Muzaffarnagar News: मददगार बने केंद्रीय मंत्री, घायल को अस्पताल में भर्ती कराया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से घायल हुए एक व्यक्ति के लिए केन्द्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान मददगार साबित हुए। केन्द्रीय मंत्री ने घायल व्यक्ति को न केवल फस्ट ऐड दिलवाया, बल्कि एम्बुलेंस को बुलाकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। घायल व्यक्ति ने मंत्री का शुक्रिया अदा किया है।
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान देर रात्रि में चरथावल से वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। रास्ते में डा. संजीव बालियान को एक युवक घायल अवस्था में सड़क के किनारे पड़ा हुआ मिला, तो केन्द्रीय मंत्री ने अपनी गाड़ी रूकवा ली और उसे मौके पर ही फस्ट ऐड दिलवाया।
डा. संजीव बालियान ने स्वास्थ्य विभाग की मदद से मौके पर ही एम्बुलेंस को बुलवाया व घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जाता है कि युवक किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से घायल हुआ था और रात्रि होने की वजह से उसे कोई मदद नहीं मिल पा रही थी, ऐसे में केन्द्रीय राज्यमंत्री का काफिला उसके लिए फरिश्ता बनकर आया और उसकी मदद की।
बता दें कि डा. संजीव बालियान द्वारा पूर्व में भी दुर्घटना में घायल लोगों की मदद की जा चुकी है। यदि उनके काफिले के दौरान कोई घायल नजर आता है, तो वह अपनी गाड़ी रूकवाकर उसकी मदद करते हैं। कुछ दिन पूर्व मंसूरपुर थाना क्षेत्र में हुई सडक दुर्घटना में भी मंत्री द्वारा मदद की गई थी।
कालेज में किया वृक्षारोपण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई मंडी मुजफ्फरनगर मे संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत छात्राओं द्वारा वृक्षारोपण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के आचार्या दीप्ति तिवारी द्वारा संपन्न कराया गया, जिसका उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
दीप्ति तिवारी ने इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को बताया कि संचारी रोगों से बचने के लिए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना तथा समाज के लोगों को जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है। छात्राओं द्वारा लेमन तथा तुलसी के पौधों का महत्व बताते हुए अपने घरों में अधिक से अधिक इन पौधों को लगाने के लिए प्रेरित किया ।
इस कार्यक्रम में विद्यालय की बहनों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा गोयल ने सभी छात्राओं को संचारी रोगो से होने वाली बीमारियों से अवगत कराया तथा उनके बचाव के लिए उपाय बताएं।

