IPL 2023: रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, गुजरात टाइटंस ने लखनऊ पर सात रन की रोमांचक जीत दर्ज की
IPL 2023 हले मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने एक लो स्कोरिंग मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के मुंह से जीत छीन ली तो दूसरे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 13 रनों से रौंद डाला. हार्दिक पांड्या की गुजरात ने केएल राहुल के लखनऊ को उनके ही घरेलू मैदान पर सात रनों से हरा दिया. राहुल अर्धशतकीय पारी खेलकर भी अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाये.
कप्तान हार्दिक पंड्या की संयम और आक्रामकता से भरी अर्धशतकीय पारी और अनुभवी गेंदबाज मोहित शर्मा के आखिरी ओवर के कमाल से गुजरात टाइटंस ने लखनऊ पर सात रन की रोमांचक जीत दर्ज की. वह आखिरी ओवर का रोमांच था.
मोहित शर्मा गेंदबाजी करने आये थे. अर्धशतक जड़कर कप्तान केएल राहुल क्रीज पर जमे थे. लखनऊ को आखिरी ओवर में जीत के लिए 12 रनों की जरूरत थी. मोहित ने सेट बल्लेबाज राहुल को दूसरी ही गेंद पर आउट कर दिया. इस ओवर में लखनऊ ने चार विकेट गंवाये. मोहित ने राहुल के बाद मार्कस स्टोइनिस को शून्य पर आउट किया जबकि आयुष बडोनी और दीपक हुड्डा रन आउट हुए और गुजरात यह मुकाबला 7 रन से जीत गया.
पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद मुंबई को जीत के लिए 215 रनों का लक्ष्य दिया. अर्जुन तेंदुलकर ने अपने एक ओवर में 31 रन लुटाये. जवाब में मुंबई की शुरुआत बेहतर रही, लेकिन आखिरी ओचवर का रोमांच यहां भी देखने को मिला. अर्शदीप सिंह आखिरी ओवर फेंकने आये थे. उस समय मुंबई को जीत के लिए 16 रनों की जरूरत थी. टिम डेविड और तिलक वर्मा क्रीज पर मौजूद थे.
अर्शदीप ने अपनी जीसरी ही गेंद पर तिलक को बोल्ड कर दिया. उन्होंने तिलक का मिडल स्टंप तोड़ दिया. ठीक अगली ही गेंद पर उन्होंने एक बार फिर मिडल स्टंप तोड़ा और नेहाल बढेरा शून्य पर बोल्ड हो गये. अर्शदीप ने अपने आखिरी ओवर में केवल 2 रन दिये और पंजाब 13 रन से यह मुकाबला जीत गया.
आईपीएल में इस प्रकार के उलटफेर होते रहते हैं. शनिवार की बात करें तो दोनों मैच में लगभग जीती हुई टीमें हारी हैं. टी20 मुकाबले में आखिरी ओवर में कई बार 30 से ज्यादा स्कोर कर भी टीमों ने जीत दर्ज की है.

