ताइवान : मिलिट्री कैंप में सामूहिक विवाह, पहली बार समलैंगिक जोड़े एक-दूजे के हुए
ताइवान में पिछले 200 दिन में घरेलू स्तर पर कोरोना का कोई केस सामने नहीं आया है। ऐसे में गुरुवार को मिलिट्री कैंप में मास वेडिंग (सामूहिक विवाह) समारोह हुआ।
इसमें 188 जोड़े शादी के बंधन में बंधे। सबसे खास बात यह रही कि पहली बार किसी सेना में दो समलैंगिक जोड़े एक-दूजे के हुए।
इस सामूहिक विवाह समारोह में जवानों से लेकर लेफ्टिनेंट तक के अधिकारियों ने शादी की। मालूम हो, ताइवान एशिया का पहला देश है, जहां समलैंगिक शादी करना गैर कानूनी नहीं है। यहां की संसद ने मई 2019 में इस कानून को मंजूरी दी थी।
ताइवान में बीते 200 दिन से घरेलू स्तर पर कोरोना का कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है। ताइवान में 12 अप्रैल को कोरोना संक्रमण का अंतिम घरेलू मामला दर्ज किया गया था।
2.3 करोड़ की आबादी वाले ताइवान में कोरोना के अब तक 553 मामले सामने आए हैं। 513 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि अब तक सिर्फ 7 लोगों की मौत हुई है।
