Meerut News: ब्रह्मपुरी क्षेत्र में घर में घुसकर महिला को गोली मारी,केएमसी अस्पताल में भर्ती
Meerut News: थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र में एक महिला को उसके घर के अंदर घुसकर गोली मार दी गई। घटना को अंजाम देकर हमलावर, जिनकी संख्या मालूम नही हो सकी है ,मौके से फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरु कर दी है।
एसपी सिटी विनीत ने बताया कि घटना मेरठ शहर के शिवशक्ति नगर इलाके की है। घटना में गंभीर रुप से घायल महिला को केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर जांच के लिए बुलाया गया है। इस संबंध में पुलिस भी कई लोगों से पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार शिवशक्ति नगर निवासी सलमान की मकान के नीचे ही बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। सलमान आज दोपहर दुकान पर काम कर रहा था। उनकी पत्नी आलिया ऊपर कमरे में साफ सफाई कर रही थी। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई तो सलमान ऊपर कमरे में पहुंचा। देखा कि आलिया के सीने में गोली लगी हुई है।
इसके बाद आलिया को केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला की हालत चिंताजनक बताई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार अस्पताल में भर्ती महिला के बयान लेने की कोशिश की जा रही है। महिला के पति और घर के बाकी सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। अभी तक यह पता नही चल सका है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने महिला को गोली क्यों मारी।

