वैश्विक

भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई- छह पाकिस्तानी सैनिक मार गिराए

सेना ने उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले बारामुला के उड़ी सेक्टर में अपने साथी की शहादत का 48 घंटे से भी कम समय में बदला लेते हुए जवाबी कार्रवाई में छह पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया। गुरुवार रात भारतीय सेना ने पाक के चार सैनिक पुंछ और राजौरी जिले के विभिन्न सेक्टरों में जवाबी कार्रवाई में मार गिराए। वहीं दो पाक सैनिकों को गुरुवार दोपहर उड़ी सेक्टर में मार गिराया था।  ज्ञात हो कि बुधवार को पाकिस्तानी गोलाबारी में एक जेसीओ शहीद हो गए थे। चुरंडा गांव में एक महिला की भी मौत हुई थी। 

Image Result For /Indian-Army-Killed-Six-Pakistani-Soldiers-While-Retaliating-Ceasefire-Violation

पाकिस्तान की ओर से गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी एलओसी पर उड़ी सेक्टर और पुंछ-राजौरी में गोलाबारी की गई। सुबह साढ़े नौ बजे सेना की अग्रिम चौकियों के साथ ही सिलिकूट, चुरंडा और आस-पास के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोले दागे गए। सेना ने भी पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया। इसमें पाकिस्तान के छह सैनिक मारे गए। कुछ पोस्ट को भी नुकसान पहुंचा है। 

एक दिन बाद गोलाबारी शुरू होते ही ग्रामीण घरों में दुबक गए। प्रशासन का कहना है कि पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। इसके लिए वाहन तथा एंबुलेंस तैयार रखे गए हैं। गोलाबारी से इन इलाकों के लोगों में काफी दहशत का माहौल बना हुआ है। 

ज्ञात हो कि बुधवार को पाकिस्तानी सेना ने उड़ी सेक्टर के सिलिकूट, हथलंगा, मोथल, सोवरा, बालकोट, चुरंडा और आस-पास के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की थी। वहीं, एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से लगातार दूसरे दिन पुंछ जिले के कृष्णा घाटी व मनकोट सेक्टर में गोलाबारी की गई। शाम को शुरू हुई गोलाबारी में फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। बुधवार देर रात भी पाकिस्तानी सेना ने पुंछ के शाहपुर, कस्बा और किरनी में मोर्टार से गोलाबारी की थी।  राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा था कि सीमा सुरक्षा को लेकर पूरे देश को आश्वस्त रहना चाहिए। जो भी जरूरी होगा, वह कदम उठाया जाएगा। भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। राजनाथ ने दिल्ली में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिफेंस एस्टेट्स मैनेजमेंट में एक्सीलेंस अवार्ड्स बांटने के बाद ये बातें कहीं।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20988 posts and counting. See all posts by News-Desk