रोड होल्डअप गैंग का सदस्य मुठभेड में दबोचा
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र में सोंटा रोड पर मंगलवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में रोड होल्डअप गैंग का सदस्य और २५ हजार का इनामी बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसका साथी भागने में कामयाब रहा। वह दस टायरों वाला ट्रक लूट में शामिल रहा और गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहा था। इस पर लूट के करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ खतौली आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि रात मंसूरपुर के इंस्पेक्टर मनोज चाहल पुलिस बल के साथ सोंटा रोड पर वाहनों की चेकिग कर रहे थे। इसी बीच एक बिना नंबर की बाइक आती दिखाई दी। बाइक पर दो लोग सवार थे। उन्होंने बाइक को रोकने का इशारा किया तो बदमाशों ने बाइक दौड़ा दी। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिग की। पुलिस ने जवाबी फायरिग की।
एक गोली एक बदमाश को लगी। वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसने अपना नाम रईस पुत्र हबीब अली निवासी मेवात जिला पलवल हरियाणा बताया। उसका साथी भागने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। रईस रोड होल्डअप कर ट्रक व अन्य वाहन आदि लूट गैंग का सदस्य है। उसने वर्ष २०१७ में मंसूरपुर में नेशनल हाईवे-५८ पर दस टायरा ट्रक लूटा था। उसके खिलाफ लूट आदि के करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह गैंगस्टर के मामले में वांछित था। उस पर २५ हजार का इनाम घोषित था। उसके पास एक तमंचा ३१५ बोर, चार कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है।
