कथित रूप से यौन शोषण का शिकार हुई एक नाबालिग सहित सात महिला पहलवानों को पुलिस शिकायत वापस लेने के लिए मजबूर किया जा रहा- Bajrang Punia
Bajrang Punia ने मंगलवार को दावा किया कि भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह द्वारा कथित रूप से यौन शोषण का शिकार हुई एक नाबालिग सहित सात महिला पहलवानों को पुलिस शिकायत वापस लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है. पुनिया ने दिल्ली के जंतर मंतर में एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि डब्ल्यूएफआई के कुछ लोगों ने शिकायतकर्ताओं से संपर्क किया और उन्हें पैसे की पेशकश भी की. ओलंपिक पदक विजेता पुनिया ने कहा कि मुझे नहीं पता कि यह कैसे हुआ लेकिन जिन लड़कियों ने शिकायत की है उन पर दबाव डाला जा रहा है.
Bajrang Puniaने आगे कहा कि डब्ल्यूएफआई के कुछ अधिकारी शिकायत करने वाली पहलवानों के घर जा रहे हैं और पैसे की पेशकश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर उन लड़कियों के साथ कुछ होता है, तो पुलिस और सरकार जिम्मेदार होगी. मुझे नहीं पता कि उनके नामों का खुलासा कैसे हुआ. कई राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता पहलवान जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि सरकार सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच करने वाले निरीक्षण पैनल के रिपोर्ट को सार्वजनिक करे.
प्रदर्शनकारी पहलवानों ने सोमवार को चेतावनी दी थी कि अगर डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी तो वे शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटायेंगे. विभिन्न अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में देश के लिए पदक जीतने वाले शीर्ष पहलवानों ने कहा था कि उनका डब्ल्यूएफआई चुनावों से कोई लेना-देना नहीं है और सिंह पर महिला एथलीटों के यौन उत्पीड़न के आरोपों की उचित जांच के लिए दबाव बनाना जारी रखेंगे.
मंगलवार को सात महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं किये जाने की शिकायत सुप्रीम कोर्ट में की है. कोर्ट ने इन आरोपों को गंभीर बताया और दिल्ली सरकार और अन्य को नोटिस जारी किया है.

