Muzaffarnagar News: राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक अधिकारियों के साथ किया मंथन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) १३ अगस्त को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक संबंधी मामलों को अधिक से अधिक निपटाने के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एडीजे शक्ति सिंह ने बैंक अधिकारियों के साथ मंथन किया। उन्होंने बैंक अधिकारियों से आह्वान किया कि वह लोक अदालत में आने वालों को अधिक से अधिक रियायतें दें।
न्यायालय में अपने विश्राम कक्ष में बैंक अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए एडीजे शक्ति सिंह ने कहा कि उपयुक्त मामलों में जहां तक संभव हो सके, वहां ब्याज आदि पर छूट दी जाये। उन्होंने आम जन की सुविधा के लिए जनपद मुजफ्फरनगर के समस्त शाखा प्रबन्धकों को निर्देशित किया कि १९ जुलाई, २८ जुलाई, २ अगस्त, ६ अगस्त व ११ अगस्त की शाम चार बजे से पांच बजे के मध्य प्री ट्रायल बैठकों के माध्यम से ब्रांच स्तर पर लोक अदालत में अपना प्रकरण लगवाने के इच्छुक व्यक्तियों से संवाद स्थापित किया जाये।
उनके द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि लोक अदालत में सभी बैंकों के स्टॉल जनपद न्यायालय परिसर में लगाये जायेंगे, जिसमें सभी शाखा प्रबन्धक उपस्थित रहेंगे, जिससे एक ही प्रांगण में समस्त बैंक मामलों का निस्तारण हो सकेगा।
उन्होंने बैठक में उपस्थित समस्त बैंक अधिकारियों से आह्वान किया कि लोक अदालत के लिए सभी बैंक अपने स्तर से भी अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण का प्रयास करें। बैठक में एलडीएम बीएस तोमर, बैंकों के प्रबन्धक व जिला कोर्डिनेटर मौजूद रहे।

