Tamil Nadu: पटाखा फैक्टरी में जोरदार धमाका, 8 लोगों की मौत
Tamil Nadu कृष्णागिरि जिले में स्थित एक पटाखा फैक्टरी में हुए धमाके से तीन महिलाओं सहित आठ लोगों की शनिवार को मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं. पुलिस को अभी तक विस्फोट के कारण का पता नहीं चल पाया है.
शनिवार सुबह हुआ यह धमाका इतना तेज था कि पास स्थित एक होटल की इमारत भी ढह गई, वहीं चार अन्य इमारतें आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे कई लोग फंस गए. पुलिस ने बताया कि अब तक गंभीर रूप से घायल 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियां और बचाव दल आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों को बचाने में घंटों तक जुटे रहे. खबर लिखे जाने तक बचावकर्मी मलबे में फंसे लोगों की कुल संख्या का पता नहीं लगा सके हैं.
#WATCH | Few people feared dead in explosion in firecrackers factory in Krishnagiri district of Tamil Nadu; further details awaited pic.twitter.com/cOImAJy35y
— ANI (@ANI) July 29, 2023
कृष्णागिरी के पुलिस अधीक्षक सरोज कुमार ठाकोर ने कहा कि पझायापेट्टई इलाके में रवि नाम के व्यक्ति की पटाखा फैक्ट्री के अंदर विस्फोट हुआ. ठाकोर ने कहा, ‘कम से कम सात लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है और कुछ अन्य घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया है.’
ठाकोर ने बाद में कहा कि इस हादले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि घायलों और बचाए गए लोगों को इलाज के लिए कृष्णागिरी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है. वहीं जिला कलेक्टर ने कहा कि विस्फोट के प्रभाव से एक होटल की इमारत पूरी तरह से ढह गई .

