मुजफ्फरनगर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, प्रेम-प्रसंग का मामला
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना छपार क्षेत्र के गांव सिसौना में अलसुबह एक युवक की उसके ही पडौसियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पाकर सीओ सदर भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मामला प्रेम प्रसंग से जुडा बताया जा रहा है, हालांकि हत्यारोपी पक्ष का कहना है कि युवक चोरी के इरादे से उनके घर में घुसा था।
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक छपार थाना क्षेत्र के सिसौना गांव में दिन निकलते ही एक युवक की उसके ही पडौसियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक युवक का नाम राजन बताया जा रहा है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि राजन को सुबह करीब 4 बजे उसके पडौसी घर से बुलाकर ले गए थे।
आरोप है कि घर ले जाने के बाद पडौसियों ने उसकी लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पाकर सीओ सदर कुलदीप सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुचे और मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के बाद मामले की छानबीन में जुट गए।
पुलिस के अनुसार 22-23 साल का युवक राजन जो सिसौना का रहने वाला है, उसका शव पड़ोस में ही एक घर की छत पर मिला है। हत्यारोपियों का कहना है कि वह चोरी के उद्देश्य से घर में घुसा था, लेकिन यह मामला अभी संदेहास्पद है। इस मामले में प्रेम-प्रसंग की भी चर्चांए हैं।
मृतक और हत्यारोपी दोनों परिवारों का अच्छा तालमेल था, एक दूसरे के यहां आना जाना था, तो चोरी का मामला नहीं लगता। मृतक आरोपियों की ट्रैक्टर ट्रॉली पर ही काम करता था। सीओ सदर कुलदीप िंसह ने कहा कि जल्द से जल्द मुकदमा दर्ज कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक सीओ सदर कुलदीप सिंह तथा थाना छपार प्रभारी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर मौजूद थे।
