फिल्मी चक्कर

‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’-फैंस ने ट्रोल किया.

आमिर खान और अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी. लेकिन क्रिटिक्स के रिव्यू और फैंस के रिएक्शन्स के बाद फिल्म का बिजनेस में काफी नुकसान हुआ है. पहले दिन 52 करोड़ रुपए की कमाई करने वाली फिल्म ने तीसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर करीब 25 करोड़ की कमाई की है. तीसरे दिन की कमाई के बाद फिल्म ने रिलीज के तीन दिनों में 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है. अगर डे वाइज कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन 52.25 करोड़ रुपए की कमाई थी वहीं दूसरे दिन कमाई में गिरावट दर्ज की गई और फिल्म ने करीब 30.75 करोड़ रुपए की कमाई की. तीसरे दिन भी फिल्म के बिजनेस में गिरावट दर्ज की गई और फिल्म ने कुल 25 करोड़ रुए की कमाई की.फिल्म के बिजनेस में अगर गिरावट की बात करें तो फिल्म में दूसरे दिन 44.33% की गिरावट दर्ज की गई थी तो वहीं तीसरे दिन 19.47% गिरावट दर्ज  की गई. बता दें कि इससे पहले शाहरुथ खान की फिल्म ‘हैप्पी न्यू ईयर ‘ ने सबसे तीन दिनों में 100 करोड़ क्लब में एंट्री पाते हुए मात्र तीन दिनों में 108 करोड़ रुपए की कमाई की थी.

जब किसी फिल्म में सदी के महानायक और मिस्टर परफेक्शनिस्ट पहली बार साथ में काम करते नजर आ रहे हों तो फैंस में उस फिल्म को लेकर दीवानगी होना जायज है. लेकिन इसी के साथ ऐसी किसी फिल्म से फैंस की उम्मीदें भी बढ़ जाती हैं. हर साल दीवाली पर बॉलीवुड के स्टार्स अपने फैंस के लिए कोई न कोई खास फिल्म लेकर हाजिर होते हैं. इस बार सलमान या  शाहरुख नहीं बल्कि दीवाली पर फैंस का दिल ठगने के लिए दो बड़े स्टार्स उतरे हैं. ये स्टार और कोई नहीं बल्कि आमिर खान और अमिताभ बच्चन हैं. बॉलीवुड स्टार आमिर खान का कहना है कि ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ के साथ जो भी हो वह उससे संतुष्ट होंगे क्योंकि उन्हें लगता है कि टीम ने फिल्म में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है और इसमें काम करना मजेदार रहा. ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ इस गुरुवार को रिलीज हुई है.उन्होंने कहा, “हमने बहुत प्यार और प्रयास से फिल्म बनाई है और हमें आशा है कि आपको मजा आएगा.” यह संदेश बुधवार देर रात सोशल मीडिया पर एक लंबे चौड़े पोस्ट का हिस्सा है, जिसमें आमिर ने अभिनेताओं, निर्माताओं, निर्देशक और तकनीकी कर्मचारियों समेत पूरी टीम का आभार जताया.आमिर ने कहा, “यह फिल्म एक ऐसा सफर था, जो मेरे लिए बहुत ही विशेष और यादगार रहा. आप सभी ने बहुत ही बढ़िया काम किया है और मैं इस टीम का हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं.”अभिनेता ने कहा, “हमें कुछ नहीं पता कि फिल्म कितनी सफल साबित होगी, लेकिन फिल्म के भाग्य को अलग रखते हुए मैं इन दो वर्षो के लिए सभी का धन्यवाद देना चाहता हूं. मुझे लगता है कि सभी संतुष्ट होंगे क्योंकि हमने हमारा सर्वश्रेष्ठ दिया है.”

विजय कृष्ण आचार्य द्वारा निर्देशित व यश राज फिल्मस के आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्मित ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ में आमिर पहली बार अमिताभ बच्चन के साथ कार्य कर रहे हैं. फिल्म में कटरीना कैफ के अलावा फातिमा सना शेख भी मुख्य भूमिका में हैं.

 

फैंस से प्रतिक्रिया

आमिर खान भले ही अपनी इस फिल्म को यादगार और खास बता रहे हैं लेकिन उनके फैंस इस बात से जरा कम ही ताल्लुक रखते नजर आ रहे हैं. फिल्म देखने के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया.

फिल्म की कहानी यूं तो ट्रेलर से ही साफ हो जाता है कि ये आजादी से पहले की कहानी कहती है. जिसमें दिखाया गया है कि कैसे अंग्रेजों के शासन में आजादी की जंग और ठगों का बोलबाला हुआ करता था. लेकिन इससे ज्यादा अहम है फिल्म का वो फिरंगी किरदार जो अंत तक कहानी को मरने नहीं देता. और ये किरदार निभा रहे हैं आमिर खान . ये कहा जा सकता है कि आमिर इस फिल्म का एक सेंट्रल कैरेक्टर हैं . लेकिन 75 साल के उम्र दराज हीरो अमिताभ बच्चन किसी भी मुकाबले में उनसे कम नजर नहीं आते.

 

कहानी

फिल्म की कहानी बदले की आग पर आधारित है. जब अंग्रेज भारत पर कब्जा करने आते हैं तो वो किस तरह यहां की रियासतों हमला करते हैं और बेरहमी से राजाओं की उनके ही बच्चों के सामने हत्या कर देते हैं. फिल्म की कहानी शुरू होती है जफीरा (फातिमा सना शेख) के पिता की हत्या से, इस दौरान अंग्रेज जफीरा के सामने ही उसके पिता, भाई और माता की हत्या कर देते हैं. अंग्रेज जफीरा का भी कत्ल करने ही जा रहे होते हैं कि उनकी रियासत का वफादार खुदाबख्श जहाजी (अमिताभ बच्चन ) उसे बचा लेते हैं और खुद ही उसका पालन पोषण करते हैं. इसी दौरान वो उसे एक शानदार योद्धा की तरह अस्त्रों का ज्ञान भी देते हैं. खुदाबख्श अपने राजा की मौत का बदला लेने और अंग्रेजों से अपनी धरती को आजादी दिलवाने के लिए आजाद फौज बना लेते हैं जो अंग्रेजों के ठिकानों पर हमला करते हैं. इसके बाद कहानी में एंट्री होती है फिरंगी मल्लाह (आमिर खान) की. फिरंगी इस फिल्म में एक ऐसा किरदार है जो अंत तक कहानी में अपनी महत्ता नहीं खोता. फिरंगी अपनी फितरत से न सिर्फ धोखेबाज है बल्कि वो एक ठग भी है. जो एक नहीं बल्कि दोनों हाथों में लड्डू लिए घूम रहा है. जहां वो एक तरफ ठगों की मदद करता है चोरी करने में तो दूसरी ओर अंग्रेजों के हाथों उन्हें पकड़वा भी देता है. अंग्रेज किसी भी कीमत पर आजाद यानी अमिताभ बच्चन को पकड़ना चाहते हैं और इसके लिए वो मदद मांगते हैं फिरंगी की. फिरंगी भी उनकी मदद के लिए तैयार हो जाता है और अपनी जालसाजी से वो आजाद और जफीरा का विश्वास भी जीत लेता है. लेकिन जफीरा को उस पर जरा कम विश्वास होता है और इसी के चलते उनके एक मिशन पर खतरा मंडराने लगता है. अंग्रेज आजाद फौज को घेर लेते हैं और इस दौरान फिरंगी, खुदाबख्श की जान बचाने की कोशिश करता है लेकिन वो इसमें नाकामयाब रहता है. खुदाबख्श, जफीरा की जिम्मेदारी फिरंगी को देकर मौत को गले लगा लेता है. कहानी यहां खत्म नहीं होती, अभी फिंरगी अपनी फितरत से बाज नहीं आता और धोखा और विश्वास इस दोनों के बीच अजीब सी जंग चलती रहती है. लेकिन अंत में जीत बुराई पर अच्छाई की ही होती है और धोखे को विश्वास से हार माननी पड़ती है.इसके अलावा फिल्म में सुरैया जान (कैटरीना कैफ) भी अहम रोल में नजर आती है. हालांकि सुरैया फिल्म की सिर्फ कुछ कड़ियों को जोड़ने का ही काम करती नजर आती है.

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twenty + fourteen =