मुजफ्फरनगर में बैंक खातों से करोड़ों निकालने वाले भारतीय स्टैट बैंक शाखा प्रबन्धक समेत चार के गैर जमानती वारंट जारी, तलाश में पुलिस ने दी दबिश
मुजफ्फरनगर। ककरौली की भारतीय स्टेट बैंक शाखा से 1.16 करोड़ रुपये निकालने के मामले में प्रबंधक समेत चार के विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी किए गए हैं।
बैंक में धोखाधड़ी व षड्यंत्र रचकर फर्जी हस्ताक्षर के माध्यम से ग्राहकों के खातों से करोड़ों रुपये निकाले गए थे। इस मामले में शाखा प्रबंधक, फील्ड अफसर समेत दो लेखाधिकारी निलंबित है।
इनकी तलाश में कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। जानकारी के अनुसार ककरौली स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में 63 ग्राहकों के खाते से छेड़छाड़ कर अवैध रूप से बाउचर भरकर 1.16 करोड़ रुपये निकाले गए थे। आरोप है कि इस खेल में कैंटीन ब्वाय मनोज कुमार, शाखा प्रबंधक चंद्रमोहन शर्मा, फील्ड आफिसर राकेश शर्मा, कैशियर वीर बहादुर और रवींद्र दयाल ने मिलीभगत कर रुपये का गबन किया है।
घोटाले की जांच नोएडा के सहायक महाप्रबंधक आरपी सिंह और क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश कुमार ने की थी। इसमें 4 जुलाई, 2019 को ककरौली थाने में शाखा प्रबंधक समेत पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था
इसमें कहा गया है कि ग्राहकों के खातों से एक करोड़ 16 लाख रुपये से अधिक की रकम विभिन्न तिथियों में बाउचरों के जरिए षड्यंत्र रचकर निकाली गई।
विवेचक इंस्पेक्टर डा. बीपी सिंह ने बताया कि घोटाले की जांच में अनेक महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। इसके बाद आरोपितों के विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी हो गए हैं।
पुलिस टीम ने प्रबंधक चंद्रमोहन की तलाश में अग्रसेन विहार में व कैशियर वीर बहादुर की तलाश में रतनपुर थाना हीमपुर दीपा व रवींद्र दयाल की तलाश में मेहर अलीपुर थाना नहटौर जिला बिजनौर व फील्ड आफिसर राकेश शर्मा की तलाश में शामली की अग्रसेन कालोनी में दबिश दी है।

