Jalore: स्कूल में पानी की मटकी को छू लिया था दलित छात्र ने, टीचर छैल सिंह ने पीटा तो 25 दिन के इलाज के बादमौत
Jalore के सायला थाना इलाके में स्थित प्राइवेट स्कूल में एक दलित छात्र से मारपीट करने के बाद उसकी मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि बच्चे ने स्कूल में पानी की मटकी को छू लिया था. इस वजह से शिक्षक ने उसके साथ गंभीर मारपीट की. इससे बच्चे की कान की नस फट गई थी. बच्चे का पिछले करीब 25 दिन से अहमदाबाद में इलाज चल रहा था. वहां शनिवार को उसकी मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार मामला सायला थाना इलाके के सुराणा गांव से जुड़ा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला और पुलिस उपाधीक्षक हिम्मत सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटना की जानकारी ली. पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक हिम्मत सिंह को सौंपी है. वहीं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने भी इसकी जांच के लिये कमेटी गठित की है.
उनके आदेश में कहा गया है कि सरस्वती विद्या मंदिर सुराणा में एक बच्चे की पिटाई का मामला सामने आया है. इसकी जांच पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (पीईईओ) अशोक कुमार दवे और प्रतापराम को जांच सौंपी है.
परिजनों ने बताया कि उनका बच्चा इंद्र मेघवाल सुराना गांव के ही सरस्वती विद्या मंदिर में तीसरी कक्षा में पढ़ता था. परिजनों का आरोप है कि बीते 20 जुलाई को बच्चे ने स्कूल ने रखी पानी की मटकी को छू लिया था. इस पर स्कूल में तैनात टीचर छैल सिंह ने उसकी जबर्दस्ती पिटाई कर दी. मारपीट में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था.
बच्चे के पिता देवाराम ने बताया कि पिटाई के बाद बच्चे की तबीयत खराब होने लगी तो उसे जालोर जिला अस्पताल में ले गये. वहां बच्चे की हालत को देखते हुये उसी दिन उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया था. लेकिन उदयपुर में भी बच्चे की तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ. इस पर कुछ दिनों बाद उसे अहमदाबाद ले गए थे. वहां शनिवार को दोपहर में इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई.

