Kanpur News: चकेरी इलाके में पेट्रोल डालकर जिंदा जलाकर मार डालने का मामला
Kanpur News: कानपुर के चकेरी इलाके में बुधवार को एक ठेकेदार को कथित रूप से पेट्रोल डालकर जिंदा जलाकर मार डालने का मामला सामने आया है. इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस उपायुक्त पूर्वी प्रमोद कुमार ने बताया कि चकेरी थाना क्षेत्र के लाल बंगला इलाके का निवासी ठेकेदार राजेंद्र पाल अपने बकाया 18 लाख रुपए मांगने के लिए बिल्डर शैलेंद्र श्रीवास्तव के घर गया था. पाल के बेटे अरविंद का आरोप है कि शैलेंद्र और उसके अकाउंटेंट राघवेंद्र तिवारी ने अपने घर के बरामदे में उसके पिता को आग के हवाले कर दिया.
पुलिस की मानें तो लगभग 80% जली हालत में उसे मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ ही देर बाद उसकी मृत्यु हो गई. कुमार ने बताया कि बिल्डर शैलेंद्र और उसके अकाउंटेंट राघवेंद्र तिवारी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
उन्होंने बताया कि पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने को कहा गया है.पुलिस उपायुक्त पूर्वी प्रमोद कुमार के मुताबिक, साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वह आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज भी खंगाले.

