कार को कटवाकर उसके पार्ट्स बेच डाले और पुलिस को चोरी की झूठी सूचना दी-धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। एक व्यक्ति ने अपनी बोलेरो कार को कटवाकर उसके पार्ट्स बेच डाले और पुलिस को बोलेरो चोरी की झूठी सूचना दे दी। जांच में सच्चाई सामने आने पर पुलिस ने आरोपित को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गाड़ी के बाकी पार्ट्स भी बरामद कर लिए।
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवान ने बताया कि चार अगस्त को राजकुमार चंदेल उर्फ राजू पुत्र विनोद कुमार निवासी ग्राम बेहड़ा थाना सिखेड़ा ने अपनी बोलेरो कार नंबर यूके ०४ जी २७८५ पीनना में चरथावल रोड पर शराब के ठेके के पास से चोरी होने के संबंध में सूचना दी थी।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक सतीश शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूछताछ की तो उक्त घटना का होना नहीं पाया गया।
पुलिस ने राजू से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि पिछले चार माह से लॉकडाउन के कारण उसका काम नहीं चल रहा था। गाड़ी को कोई बुकिग भी नहीं मिल रही थी
फाइनेंस कराई गई गाड़ी की किस्त भी रूक गई थी। कर्जा बढ़ता जा रहा था जिस पर उसने दोहरा लाभ कमाने की योजना बनाई और गाड़ी को अपने घर में ही काट दिया और उसके टुकड़े धीरे-धीरे चलते-फिरते कबाड़ियों को बेच दिए।
बाकि पार्घ्ट्स उसने अपने घेर में छिपा दिए। बताया कि उसने चोरी का झूठा मुकदमा इसलिए लिखवाया था कि किश्त न देनी पड़े और इंश्योरेंस का पैसा भी मिल जाए।
पुलिस ने आरोपित के घेर से बोलेरो की एक कमानी, डीजल की टंकी, ब्रेक लीवर आदि सामान बरामद कर धोखाधड़ी के आरोप में उसे गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
