाज के साथ ही वहां हड़कंप मच गया. गौरतलब है कि अफगानिस्तान का तालिबान प्रशासन इस्लामिक स्टेट के सदस्यों के खिलाफ छापेमारी कर रहा है, जिसने हाल के महीनों में शहरी केंद्रों में कई बड़े हमलों की जिम्मेदारी ली है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, खोस्त में पुलिस प्रवक्ता मुस्तगफिर गुरबाज़ ने कहा कि यह विस्फोट शहर के एक होटल में हुआ है, जहां अफगानिस्तान की सीमा से लगे पाकिस्तान के पूर्व उग्रवादियों के गढ़ उत्तरी वजीरिस्तान से आए अफगानी लोग और शरणार्थी अक्सर आते थे. उन्होंने कहा कि अधिकारी यह पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं कि विस्फोट का कारण क्या था और इसके पीछे कौन है.
होटल जिस इलाके में स्थित था, यहां लंबे समय से इस्लामी आतंकवादियों और उनके दुश्मनों के बीच टकराव रहा है. यहां वर्षों से विभिन्न आतंकवादी समूह सक्रिय हैं. ऐसे में इस तरह की घटनाएं आये दिन देखने को मिलती रहती हैं.

