छेड़खानी से क्षुब्ध छात्रा ने आग लगाकर किया आत्मदाह का प्रयास
भरुआसुमेरपुर थानाक्षेत्र के पारा रैपुरा गांव में छेड़खानी से परेशान छात्रा ने आग लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे गंभीर हालात में सदर अस्पताल लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर छात्रा को कानपुर रेफर कर दिया गया है। पीड़िता ने मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान दर्ज कराए हैं।
पारा रैपुरा गांव निवासी 14 वर्षीय बेटी कस्बे के सरकारी स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। उसने आरोप लगाया है कि गांव निवासी एक किशोर उसके साथ आए दिन छेड़खानी करता है। जब वह विरोध करती है तो वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देता है।
यह बात छात्रा ने अपनी मां को बताई। मां ने घटना से पुलिस को अवगत कराया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे क्षुब्ध छात्रा ने मंगलवार सुबह करीब 8 बजे घर में मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली।
जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल लाया गया। जहां छात्रा की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया।

