अमेरिका दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने के लिए मध्यस्थता करना चाहता है-ट्रंप
लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर बढ़ रहे सैन्य तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मामले के हल के लिए मध्यस्थ बनने की पेशकश की है। ट्रंप ने एक ट्वीट में कहा, ‘हमने चीन और भारत दोनों से कहा है कि अमेरिका दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव को कम करने के लिए मध्यस्थता करना चाहता है और इसके लिए तैयार है।’
We have informed both India and China that the United States is ready, willing and able to mediate or arbitrate their now raging border dispute. Thank you!
— Donald J. Trump (@realDonaldTrump) May 27, 2020
लद्दाख में चीन के साथ सटी भारतीय सीमा पर तनाव जारी है। दोनों पक्षों ने यहां जवानों की तैनाती बढ़ा दी है। इस विवाद को लेकर चीन के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि भारतीय सीमा पर हालात कुल मिलाकर स्थिर और नियंत्रण में हैं।
बयान में यह भी कहा गया है कि दोनों देशों के पास बातचीत और विचार-विमर्श करके मुद्दों को हल करने के लिए उचित तंत्र और संचार माध्यम हैं।
बातचीत के जरिए तनाव को कम करने की कोशिशों के बावजूद पैंगोंग त्सो और गलवां घाटी में भारत-चीनी सैनिकों के बीच तनाव कम होने के संकेत नजर नहीं आ रहे हैं। दोनों पक्ष विवाद को सुलझाने की कोशिश में जुटे हुए हैं
लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला है। दोनों सेनाएं पैंगोंग त्सो, गलवां घाटी और डेमचोक के विवादित क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति बढ़ा रही हैं।
यह विवाद इतना बढ़ चुका है कि एक ओर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रक्षा अधिकारियों के साथ इसे लेकर बैठक की थी तो दूसरी ओर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपनी सेना को युद्ध की तैयारियां तेज करने का निर्देश दे दिया था।

