वैश्विक

नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन, भारत के हेल्थ सेक्टर में नई क्रांति लेकर आएगा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश के नागरिकों के लिए 10 बड़े एलान किए। अपने 86 मिनट के भाषण में पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत, कोरोना संकट, आतंकवाद और विस्तारवाद जैसे मुद्दों पर बोला। 

पीएम मोदी ने हर नागरिक को हेल्थ कार्ड देने वाली नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन जैसी बड़ी योजना के तत्काल प्रभाव से शुरू होने का एलान किया। इसके अलावा, देश में हो रहे डिजिटलीकरण को लेकर उन्होंने नई साइबर सुरक्षा नीति लाने की बात भी कही। 

वहीं, कोरोना संकट से जूझ रहे भारत के लिए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में तीन वैक्सीनों पर काम चल रहा है, इनके तैयार होते ही उत्पादन में तेजी लाई जाएगी। 

प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से सबसे बड़ा एलान नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन को लेकर किया। उन्होंने लोगों को इस हेल्थ मिशन के बारे में बताया।

उन्होंने कहा, आज से देश में एक और बहुत बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। ये है नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन। नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन, भारत के हेल्थ सेक्टर में नई क्रांति लेकर आएगा। 

पीएम मोदी ने कहा, अब हर भारतीय को एक हेल्थ कार्ड दिया जाएगा। आपके हर टेस्ट, हर बीमारी, आपको किस डॉक्टर ने कौन सी दवा दी, कब दी, आपकी रिपोर्ट्स क्या थीं, ये सारी जानकारी इसी एक हेल्थ आईडी में समाहित होगी। 

प्रधानमंत्री मोदी ने देश को बताया, अगले 1000 दिन में लक्षद्वीप को भी सबमरीन ऑप्टिकल फाइबर केबल से जोड़ दिया जाएगा। उन्होंने कहा, हमारे देश में 1300 से ज्यादा द्वीप हैं।

इनमें से कुछ चुनिंदा द्वीपों को, उनकी भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए, देश के विकास में उनके महत्व को ध्यान में रखते हुए, नई विकास योजनाएं शुरू करने पर काम चल रहा है।

गौरतलब है कि हाल ही में अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में भी ऑप्टिकल फाइबर केबल की सुविधा मुहैया कराई गई है। 

पीएम मोदी ने देश के हर गांव में इंटरनेट सुविधा पहुंचाने के लिए उसे ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ने का एलान किया। उन्होंने कहा, साल 2014 से पहले देश की सिर्फ 5 दर्जन पंचायतें ऑप्टिल फाइबर से जुड़ी थीं।

बीते पांच साल में देश में डेढ़ लाख ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा गया है। आने वाले एक हजार दिन में इस लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। आने वाले 1000 दिन में देश के हर गांव को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, देश में नई राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा रणनीति का मसौदा तैयार कर लिया गया है। भारत इस संदर्भ में सचेत है, सतर्क है और इन खतरों का सामना करने के लिए फैसले ले रहा है और नई-नई व्यवस्थाएं भी लगातार विकसित कर रहा है। जल्द ही नई साइबर सिक्योरिटी नीति को पेश किया जाएगा। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना वैक्सीन पर जानकारी देते हुए कहा, आज भारत में कोराना की एक नहीं, दो नहीं, तीन-तीन वैक्सीन इस समय टेस्टिंग के चरण में हैं। जैसे ही वैज्ञानिकों से हरी झंडी मिलेगी, देश की तैयारी उन वैक्सीन की बड़े पैमाने पर उत्पादन की भी है।  

पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के विस्तार का एलान किया।

उन्होंने कहा, अब एनसीसी का विस्तार देश के 173 बॉर्डर और तटीय जिलों तक सुनिश्चित किया जाएगा। इस अभियान के तहत करीब 1 लाख नए एनसीसी कैडेट्स को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें भी करीब एक तिहाई बेटियों को ये स्पेशल ट्रेनिंग दी जाएगी। 

प्रधानमंत्री मोदी ने देश की आजादी के 74वीं वर्षगांठ पर शहरों से प्रदूषण खत्म करने की योजना को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा, देश के 100 चुने हुए शहरों में प्रदूषण कम करने के लिए एक समग्र दृष्टिकोण के साथ एक विशेष अभियान पर भी काम हो रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में बुनियादी ढांचे को लेकर कहा, पूरे देश को मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ने की एक बहुत बड़ी योजना तैयार की गई है।

इस पर देश 100 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अलग-अलग सेक्टर्स के लगभग 7 हजार प्रोजेक्ट्स को चिन्हित भी किया जा चुका है। ये एक तरह से इंफ्रास्ट्रक्चर में एक नई क्रांति की तरह होगा।  

पीएम मोदी ने पड़ोसी देशों के साथ रिश्तों को और अधिक प्रगाढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, हमारे पड़ोसी देशों के साथ, चाहे वो हमसे जमीन से जुड़े हों या समंदर से, अपने संबंधों को हम सुरक्षा, विकास और विश्वास की साझेदारी के साथ जोड़ रहे हैं।

आज पड़ोसी सिर्फ वो ही नहीं हैं जिनसे हमारी भौगोलिक सीमाएं मिलती हैं बल्कि वे भी हैं जिनसे हमारे दिल मिलते हैं। जहां रिश्तों में समरसता होती है, मेल जोल रहता है। 

प्रधानमंत्री ने देश को संबोधित करते हुए भारत में प्रोजेक्ट लॉयन और डॉल्फिन का एलान किया। उन्होंने कहा, अपनी जैव विविधता के संरक्षण और संवर्धन के लिए भारत पूरी तरह संवेदनशील है।

बीते कुछ समय में देश में शेरों की, बाघों की आबादी तेज गति से बढ़ी है! अब देश में हमारे एशियाई शेरों के लिए एक प्रोजेक्ट लॉयन की भी शुरुआत होने जा रही है। इसके अलावा, डॉल्फिन संरक्षण के लिए भी प्रोजेक्ट चलाया जाएगा।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20857 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

17 − four =