Muzaffarnagar News- पुलिस मुठभेड में किया गिरफ्तार, ताले तोड़कर फोटो स्टूडियो से सामान चोरी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश को पैर में गोली लग गई। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने बदमाश को दबोचकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। बदमाश से एक तमंचा और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, बदमाश पर डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। खतौली के थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश क्षेत्र में आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुखबिर के बताए स्थान पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया।
देर रात जब पुलिस क्षेत्र के रायपुर नगली रोड के पास चेकिंग कर रही थी तो उसी समय दो संदिग्ध बाइक पर आते हुए नजर आए।
जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक मोड़कर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और बाइक फिसल गई। पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। जबकि दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को दबोच कर जिला अस्पताल पहुंचाया। जिसने अपना नाम शहाबुद्दीन उर्फ शब्बू निवासी हरिजन पट्टी थाना दौराला जनपद मेरठ बताया। बदमाश के कब्जे से एक तमंचा और चोरी की बाइक भी बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि बदमाश पर डेढ़ दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उससे पूछताछ की जा रही है।
ताले तोड़कर फोटो स्टूडियो से सामान चोरी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) थाना सिविल लाईन क्षेत्र में फोटो स्टूडियो का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों का सामान चोरी कर लिया। साथ ही कई शादियों के फोटोज व डाटा भी चले गए। पीड़ित फोटोग्राफर ने थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही पुलिस से कार्रवाई की भी मांग की है।
जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत सहारनपुर बस स्टैंड के पास मार्केट में पहली मंजिल पर रविंद्र गोस्वामी का फोटो स्टूडियो है। रविंद्र गोस्वामी ने बताया कि कुछ बदमाशों ने शटर का ताला तोड़कर उनके स्टूडियो से डेस्क टॉप, एलईडी और दूसरा लाखों का सामान और १० -१२ हजार की नगदी चोरी कर ली। रविंद्र गोस्वामी ने बताया कि डेस्कटॉप कंप्यूटर में कई शादियों का फोटो शूट का डाटा मौजूद था, जिनकी डिलीवरी उसे करनी थी। बताया कि जब उसने स्टूडियो आकर देखा तो ताला तोड़कर भीतर से काफी सामान चुरा लिया गया था।
रविंद्र के अनुसार, जो डेस्कटॉप चोरी हुआ है, उसमें आउटडोर फोटोशूट का भी डाटा मौजूद है। बताया कि मौके से लाखों का सामान चोरी हुआ है, लेकिन उन्होंने जो फोटो शूट किया था उस पर भी काफी खर्च आया हुआ था। पुलिस ने अज्ञात बदमाश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। रविंद्र ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद एक संदिग्ध पर उन्हें शक हुआ है जिसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

