Kerala: पूर्व विधायक पीसी जॉर्ज को यौन उत्पीड़न मामले में जमानत, रिवॉल्वर से सीएम को गोली मारने के लिए भी तैयार पत्नी उषा
Kerala की एक अदालत ने पूर्व विधायक पीसी जॉर्ज को यौन उत्पीड़न मामले में जमानत दे दी है। जॉर्ज को सोलर पैनल मामले में एक आरोपी द्वारा यौन उत्पीड़न की शिकायत के आधार पर शनिवार को गिरफ्तार किया गया था।
ये पहला मौका नहीं है जब पीसी जॉर्ज मुश्किलों में घिरे हैं। इसके पहले भी पुलिस ने उन्हें मुस्लमानों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में गिरफ्तार किया था। उस वक्त भी जॉर्ज ने कहा था कि उन्होंने किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाया है।
इस मामले को लेकर पीसी जॉर्ज की पत्नी उषा ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर जमकर निशाना साधा। उषा ने यहां तक कह दिया कि वह अपने पिता की रिवॉल्वर से सीएम को गोली मारने के लिए भी तैयार हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उषा जॉर्ज ने कहा, “यह फर्जी केस है। केरल के मुख्यमंत्री मेरे पति और परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं। मेरे पति निर्दोष हैं। उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया, इसलिए पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया।” उषा ने आगे कहा, “मैं अपने पिता की रिवॉल्वर से सीएम को गोली मारने के लिए तैयार हूं।”
It's a fake case. Kerala CM torturing my husband & family. My husband is innocent. He exposed Kerala CM's corruption. So Police arrested him. I'm ready to shoot the CM with my father's revolver: Usha George, wife of ex-MLA PC George, on sexual harassment case against him (02.07) pic.twitter.com/buLlV5f75G
— ANI (@ANI) July 3, 2022
सोलर पैनल मामले की एक आरोपी ने पीसी जॉर्ज पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस में दी अपनी शिकायत में कहा है कि पूर्व विधायक ने इसी साल 10 फरवरी को अपने एक गेस्ट हाउस में बुलाया था और यहीं पर उसका यौन उत्पीड़न हुआ। पीड़िता ने कहा कि गेस्ट हाउस में मुलाकात के बाद से जॉर्ज लगातार आपत्तिजनक मैसेज भेज रहे थे। वहीं, पूर्व विधायक ने अपने ऊपर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को खारिज किया है और इसे झूठा मामला बताया।
पूर्व विधायक के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस शिकायत के आधार पर कैंटोनमेंट पुलिस ने जॉर्ज को एक गैस्ट हाउस से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, मजिस्ट्रेट अदालत ने जॉर्ज को जमानत दे दी है।

