समाचार
सघन चैकिंग व तलाशी अभियान चलाया
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने विभिन्न स्थानो पर सघन चैकिंग/तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने इस दौरान कई वाहनो के चालान काटे तथा कुछ वाहनो को सीज किया। पुलिस की इस कार्यवाही से वाहन चालको खासतौर पर दुपहिया वाहन चालको मे हडकम्प मचा रहा।
एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के चलते पुलिस ने नगर के विभिन्न चौेेराहो तथा मार्गो पर वाहन चैकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने इस दौरान कई वाहनो को रोककर उक्त वाहनो की तलाशी ली तथा कई वाहनो के चालान काटे। पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही से वाहन चालको विशेष रूप से दुपहिया वाहन चालको मे हडकम्प मचा रहा। बताया जाता है कि पुलिस ने इस दौरान कुछ वाहनो चालान भी काटे।
मुजफ्फरनगर में 10 नए कोरोना केस आये सामने, कुल संख्या हुई 35
मुजफ्फरनगर। एक बार फिर 10 ओर कोरोना मरीज मिलने से हडकंप मच गया है। सभी मरीज तमिलनाडू से आए प्रवासी मजदूर है। जनपद में अब कोरोना मरीजों की संख्या बढकर ३५ हो गई लेकिन आज एक महिला की मौत के बाद संख्या अब 34 हो गयी है। हालांकि आज मिले कोरोना मरीज उसी क्वारंटाईन सेंटर से मिले हैं जहां से रविवार को ५ कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए थे।
जनपद में आज कोरोना के १० नए मरीज सामने आने से हडकंप मच गया है। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने बताया कि सभी कोरोना मरीज प्रवासी मजदूर है जो कि तमिलनाडू से आए थे और उन्हें ककरौली स्थित किसान इंटर कॉलेज में क्वारंटाईन किया गया था। सभी मरीजों को बेगरजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जा रहा है। जनपद में अब कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 34 हो गई है। आज प्रशासन को ८८ कोरोना टेस्ट सैंपल रिपोर्ट प्राप्त होने की सूचना है, जिनमें से ७८ रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं जबकि १० पॉजिटिव।
ककरौली के जिस किसान इंटर कॉलेज में क्वारंटाइन चल रहे १० मजदूर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं वहीं से रविवार को पांच मजदूरों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। प्रवासी मजदूरों को उनके घरों में पहुंचाने के बाद मुजफ्फरनगर के मजदूर भी अपने-अपने घरों में पहुंच चुके हैं, जिनको पुलिस की मदद से लगातार क्वारंटाइन किया गया। इसी कड़ी में कवाल निवासी पांच मजदूर तमिलनाडू से लौटने के बाद ककरौली थाना क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज में क्वारंटाइन किए गए थे। पांचों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। रविवार को पांचों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से ककरौली क्षेत्र सहित जनपद के स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया था। आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग की टीम को ककरौली भेजा गया और पांचों मरीजों को क्वारंटाइन केंद्र से निकालकर मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट किया गया। आज कोरोना पॉजिटिव पाए गए १० मजदूरों में से भी अधिकतर कवाल के ही निवासी बताए गए हैं।
मुजफ्फरनगर में कोरोना से हुई पहली मौत
मुजफ्फरनगर। कोरोना महामारी के चलते पिछले दिनों आई रामपुरम निवासी महिला की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट के बाद आज महिला ने अंतिम सांस ली।
८३ वर्षीय ये महिला विकास भवन के एक बाबू की माता जी थी और बीमार चल रही थी, उनका डायलेसिस होता था और उन्हें मेरठ मैडिकल में भर्ती कराया गया था। इस बीच पूरे विकास भवन को गत दिवस सेनिटाइज किया गया।
होटल व रैस्टोरेन्ट खोलने की मांग
मुजफ्फरनगर। होटल व रैस्टोरेन्ट खोलने के सम्बन्ध मे मुख्यमंत्री को सम्बोधित एक पत्र मुख्यमंत्री को भेजा। संयुक्त व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष रेवती नन्दन सिंघल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम भेजे गए पत्र मे अवगत कराया कि जब सरकार बजुत सारी सेवाओं को पुनः शुरू करने की अनुमति प्रदान कर रही है। तो सरकार को होटल व रैस्टोरेन्ट खुलवाने के सम्बन्ध मे भी गम्भीरता से विचार करना चाहिए। ज्ञापन मे बताया गया कि होटल व रैस्टोरेन्ट का व्यवसाय पहले से ही 40 से 45 प्रतिशत होता है। यानि किसी होटल मे 20 कमरे हों तो 9 से 10 कमरे चढने का हिसाब आता है ऐसे ही रैस्टोरेन्ट मे भी वह 40 सीटर हो तो उसमें भी करीब 15 से 20 सीट का ही व्यवसाय होता है।
जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी ने विभिन्न स्थानो का भ्रमण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मनरेगा के अर्न्तगत किये जा रहे कार्यो का भी स्थलीय निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियो को निर्देशित किया।
डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने आज दोपहर छपार क्षेत्र के गांव बढेडी पहुंच कर वहां मनरेगा के अर्न्तगत चल रहे कार्यो तालाब की खुदाई/जीर्णोद्धार कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने इस दौरान तालाब के जीर्णोद्धार के विषय मे विस्तृत जानकारी ली तथा मौके पर मौजूद अधिकारियो को निर्देशित किया। तालाब के निरीक्षण के पश्चता गांव बढेडी स्थित स्वयं सहायता समूह केन्द्र पहुंची जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह पर तैयार किए जा रहे मास्क आदि के विषय मे जानकारी ली। गांव बढेडी के निरीक्षण से लौटते वक्त रामपुर तिराहा के समीप गुरू बिरजानन्द इण्टर कॉलेज पहुंची जिलाधिकारी ने वहां की व्यवस्थाओ के सम्बन्ध मे जानकारी लेते हुए निर्देशित किया।
रेलमंत्री का पुतला दहन किया
मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड़ स्थित शिवसेना जिला कार्यालय पर जिला प्रमुख बिट्टू सिखेड़ा के नेतृत्व में शिवसेना कार्यकर्ताओं द्वारा रेलमंत्री का पुतला दहन किया।
जिला प्रमुख बिट्टू सिखेड़ा ने बताया कि रेल मंत्रालय की लापरवाही व अव्यवस्था के कारण लॉकडाउन मे संचालित होने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन अपने गंतव्य स्थान पर ना पहुंचकर दूसरे राज्य पहुंच रही जो ट्रेन २४ घंटे में सफर तय करती थी वे अब काफी देरी से पहुंच रही है।
इस दौरान युवा जिला प्रमुख विशाल ड़हारिया, आई.टी.सेना प्रमुख गौरव सिंह आजाद, नगर प्रमुख बंटी शर्मा, तेजपाल राणा, रितिक भट्ट आदि उपस्थित रहे ।
पुलिस ने लुटेरे को तमंचे सहित दबौचा
मुजफ्फरनगर। गांव करहेड़ा मार्ग पर घटना की फिराक में खड़े युवक को तमंचे समेत गिरफ्तार कर पुलिस ने कस्बा मोरना में ढाई माह पहले हुई लूटपाट का राजफाश कर दिया। आरोपित की निशानदेही पर लूट का सामान भी बरामद किया।
प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि उपनिरीक्षक लेखराज सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर करहेड़ा मार्ग पर घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े युवक अहमद निवासी मोरना को तमंचे समेत दबोच लिया। पुलिस ने थाने ले जाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि गांव के ही पंकज व दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उन्होंने बीते छह मार्च को गांव में आशीष अग्रवाल के घर में घुसकर उसकी मां उषा देवी को चाकू से लहूलुहान कर पत्नी प्रीति व बच्चों को कमरे में बंद कर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात लूटे थे। पुलिस ने अहमद की निशानदेही पर लूट का माल एक अंगूठी, दो जोड़ी पायल बरामद की है। दूसरा आरोपित पंकज थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है और पहले भी लूट व जानलेवा हमले के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने उसकी तलाश में घर पर छापेमारी की तो वह घर से फरार मिला। पुलिस ने आरोपित अहमद को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पेंटिग पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन के चलते बुधवार को कोरोना वायरस से बचाव विषय पर आयोजित आनलाइन वाट्सएप पर पेंटिग पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें शुभम की पेटिंग प्रथम तथा शगुफ्ता व प्रीति की द्वितीय स्थान पर रही।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संस्थापक बाबू बालेश्वर लाल जी की ३२वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को लॉकडाउन के चलते च्कोरोना वायरस से बचावज् विषय पर आयोजित आनलाइन वाट्सएप पर पेंटिग पोस्टर प्रतियोगिता में जिले भर से ८८ युवक-युवतियों ने अपनी पेंटिग भेजी। एमजी वर्ल्ड विजन की आर्ट एंड क्राफ्ट विशेषज्ञ शिवानी सिंह, जीडी गोयंका की आर्ट एंड क्राफ्ट शिक्षिका सारिका गोयल व जीसी पब्लिक स्कूल की आर्ट टीचर मनीषा गर्ग ने निर्णायक मंडल के रुप में सभी पेटिंग का मूल्यांकन किया। जिसमें शुभम बालियान अवध बिहार प्रथम, शगुफ्ता गांव सरवट व प्रीति गांव अलमासपुर द्वितीय, मानसी गांव लिसाढ़ तृतीय , रागिनी मित्तल पटेलनगर चौथे व सिमरन गांव कूकडा पांचवे स्थान पर रही है जबकि निशु चौधरी गांधी कालोनी, नेहा कस्बा शाहपुर, माहिनूर गांव कूकडा, आरूषि ब्रहृमपुरी, मुस्कान गांव कूकड़ा, ईशा सिंगवाल शिक्षक कालोनी की पेटिंग सांत्वना के रूप में चुना गया। कार्यक्रम संयोजक जिलाध्यक्ष रोहिताश कुमार वर्मा ने बताया कि सभी विजयी प्रतिभागियों को आनलाइन वाट्सएप पर सम्मान पत्र भेजे जाएगे। प्रतियोगिता के आयोजन में शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डा. हरपाल सिंह पंवार, डा. अनुज कुमार, डा. संजीव कुमार, सूरज कुमार आदि ने मुख्य भूमिका निभाई।
मंत्रोच्चारण के साथ नलकूप रिबोरिंग का शुभारम्भ
मुजफ्फरनगर। मुसीबत के दौर में आगे बढ़ना भी जरूरी है , कोरोना की जंग को ,जीतना भी जरूरी है, अथक प्रयास हैं हम,जनता के हितों को ऊंचाई दें, संकट के दौर में नाला सफाई, जलापूर्ति और पथ प्रकाश भी जरूरी है यह पंक्तियां श्रीमती अंजू अग्रवाल पालिका अध्यक्ष के द्वारा आज गांधीनगर पार्क वार्ड संख्या १९ में अंकन १७ः५० लाख रुपए की लागत से होने वाले नलकूप रिबोरिंग के शुभारंभ अवसर पर कही गई। पालिका अध्यक्ष के द्वारा क्षेत्रीय माननीय सभासद प्रियांशु जैन के साथ नलकूप रिबोरिंग का मंत्रोच्चारण के साथ मशीन के माध्यम से कार्य प्रारंभ कराया गया। इस नलकूप के शीघ्र रिबोरिंग कार्य पूर्ण होने से पूरे गांधीनगर मोहल्ले के साथ-साथ नई मंडी क्षेत्र में सम्मानित जनता को समुचित जलापूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी तथा महत्वपूर्ण जल संकट समस्या का निदान हो सकेगा। पालिका अध्यक्ष द्वारा कहा गया कि यह नलकूप ५६० फीट गहराई के साथ साथ इसका रिबोर १२ इंच गोलाई का होगा। इस अवसर पर विनय कुमार मणि त्रिपाठी अधिशासी अधिकारी, शरद गुप्ता प्रभारी जलकल अभियंता, श्री विकास कुमार लिपिक गोपाल त्यागी स्टेनो अध्यक्ष, एसके बिट्टू संबंधित ठेकेदार अर्जुन सिंह आदि उपस्थित रहे। बाद में पालिका अध्यक्ष द्वारा ईदगाह से शामली रोड की हो रही नाला सफाई का डॉ रविंद्र सिंह राठी नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं उमाकांत शर्मा सेनेटरी इंस्पेक्टर के साथ निरीक्षण किया गया तथा कार्य पर पालिका अध्यक्ष द्वारा संतोष प्रकट किया गया एवं निर्देशित किया गया कि कि साफ किए गए नाले और नालियों में एंटी लारवा दवाई का स्प्रे प्राथमिकता के आधार पर करें जिससे मच्छरों के प्रजनन की रोकथाम हो सके।
गरीब लोगों को बिस्कुट और कोल्ड ड्रिक्स की बोतल बांटी
मुजफ्फरनगर। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष अभिजीत पराशर ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ साईं धाम पर पहुंचकर झुग्गी झोपड़ी नेरवा रहा है गरीब लोगों को बिस्कुट और कोल्ड ड्रिक्स की बोतल बांटी। सभी संगठन के लोग गरीब लोगों की सेवा में कुछ ना कुछ अपना योगदान कर रहे हैं उसे उपलक्ष में आज प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने भी गरीब लोगों की सेवा भाव के चलते साईं धाम पर गरीब लोगों को बिस्कुट और कोल्ड ड्रिक्स बाटी आगे भी पार्टी के कार्यकर्ता गरीब असहाय लोगों की मदद करते रहेंगे इस दौरान रजनीकांत शर्मा अरुण कुमार अमित चौरसिया कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।
श्री गुरु अर्जुन देव की शहादत को याद किया
मुजफ्फरनगर। वाहेगुरु जी का खालसा वाहेगुरु जी की फतेह को शहीदों के सिरताज शांति के पुंज धन धन श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज का शहीदी पर्व के उपलक्ष में श्री गुरु सिंह सभा रजिस्टर्ड मुजफ्फरनगर द्वारा परसों रोज से रखे हुए श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति प्रातः ७ः०० बजे गुरुद्वारा साहिब में की गई समाप्ति के उपरांत गुरबाणी कीर्तन व गुरबाणी विचार की गई जिसमें की लोक डाउन का पालन करते हुए संगतो के आने पर प्रशासन व गुरुद्वारा कमेटी द्वारा रोक लगा रखी है इसके चलते सभी ने अपने अपने घरों में पाठ करके श्री गुरु अर्जुन देव जी की शहादत को याद किया इसके पश्चात रोजाना की भांति आज भी विशेष लंगर का प्रबंध श्री गुरु सिंह सभा रजिस्टर्ड मुजफ्फरनगर द्वारा किया गया जिसमें की दाल ,रोटी, सब्जी सभी चीज की व्यवस्था पैकिंग द्वारा तैयार की गई स्त्री सत्संग जत्थे थे की तरफ से विशेष सेवा प्रशादे बनाने की गुरुद्वारा प्रांगण में की गई व लंगर बनाने में मुख्य रूप से सरदार अमरजीत सिंह सिडाना प्रधान श्री गुरु सिंह सभा ,सरदार धनप्रीत सिंह चन्नी बेदी सेक्रेटरी श्री गुरु सिंह सभा ,सरदार अवतार सिंह ,सरदार गुरप्रीत सिंह पुरी, सरदार जसप्रीत सिंह, सरदार जितेंद्र पाल सिंह, सरदार गोपाल सिंह, सरदार प्रभु दयाल सिंह द्वारा लंगर तैयार करके ज्ञानी हरजीत सिंह द्वारा अरदास करके लंगर सरदार बलजीत सिंह जिला कार्यक्रम अधिकारी को सौंपा गया जो कि उनके द्वारा जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया गया वह गुरुद्वारा साहिब के बाहर ठंडी मीठी छबील का भी आयोजन किया गया जो कि आने जाने वाले राहगीरों ने छबील पीकर गर्मी से निजात पाई।
गर्मी में ज्यादा से ज्यादा पानी पीयेः सीएमओ
मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 प्रवीण चौपड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि इस समय भीषण गर्मी पड रही है जो कि आने वाले समय में और भी बढ सकती है, जिसके लिए नागरिक भीषण गर्मी और कोविड-19 से बचाव के लिए निम्नलिखित सावधानियां अपनाकर अपने को सुरक्षित करें।
क्या करें-नागरिक घर पर रहे तथा स्थानीय मौसम और कोविड-19 के संबंध में सही जानकारी के लिए रेडियों, टी0वी0 और समाचार पत्रों के माध्यम से शासन द्वारा समय-समय पर जारी की गई जानकारियां लेते रहें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पीयें यदि प्यास भी नही लग रही हो तो भी पानी पीते रहे, ऐसे मरीज जो ह्रदय रोग, किडनी या लिवर आदि से संबंधित बीमारियों से ग्रसित हो तथा उन्हे तरल पदार्थो की अधिक सेवन करना मना हो तो वे चिकित्सकीय परामर्ष लेकर ही तरल पदार्थो का अधिक सेवन करें।
अपने शरीर की नमी को बनायें रखने के लिए ओ0आर0एस0 और घर पर बने तरल पदार्थो जैसे-लस्सी, चावल का पानी, नीबू पानी एवं छाछ आदि का प्रयोग करते रहे।
हल्के रंग के, ढीले और सूती कपडो को पहनने में प्रयोग करें।
बाहर जाने से बचें, यदि बाहर जाना आवश्यक हो तो सिर और चेहरे को सूती कपडे, टोपी, छाता आदि से ढककर निकलें, और जितना भी हो सकें घर से बाहर किसी वस्तु या सतह को न छुयें।
कम से कम 1 मीटर की सामाजिक दूरी बनाकर रहें।
हाथों को लगातार थोडे-थोडे समय पर साबुन और पानी से धोते रहे और सेनीटाईजर का प्रयोग करें।
घर के सभी सदस्य अलग अलग तौलिये का प्रयोग करें और उन्हे समय से धोते भी रहे।
अन्य सावधानियां-जितना हो सके छायादार स्थानों पर रहे।
अपने घरों को ठण्डा बनाये रखे तथा धूप से बचाव के लिए पर्दे एवं सनसेड का प्रयोग करें, तथा निचली मंजिलों पर रहे जिससे तपिष से बचा जा सकें।
गर्मी से बचने के लिए पंखों का इस्तेमाल करें और ठण्डे पानी से नहाते रहें।
अगर आप अपने को बीमार महसूस कर रहे हो या आपको तेज बुखार, धडकन तेज होना, तेज सिर दर्द, चक्कर आना, जी मिचलाना, लगातार खांसी होना, स्थिति भ्रान्ति होना, सांस लेने में दिक्कत होना आदि लक्षण हो तो षीघ्र ही चिकित्सकीय परामर्ष लें।
जानवरों को छाया मे रखें और उन्हे पीने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी देते रहें।
क्या ना करें-लॉकडाउन की अवधि में घर से बाहर ना निकले, अगर जाना आवष्यक हो तो सुबह या षाम को घर से निकले, दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से नही निकले।
नंगे पैर, चेहरे और सिर को ढके बिना घर से नही निकले।
दोपहर में अधिक रसोई में काम ना करें, रसोई में काम करते समय खिडकियां और दरवाजे खोलकर रहें।
शराब, चाय, कॉॅॅफी, कोल्ड ड्रिक्स के सेवन से बचे, क्योकि ये हमारे शरीर की नमी को कम करते है।
मसालेदार, तैलीय और बासी भोजन का सेवन ना करें।
अपने हाथों को बिना धोयें अपनी आंख नाक और मुंह को ना छुयें।
जो लोग बीमार है, उनके सीधे सम्पर्क में आने से बचे।
अगर आप बीमार है तो घर से बाहर ना निकले, घर पर ही रहें।
मुठभेड़ः जांबाज अफसरों ने दस हजार के इनामी बदमाश को मारी गोली, एक शातिर फरार
मुजफ्फरनगर। जनपद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। पकड़ा गया बदमाश शातिर है, जिसके विरुद्ध तितावी थाने सहित अनेक थानों में एक दर्जनों के आसपास मामले दर्ज हैं। तितावी एसओ राजेंद्र गिरि ने बताया कि मंगलवार दोपहर को सूचना मिली थी कि दो बदमाश भट्ठे के पास रजबहे मार्ग से बुढ़ीना कला के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने बताए गए स्थान की घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखकर बदमाश बाइक से भागने लगे। पुलिस ने बाइक का पीछा किया तो उक्त बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो एक गोली बदमाश के पैर में लग गई। गोली लगने के बाद वह घायल होकर बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को दबोच लिया। तलाशी लेने पर बदमाश के पास से एक तमंचा 315 बोर, तीन कारतूस व एक खोखा व एक बाइक बरामद की। वहीं पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम माजिद पुत्र तैमूर निवासी जौला थाना बुढ़ाना बताया। एसओ राजेंद्र गिरि ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश तितावी थाने का वांछित है, जिसके विरुद्ध तितावी थाने में हत्या के प्रयास आदि मुकदमे दर्ज हैं। तितावी के अलावा पकड़े गए बदमाश दूसरे थानों में विभिन्न मामलों में वांछित चल रहा था। उस पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस पकड़े गए बदमाश के साथी की तलाश में लगी है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तौल क्लर्क हत्याकांड का दूसरा आरोपी शस्त्र धारक गिरफ्तार
चरथावल। पुलिस ने ग्राम कुटेसरा के तौल क्लर्क हत्याकांड के दूसरे आरोपी को देर रात थानाक्षेत्र के ग्राम बधाई कला बिजलीघर के पास से गिरफ्तार कर लिया उक्त हत्याकांड में प्रयोग की गई लाइसेंस बंदूक इसी आरोपी के नाम है।पुलिस ने आरोपी ने चालान कर जेल भेज दिया है।
चरथावल थाना क्षेत्र में ग्राम कुटेसरा में देवबंद मिल के तौल क्लर्क की 22 मई में लाइंसेंसी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी थी मृतक ने पिता ने 6 के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था जिसमें पुलिस ने मुख्य आरोपी को कई दिन पहले गिरफ्तार कर लिया था।बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि तौल क्लर्क हत्याकांड का एक आरोपी कहि जाने की फिराक में है सूचना मिलते ही चरथावल थानाध्यक्ष सूबे सिंह के नेतृत्व में कुटेसरा चौकी इंचार्ज शिवकुमार ने पुलिस टीम ने ग्राम बधाई कला बिजलीघर के पास मुर्तजा पुत्र मेहरबान को दबौच लिया।
बैंक में कनेक्टिविटी न आने से परेशान ग्रामीणों की समस्या का भाकियू नेता ने कराया समाधान
भाकियू नेता की शिकायत पर ग्रामीणों के लिए भेजी गई एटीएम वैन
चरथावल। ग्राम रोनी हाजीपुर में स्थित बैंक में रोजाना कनेक्टिविटी न आने से परेशान ग्रामीणों ने भाकियू नेता विकास शर्मा के नेतृत्व में हंगामा तथा भाकियू नेता विकास शर्मा ने दूरभाष पर एलडीएम से वार्ता कर समस्या से अवगत कराया एलडीएम ने भाकियू नेता विकास शर्मा को रोजाना 4 घंटे मोबाइल एटीएम कार भेजने का आश्वासन दिया। बुधवार को ग्रामीणों की समस्या का समाधान करते हुए एलडीएम ने गांव में एटीएम वैन को भेज दिया।
चरथावल विकास खण्ड के ग्राम रोनी हाजीपुर में पिछले कई दिनों से बैंक में कनेक्टिविटी न आने से किसान काफी परेशान थे कल हंगामा होने पर भाकियू नेता विकास शर्मा बैंक पहुंचे और एलडीएम से दूरभाष पर वार्ता कर जल्द ही कनेक्टिविटी सुचारू रूप से चलाने की मांग की जिस पर एलडीएम ने कनेक्टिविटी सुचारू रूप से ठीक नहीं होने तक रोजाना 4 घंटे के लिए एटीएम कार भेजने का आश्वासन दिया था भाकियू नेता विकास शर्मा ने चेतावनी दी थी कि यदि यह समस्या का समाधान नही हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जा जाएगा। बुधवार को ग्रामीणों की समस्या का समाधान करते हुए एलडीएम ने गांव में एटीएम वैन को भेज दिया।ग्रामीणों ने समस्या का समाधान होने पर भाकियू नेता विकास शर्मा को साधुवाद दिया।

