Muzaffarnagar News- कानून व्यवस्था के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में लोकसभा एवं विधानसभा उप निर्वाचन २०२२ के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में लोकसभा एवं विधानसभा उप निर्वाचन के संबंध में इटावा, मैनपुरी एवं मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी से उक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में प्रतिभाग किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा विधानसभा उप निर्वाचन खतौली की तैयारियों की समीक्षा कर निर्देशित किया गया की जनपद में कहीं पर भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होने की शिकायत प्राप्त होने पर तुरंत एफ०एस०टी० एवं एस०एस०टी टीम के माध्यम से तत्काल कार्यवाही कराकर निस्तारण कराया जाए। निर्वाचन नियंत्रण कक्ष द्वारा समस्त एसएसटी, एफएसटी टीमों से समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी निगरानी रखी जाए। जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि ना हो पाए।
समस्त मतदान केंद्रों पर बैरिकेटिंग व पुलिस बल की व्यवस्था की जाए। मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाए तथा फर्जी वोट से बचाव हेतु वोटर्स की पहचान उसके आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी देखकर कराई जाए। कंट्रोल रूम को निरंतर संचालित करते हुए समस्त राजनीतिक, सोशल मीडिया एवं कैमेरे के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर निगरानी करते हुए उचित कार्यवाही की जाए। मतदान दिवस से पूर्व पोलिंग पार्टियों तथा सुरक्षा बलों को मतदान स्थल तक पहुंचाने हेतु पहले से ही तैयारी कर ली जाए।
पोलिंग पार्टी एवं सुरक्षाबलों को मतदान केंद्र पर समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं को उपलब्ध कराना सुनिश्चित कराएं । चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने हेतु समस्त कार्यवाही समय से पूर्ण कर ली जाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश द्वारा कहा गया की निर्वाचन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
उक्त बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप निर्वाचन अधिकारी श्री नरेंद्र बहादुर सिंह एवं पुलिस अधीक्षक क्राइम प्रशांत प्रसाद व सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजीव कुमार मौजूद रहे।

