नेशनल स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर किया नाम रोशन
शामली। गांव खेड़ी बैरागी निवासी पावर लिफ्टर अरुण राणा ने ऋषिकेश में आयोजित नेशनल स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। प्रतियोगिता में उन्हें स्ट्रांगमैन का खिताब मिला और साउथ अफ्रीका में होने वाली अंतर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। गांव में पहुंचने पर अरुण का स्वागत किया गया।
अरुण राणा ने बताया कि एक से आठ मार्च तक उत्तराखंड के ऋषिकेश में इंडिया स्ट्रांगमैन एसोसिएशन देहरादून की तरफ से राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। ८० किलोग्राम भार वर्ग में अरुण राणा ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया है।
अरुण ने बताया कि उन्होंने एक हाथ से ४५ किलोग्राम वजन के डंबल को ३० सेकेंड में १० बार जमीन पर रखकर उठाया। १८० किलोग्राम वजन को दोनों हाथ से एक मिनट ३० सेकेंड तक उठाया।
इसके अलावा ९० किलोग्राम वजन के एक हाथ से उठाकर ६० मीटर तक रेत पर दौड़कर पहला स्थान प्राप्त किया है। अब वह साउथ अफ्रीका में मई माह में होने वाली प्रतियोगिता हिस्सा लेंगे।
बेटे की सफलता पर पिता सोमपाल राणा और अन्य परिजनों में खुशी का माहौल है। गांव पहुंचने पर राजीव, डा. संजू, कोच रवि, रोहन, गोल्डी, छोटू, बिल्लू, राहुल, अजीत, अनुज, सचिन आदि ने स्वागत किया।
