ग्रेन चैम्बर पब्लिक स्कूल में सुभाष चन्द्र बोस जयंती मनाई गई
ग्रेन चैम्बर पब्लिक स्कूल में सुभाष चन्द्र बोस जी की 125 वी जयंती पराक्रम दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई | कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के साथ हुआ |
इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य आजाद वीर व कोर्डिनेटर आशीष कुमार त्यागी ने नेताजी सुभाषचन्द्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण कर अपने श्रध्दा सुमन अर्पित किये और सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को नेताजी के जन्मदिन पर शुभकामनाँए दी |
तत्पश्चात कक्षा 11 की छात्रा मनसा शर्मा व कक्षा 9 की छात्रा परख ने सुभाष चन्द्र बोस जी का परिचय देते हुए उनके सम्पूर्ण जीवन पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला |
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री आजाद वीर ने सुभाष चन्द्र बोस जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को बताया कि नेताजी का प्रसिद्ध नारा ‘तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ यह केवल एक नारा ही नही था
बल्कि इस नारे ने भारत में राष्ट्रभक्ति का ऐसा जोश पैदा किया, जो भारत की स्वतंत्रता प्राप्ति का आधार बना | भारत को ही नहीं बल्कि समस्त भूमंडल को अपनी चतुराई, प्रतिभा एवं संगठन शक्ति से प्रभावित करने वाले नेताजी सुभाष चन्द्र बोस वह नाम है
जो शहीद देशभक्तों के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा हुआ है | करोड़ों युवाओं के प्रेरणा स्रोत, आजाद हिन्द फौज के नायक नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती आज पूरा देश पराक्रम दिवस के रुप में मना रहा है |
जिस प्रकार नेताजी अपने मन में उच्च विचार रखते हुए अपने लक्ष्य पर पहुंचकर ही दम लेते थे उसी प्रकार हमें भी अपने लक्ष्य को निर्धारित कर निरन्तर प्रयत्नशील रहकर समाज एवं राष्ट्र हित में अपनी एक पहचान स्थापित करनी चाहिए |
स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए नेता जी का संघर्ष एवं योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता है | कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ | कार्यक्रम का संचालन हर्षिता मिश्रा ने किया

