मुस्लिम धर्मगुरु के जनाजे में हजारों की भीड़, उड़ी लॉकडाउन की धज्जियां, कई लोगों पर मुकदमा
कोरोना संक्रमण के चलते सरकार मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग की लोगों से गुहार लगा-लगा कर थक गई, लेकिन कुछ लोगों पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ रहा है और उन्होंने कोरोना गाइडलाइंस न मानने का ठान रखा है।
उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक मुस्लिम धर्मगुरु के जनाजे की चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में भीड़ कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रही है। जनाजे में हजारों की भीड़ जमा हुई।
जनाजे में जमा हुईं भीड़ की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी तेजी वायरल भी हो रही हैं। सोशल मीडिया पर लोग जनाजे में शामिल लोगों को कोस रहे हैं और प्रशासन पर सवाल खड़े कर रहे हैं कि कैसे इतनी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को कोई खबर नहीं हुई।
बदायूं मे सम्प्रदाय विशेष के धर्मगुरु के देहांत के पश्चात उनकी शवयात्रा मे काफी लोगों के एकत्रित होने के संदर्भ मे सुसंगत धाराओं मे थाना कोतवाली पर अभियोग पंजीकृत किया गया। SSP #budaunpolice द्वारा दी गयी बाइट। @Uppolice @adgzonebareilly @igrangebareilly pic.twitter.com/hhWsfi6fF4
— Budaun Police (@budaunpolice) May 10, 2021
दरअसल हजरत अब्दुल हमीद मोहम्मद सालिमुल कादरी का रविवार को निधन हो गया था। जैसे ही लोगों को उनकी मौत की जानकारी हुई। वैसे ही इलाके में मातम पसर गया और लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए दूर दूर से बदायूं जुटने लगे। दोपहर तक उनके जनाजे में हजारों लोग इकट्ठा हो गए।
एसएसपी बदायूं संकल्प शर्मा का कहना है कि कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 188, 269, 270 और महामारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
