Nala Sopara: गिफ्ट देने के लिए प्रेमिका ने अपने ही पड़ोसी के घर में डाला डाका
प्रेमिका ने अपने प्रेमी की चाहत को पूरा करने के लिए अपने ही पड़ोसी के घर डाका डाल दिया. Nala Sopara पूर्व के एवरशाइन सिटी के रश्मी गार्डन निवासी शिकायतकर्ता दिव्या सुरेश पटेल ने 23 नवंबर को अपने घर में रखे करीब 10 लाख रुपए की नकदी और गहने गायब होने की जानकारी अचोले पुलिस को दी थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की थी.
पुलिस को शुरू में परेशानियों का सामना करना पड़ा, क्योंकि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों से उन्हें कोई सुराग हासिल नहीं हो सका था. ऐसे में पुलिस ने शिकायतकर्ता से पूछताछ की कि उनके घर में नकदी और सोने के बारे में किसी और को भी जानकारी थी? तब शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बिल्डिंग में रहने वाली अन्य महिलाओं से अपने घर में रखे सोने को लेकर बात की थी.
इसे एक सुराग के तौर पर देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने बिल्डिंग की प्रत्येक महिला की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी. उन्होंने देखा कि एक 21 वर्षीय महिला ने हाल ही में लाखों रुपये का सामान खरीदा था. पुलिस अधिकारियों ने बताया की जांच में उन्होंने पाया की लड़की की आय के स्रोत में कोई बदलाव नहीं हुआ, इसके बावजूद उन्होंने अपने प्रेमी के लिए महंगे फर्नीचर और 1 लाख रुपये की बाइक खरीदी. ऐसे में पुलिस का शक युवती पर गहरा गया.
पुलिस ने जब युवती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी युवती से करीब साढ़े चार लाख रुपये बरामद किए हैं, जबकि अन्य नगदी उसने सामानों की खरीदी में खर्च कर दिए.

