Meerut News: टेंट व्यापारी से मारपीट मामले पर दिनेश खटीक कर रहे थे केस दर्ज करने की मांग, पुलिस एवं प्रशासन से टकराव
Meerut News: जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक और पुलिस प्रशासन में टकराव का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा हैं, जहां मंत्री का तेवर आक्रामक बना हुआ है, वहीं, पुलिस प्रशासन नए सिरे से साक्ष्य जुटा रही है। दिनेश खटीक ने कहा कि वह जनता का साथ नहीं देंगे तो जनता उनका साथ कैसे देगी।
विपक्षी नेता इस मुद्दे को लेकर योगी सरकार पर हमला करने से् नहीं चूक रहे हैं। विपक्षी नेताओं का कहना है कि प्रदेश में भाजपा की दोबारा सरकार बनने के बाद सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बैठक में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को दो टूक शब्दों में कहा था कि अपनी दलाली बंद करें अधिकारियों को हम देख लेंगे। लेकिन यहां तो सरकार के मंत्री थानों में जाने से बाज नही आ रहे हैं।
गंगानगर में 4 जून को टेंट व्यापारी कोमल कुमार के साथ मारपीट प्रकरण में सिपाही आकाश और विकास पर कार्रवाई नहीं कि जा रही थी, जिस पर राज्यमंत्री दिनेश खटीकने थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। इसी बात को लेकर मंत्री और इंस्पेक्टर में नोकझोंक भी हुई थी।
मामला तूपल पकड़ता देख पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों की तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसका भी स्थानीय भाजपा नेताओं ने कड़ा विरोध दर्ज किया था। भाजपा नेताओं ने कहा कि पुलिस ने राज्यमंत्री दिनेश खटीक के मामले में क्रास मुकदमा दर्ज किया।
ताजा मामले में दिनेश खटीक का समर्थक खेमा जहां इस बहाने पुलिस प्रशासन को घेरने में जुटा है, वहीं विरोधी चेहरे इस प्रकरण को तूल देने में जुट गए हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल (Regional President Mohit Beniwal) ने जिलाध्यक्ष विमल शर्मा से रिपोर्ट तलब कर प्रदेश इकाई को भेजा है।
यह क्रास मुकदमा सवालों में है। शहर विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार रहे कमल दत्त शर्मा कहते हैं, पुलिस के साथ यदि लूट, डकैती जैसी घटना हुई थी तो 7 दिन बाद मुकदमा क्यों? यह मान-सम्मान का मामला है।

