वैश्विक

हमने प्रधानमंत्री मोदी के सबका साथ और सबका विकास वाले नारे को केंद्र में रखकर में काम किया: योगी आदित्यनाथ

उत्तरप्रदेश में पंचायत प्रमुख चुनाव की मतगणना जारी है। पंचायत प्रमुख चुनाव में बीजेपी सभी पार्टियों से बढ़त बनाए हुई है। इसी बीच उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव परिणाम को लेकर प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि हमें पीएम मोदी के मार्गदर्शन का लाभ मिला और भाजपा ने अबतक 635 सीटें जीत ली है। साथ ही उन्होंने कहा कि अभी यह संख्या और बढ़ेगी।

शनिवार को पंचायत प्रमुख चुनाव में भाजपा को अधिक संख्या में सीट मिलने के बाद उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कांफ्रेंस किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब तक जो परिणाम सामने आए हैं और जो रुझान हैं, उसमें भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ क्षेत्र पंचायत प्रमुख के चुनाव में 635 से ज़्यादा सीटों पर विजयी बन रही है। पूरे नतीजे आने पर ये संख्या और बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को भी दिया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा को जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत में 85% से अधिक सीटों पर समर्थन प्राप्त हुआ। ये केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को संगठन के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का परिणाम है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमने प्रधानमंत्री मोदी के सबका साथ और सबका विकास वाले नारे को केंद्र में रखकर में काम किया जिसका हमें फायदा मिला।

पंचायत प्रमुख चुनाव में जहां योगी आदित्यनाथ ने 635 से ज्यादा सीट जीतने का दावा किया तो वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकारी मशीनरी से ब्लाक प्रमुख पदों पर जबरन कब्जा किया जाना जनादेश का अपमान है। लोकतंत्र और संविधान में भाजपा सरकार की कोई आस्था नहीं है। सत्ता के सहयोग से भाजपा ने अपने पक्ष में मतदान कराया।

इसके अलावा कई लोगों ने भी सोशल मीडिया पर भाजपा की इस जीत पर अपनी प्रतिक्रिया दी। ट्विटर हैंडल @ imsachinyadav1 ने लिखा कि ये सबका साथ सबका विकास नहीं है। ये तो जिसकी लाठी उसकी भैंस है। वहीं दुर्गेश सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा कि ये जनता की जीत नहीं है बल्कि आप लोगों की साजिश का नतीजा है। @PrakashAdityaP7 ने भी लिखा कि BJP ने देश की आत्मा को रौंदा है, लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं छोड़ी। 

क्षेत्र पंचायत प्रमुख और जिला पंचायत प्रमुख चुनाव के दौरान कई जगहों पर जमकर हिंसा हुई। विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ताओं ने सत्ताधारी पार्टी के लोगों पर बदसलूकी, मारपीट करने और पर्चा छीनने के आरोप लगाए। बता दें कि शुक्रवार को राज्य के 825 ब्लॉक प्रमुख पदों के कुल 1778 नामांकन प्राप्त हुए थे। इनमें से 349 पर निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया था। इनमें से 334 भाजपा के थे। बाकी बची 476 सीटों के लिए आज मतगणना हो रही है।

 

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20960 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 × 4 =