Lucknow News: केजीएमयू की लैब में हुई पुष्टि, लखनऊ में जीका वायरस के दो मरीज़
Lucknow News: Lucknow में भी ज़ीका वायरस के दो संक्रमितों के मिलने से हड़कंप मच गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. वेदव्रत सिंह ने भी इस ख़बर की पुष्टि की है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज अग्रवाल (CMO Dr. Manoj Agarwal) ने बताया कि केजीएमयू द्वारा ज़ीका वायरस के दो केस रिपोर्ट किए गए। जिसके बाद, नगर निगम की नगर मलेरिया इकाई और एनके रोड व चंदन नगर की स्थानीय स्वास्थ्य इकाई ने सघन एंटी लार्वा और फागिंग का कार्य किया।
केजीएमयू लैब द्वारा ज़ीका वायरस के मामलों की पुष्टि होते ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज अग्रवाल के निर्देशानुसार नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एसके रावत, संचारी रोगों के नोडल अधिकारी डॉक्टर के.पी. त्रिपाठी, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ मिलिंद वर्धन और जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी ने संक्रमित मरीज़ों का हालचाल लिया। साथ ही, रोगियों को बीमारी से बचाव हेतु स्वास्थ्य शिक्षा दी गई।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मिलिंद वर्धन ने बताया कि संक्रमित व्यक्तियों के मिलने के बाद ही स्थानीय स्वास्थ्य इकाई की टीम को तत्काल कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग एवं मानक के अनुसार सैंपल कलेक्शन के निर्देश दिए गए। जिसके मद्देनजर संक्रमित लोगों के संपर्क में आए चार लोगों का सैंपल जांच हेतु केजीएमयू भेज दिया गया।

