उत्तर प्रदेश

हत्या कर युवक का शव खेत में फेंका, कनपटी के पास सिर में गोली मारी गई

सिंदुरिया निवासी एक युवक की शुक्रवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली कनपटी के पास तमंचा सटाकर मारी गई। उसके बाद शव गांव के मुख्य मार्ग स्थित वर्दिया तिराहे के पास खेत में फेंक दिया गया। सुबह जब लोगों की नजर खेत की तरफ गई तो लाश पड़ी देख अवाक रह गए। नजदीक जाकर देखा तो गोली मारी गई थी।

खबर मिलते ही पहुंची पुलिस ने लोगों से जरूरी जानकारी जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर, एसपी अमरेंद्र प्रताप सिंह ने पहुंचकर मौके का जायजा लिया। परिवार के लोगों और वहां मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर हत्या के संबंध में जरूरी जानकारी हासिल की। एसपी की तरफ से टीम गठित कर चोपन पुलिस के साथ ही मातहतों को जल्द खुलासे के निर्देश दिए गए हैं।

चोपन थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव निवासी सुरेंद्र पांडेय (46) पुत्र स्व. संखू पांडेय एक सामान्य किसान थे। उनकी शादी मऊ निवासी तथा चोपन में रेलवे की नौकरी करने वाले व्यक्ति की पुत्री शिवकुमारी से हुई थी। लगभग 10 साल से दोनों के बीच विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई है। विवाह के बाद से सुरेंद्र सिंदुरिया गांव में स्थित पुश्तैनी मकान में अकेले रहते थे।

जबकि पत्नी शिवकुमारी उनके दो बच्चों के साथ चोपन बैरियर स्थित उनके मकान में रह रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार की शाम तक वह गांव में देखे गए। वही उनके पुश्तैनी मकान में किराए पर रह रहे छात्रों ने पुलिस को बताया कि रात आठ बजे के करीब उनसे दो लोग मिलने आए थे। दोनों के जाने के बाद सुरेंद्र के मोबाइल पर किसी का फोन आया।

इसके बाद दो घंटे में लौट कर आने की बात कहते हुए बाइक लेकर घर से चले गए। इसके बाद फिर घर वापस नहीं आए शनिवार की सुबह 7:30 बजे के करीब कुछ ग्रामीण चोपन-सिंदुरिया मार्ग से बर्दिया की तरफ मुड़ने वाले रास्ते के पास पहुंचे तो देखा कि कुछ दूरी पर खेत में सुरेंद्र का शव फेंके हाल में पड़ा हुआ था।

नजदीक जाकर देखा तो उनके कनपटी के पास सिर में गोली मारी गई थी। नाक से खून निकल रहा था। इसकी खबर मिलते ही सिंदुरिया के साथ, चोपन बाजार और आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मौके का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। पत्नी से विवाद के अलावा मृतक के अन्य किसी से रंजिश तो नहीं थी इसको लेकर पुलिस जानकारी जुटाने में लगी रही।

उधर, जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस कप्तान अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम से स्थितियां जंचवाई गई। परिवार के लोग, ग्रामीणों और शव को सबसे पहले देखने वाले लोगों से पूछताछ कर जरूरी जानकारी ली गई। शुक्रवार की शाम वह किन लोगों के साथ देखे गए थे और उसके बाद वह कहां चले गए?

मौके पर जो भी साक्ष्य मिले हैं उसे परीक्षण के लिए एकत्रित कर लिया गया है। अभी तक की जांच में पारिवारिक विवाद के अलावा उनसे जुड़ा कोई अन्य मामला सामने नहीं आया है। सुरेंद्र गांव में अकेले रहते थे।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

three + 8 =