हैवानियत: युवा महिला पशु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म-जिंदा ही जला दिया
हैवानियत की पराकाष्ठा से आगे जाते हुए यहां कुछ लोगों ने एक युवा महिला पशु चिकित्सक (27) के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे जिंदा ही जला दिया। इसके बाद उसकी अधजली लाश को पुल से नीचे फेंक दिया गया। जिस तरह निर्भया को मदद का भरोसा देकर बस में बैठा लिया गया था, उसी तरह मदद का झांसा यहां भी देकर इंसानियत को शर्मसार कर दिया गया।
शादनगर थाने में हुई इस घटना के प्रकाश में आने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशे से ट्रक ड्राइवर और उसके सहायक हैं। इस पशु चिकित्सक का शव शादनगर के बाहरी इलाके में हैदराबाद-बंगलूरू राजमार्ग पर बने एक पुल के नीचे बृहस्पतिवार को बरामद हुआ था।
पुलिस ने कहा कि जांच के बाद चार आरोपियों को पुलिस कस्टडी में लिया गया है। इनके नाम हैं- मोहम्मद आरिफ, जोल्लु शिवा, जोल्लु नवीन और चिंताकुंता। इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में भेजने की कोशिश होगी।
इस पीड़िता की छोटी बहन ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा था कि बुधवार रात नौ बजकर 22 मिनट पर उसकी इस बड़ी बहन से बात हुई थी और उसने कहा था कि वह एक टोल प्लाजा के पास है और किसी ने उसकी स्कूटी के टायर की हवा निकली होने की बात कह कर मदद की पेशकश की थी।
जब छोटी बहन ने दोबारा नौ बजकर 44 मिनट पर फोन किया तो उसका फोन बंद आ रहा था। पीड़िता का शव टोल प्लाजा से 25 किलोमीटर दूर पाया गया। तेलंगाना के गृह मंत्री मो. महमूद अली ने कहा कि हम इस घटना से दुखी हैं, पुलिस अलर्ट है और अपराध को नियंत्रित कर रही है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने 100 नंबर पर डायल करने की बजाय अपनी बहन को फोन किया। अगर ऐसा होता तो उन्हें बचाया जा सकता था।
Cyberabad Police on rape and murder of a woman veterinary doctor: After investigation four people were taken into custody at Shadnagar police station, their names are Mohammad Areef, Jollu Shiva, Jollu Naveen, and Chintakunta Chennakeshavulu. pic.twitter.com/Yr1BliJX5a
— ANI (@ANI) November 29, 2019
शमशाबाद के गाचीबोवली इलाके की रहने वाली पशु चिकित्सक बुधवार को कोल्लुरु स्थित पशु चिकित्सालय गई थीं। उन्होंने अपनी स्कूटी को शादनगर के टोल प्लाजा के पास पार्क कर दी थी। रात में जब वह लौटीं तो उन्हें स्कूटी पंक्चर मिली। इस पर उन्होंने अपनी बहन को फोन किया और बताया कि मुझे डर लग रहा है।
उनकी बात सुनकर बहन ने टोल प्लाजा जाने और कैब से आने की बात कही। वहीं पीड़िता ने बहन से यह भी कहा कि कुछ लोगों ने उसे मदद की पेशकश की है और थोड़ी देर बाद कॉल करने की बात कही। हालांकि इसके बाद से ही पीड़िता का मोबाइल फोन बंद हो गया।
परिजनों ने शादनगर टोल प्लाजा के आसपास पीड़िता की खोजबीन की, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। अगली सुबह शादनगर के अंडरपास के पास उसकी जली हुई लाश मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले में पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि एक युवक महिला डॉक्टर की स्कूटी मैकेनिक शमशेर आलम के पास बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे छोड़ गया था।
