न्याय की गुहार लगा रही थी महिला: दरोगा हाथ में सिगरेट ले उड़ा रहे थे छल्ले
बुलंदशहर कोतवाली देहात की भूड़ पुलिस चौकी पर दरोगा अखिलेश पाठक चौकी प्रभारी के रूप में तैनात हैं। गत दिवस पुलिस चौकी पर महिला फरियादी चौकी प्रभारी से मिली और फरियाद कर न्याय की गुहार लगा रही थी। लेकिन चौकी प्रभारी अखिलेश पाठक हाथ में सिगरेट ले छल्ले उड़ा रहे थे। और महिला फरियादी से अपशब्द का प्रयोग कर रहे थे। जिसका वीडियो बनाकर पीड़िता ने वायरल कर दिया।
बता दें कि बुलंदशहर में योगी सरकार के एसएसपी संतोष कुमार सिंह भले ही पुलिसकर्मियों को अपना आचरण मधुर बनाने एवं फरियादियों से मधुरता से पेश आने के कितना ही पाठ पढ़ा चुके हैं। मगर कुछ पुलिसकर्मियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। और जिसके चलते एसएसपी को पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करनी पड़ रही है।
#Watch #Bulandshahr न्याय मांगने गयी महिला से अभद्रता करने पर दरोगा लाइन हाजिर, सिगरेट पीते वीडियो वायरल #Viralvideo pic.twitter.com/SKP20Xxiux
— News & Features Network (@mzn_news) August 7, 2021
ताजा मामला बुलंदशहर कोतवाली देहात की भूड़ पुलिस चौकी प्रभारी का वीडियो वायरल होने के बाद सामने आया है। वायरल वीडियो में एक महिला फरियादी से अपने कार्यालय में बैठकर सिगरेट पीते हुए अभद्र व्यवहार करने पर एसएसपी ने चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने चौकी प्रभारी अखिलेश पाठक को लाइन हाजिर कर दिया।एसएसपी ने बताया कि अखिलेश पाठक का पुलिस की मर्यादा और दायित्व के विरुद्ध आचरण पाए जाने पर लाइन हाजिर कर दिया गया है।
