News
खबरें अब तक...

समाचार

कोरोना वायरस से बचाव को बढ़ी सतर्कता
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता और बढ़ा दी है। लोग हल्का बुखार, जुकाम होते ही अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में रोजाना 3500 तक मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें करीब 2400 रोजाना पंजीकरण हो रहे हैं।
बीते पांच दिनों से जिला चिकित्सालय में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। ओपीडी और दवाई लेने को चिकित्सालय में भारी भीड़ उमड़ रही है। हालांकि ज्यादातर मरीज पेट दर्द, कमर दर्द, खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित आ रहे है। सीएमएस डॉ पंकज अग्रवाल ने बताया कि जिले में अभी तक कोई पीड़ित नहीं मिला है। अस्पताल में तमाम बंदोबस्त किए गए हैं। रोजाना 3500 तक की ओपीडी हो रही है। उधर, जिला प्रशासन के आदेश पर शहर में सभी मॉल और सिनेमा हॉल बुधवार से बंद करा दिए गए है, ताकि भीड़ एकत्र न हो।
आठ प्लेटफार्म टिकट बिके-स्टेशन पर यात्रियों की संख्या काफी कम दिखाई दी। रोजाना प्लेटफार्म टिकट करीब 80-100 तक बिकते थे। 50 रुपये का टिकट होने पर बुधवार को केवल आठ ही टिकट बिके है।
चीफ बुकिंग सुपर वाइजर फारूख ने बताया कि रेलवे में यात्रियों की संख्या कम हो गई है। धार्मिक स्थल भी बंद होने के कारण बीते दस दिनों में करीब साढ़े लाख रुपये के टिकट रिफंड हो चुके है।
रोडवेज की आय भी आधी हुई-रोडवेज पर भी कम ही यात्री दिखाई दिए। लोगों ने सफर करना भी कम कर दिया है। एआरएम संदीप अग्रवाल ने बताया कि यात्री कम होने के कारण डिपो की आय 23 लाख से घट कर 14 लाख तक आ गई है।

चोरों ने की तांत्रिक के घर चोरी
खतौली। चोरो ने एक तांत्रिक के घर मे चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। चोरी की घटन ा पर पडौसियो सहित अनेक लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन मे जुट गई। जानकारी के अनुसार कस्बे के मौहल्ला बिददीवाडा निवासी जमशेद तांत्रिक क्रिया का कार्य करता है। बताया जाता है कि बीती रात अपने परिवार सहित अपने घर मे सोया हुआ था कि देर रात उसके घर मे घुसे कुछ अज्ञात चोरो ने घर मे रखी कुछ नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह के वक्त जब जमशेद की पत्नि की आंख खुली तो कमरे का नजारा देखकर उसके होश फाख्ता हो गए। क्योंकि कमरे मे रखी अलमारी का सामान खुर्द बुर्द पडा हुआ था। महिला द्वारा शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए। शोर शराबे की आवाज सुनकर जमशेद के पडौसी भी मौके पर एकत्रित हो गए। नागरिको की सूचना पर तांत्रिक जमशेद के घर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस सूत्रो का कहना है कि जल्द ही चोरी की ाटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

गंदगी से निजात की मांग
मुजफ्फरनगर। खाली प्लॉट मे फैली गंदगी से आजिज कालोनीवासियो ने उचित साफ सफाई व्यवस्था की मांग की। नई मन्डी कोतवाली क्षेत्र की भोपा रोड स्थित बचन सिह कॉलोनी गली नम्बर 6 के नागरिको का कहना है कि उक्त गली मे खाली पडे एक प्लाट मे गंदगी फैली हुई है। मौहल्लावासियो ने गली मे उचित साफ सफाई व्यवस्था की मांग की है।

फर्जी वारंट पर बेकसूर पिता-पुत्र को भेजा जेल, मामला खुला तो मची खलबली, फिर किया रिहा
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने बेकसूर पिता पुत्र को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। जांच में वारंट फर्जी निकलने पर खलबली मच गई।
मुजफ्फरनगर में पॉक्सो एक्ट अदालत के नाम से पिता पुत्र के खिलाफ फर्जी गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी कर दिया गया। पुलिस ने भी बेकसूर पिता पुत्र को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। जांच में वारंट फर्जी निकलने पर खलबली मच गई तो, पिता पुत्र को रिहा कराया गया।
मामला मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली का है। गत सात मार्च को बुढ़ाना रोड चौकी प्रभारी एसआई सुरेश कुमार ने टीम के साथ गांव पीनना निवासी नैनसिंह (62) और उनके पुत्र सचिन को गिरफ्तार किया। परिजनों को बताया कि इनके खिलाफ न्यायालय स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट (एडीजे- 8) से एनबीडब्ल्यू जारी हुआ है। आठ मार्च को न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट नंबर-दो में पेश करके पिता पुत्र को जेल भेज दिया। वहीं 13 मार्च को दोनों के अधिवक्ता के प्रार्थनापत्र पर पॉक्सो कोर्ट के लिपिक से आख्या तलब की गई तो, पता चला कि इनके खिलाफ कोई वाद ही लंबित नहीं है। कोर्ट लिपिक ने वारंट जारी करने से भी इनकार किया। जिला जज राजीव शर्मा को अवगत कराने के बाद जेल में बंद पिता-पुत्र को 14 मार्च (शनिवार) को रिहा कराया गया। जज आंचल राना ने सिविल लाइंस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचित अभिलेख बनाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि फर्जी वारंट जारी होना गंभीर मामला है। जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हादसे में घायल
खतौली। नगर के मौहल्ला ढाकन चौक निवासी एक युवक कार की चपेट मे आकर घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। जानकारी के अनुसार मौहल्ला ढाकन चौक निवासी सादिक पुत्र रज्जाक जानसठ तिराहे पर मेरठ की और से आ रही कार की चपेट मे आकर घायल हो गया। वहीं दूसरी और इस हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर एकत्रित भीड ने घायल हो उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया तथा उसके परिजनो को इस हादसे से अवगत कराया।

विवाद में हुई मारपीट
मुजफ्फरनगर। पडौसी के साथ चल रहे दीवार विवाद मे हुई आपसी कहासुनी मारपीट मे तब्दील हो गई। जानकारी के अनुसार नगर के मौहल्ला पटेल नगर नई बस्ती निवासी सुनील का अपने पडौसी जय प्रकाश से दीवार को लेकर विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि आज सुबह इन दोनो के बीच हुई आपसी कहासुनी मारपीट मे तब्दील हो गई।
आरोप है कि आपसी विवाद मे सुनील ने अपने पडौसी जय प्रकाश के साथ मारपीट कर दी। शोर शराबे की आवाज सुनकर पडौसी मौके पर एकत्रित हो गए। गली के जिम्मेदार लोगो ने दोनो पक्षो को समझा बुझाकर मामला शान्त कराया तथा दोनो के बीच समझौता करा दिया।

प्रदेशभर में अपराधों का गिरा ग्राफः चेतन चौहान3 Min 4 |
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री एवं जनपद मुजफ्फरनगर के प्रभारी चेतन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के तीन साल पूरे हो गये है इस दौरान वर्ष 2014-15 में जो प्रतिव्यक्ति आये 42267 वह बढकर 70419 हो गयी है। प्रदेश के 86 लाख लघु एवं सीमान्त किसानों को 36 हजार करोड़ रूपये का फसली ऋण माफ किया गया है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को लागू कर देश एवं प्रदेश की जनता को लाभान्वित किया गया है। जिला पंचायत सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रभारी मंत्री चेतन चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्जवली योजना में देश में 8 करोड 5 लाख परिवारों को निःशुल्क गैस कनैक्शन दिये गये है। उत्तर प्रदेश में 1 करोड 37 लाख गैस कनैक्शन वितरित किये गये है। प्रधानमंत्री आवास योजना में उत्तर प्रदेश में तीस लाख से अधिक आवासों का निर्माण कराया गया है। सौभाग्य योजना में दो करोड 65 लाख निःशुल्क विद्युत कनैक्शन वितरित किये गये है। आयुष्मान भारत योजना में 10 करोड 74 लाख गरीब परिवारों को 5 लाख रूपये तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवर उपलब्ध कराया गया है। देश में कुल 7 हजार जन औषधी केंद्र खोले गये है इनमे बहुत कम मूल्य पर दवाईयां उपलब्ध की जा रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 6 करोड 18 लाख किसान पंजीकृत किये गये है। प्रधानमंत्री ग्राम सिंचाई योजना के लिए 50 हजार करोड रूपये स्वीकृत किये गये है। उत्तर प्रदेश में किसानों को 92 हजार 251 करोड रूपया गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है। चेतन चौहान ने बताया कि 17 लाख किसानों को क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 13600 करोड रूपये का ऋण दिया गया है। 27 मंडियों का आधुनिकीकरण कराया गया है। प्रदेश में 20 कृषि विज्ञान केंद्रों की स्थापना की गयी है। महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए 81 मजिस्ट्रेट स्तरीय न्यायालय एवं 81 अपर सत्र न्यायालय गठित किये गये है। अपराधों पर नियंत्रण के लिए 144 नये थाने व 556 नई पुलिस चौकियों का निर्माण कराया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में स्कूल चलो अभियान में 4 करोड 71 लाख से अधिक बच्चों का नामांकन कराया गया है। प्राथमिक विद्यालयों में 45383 अध्यापकों की भर्ती पूर्ण व 69000 की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में चल रही है। यूपी बोर्ड में नकल विहिन परीक्षाएं करायी गयी है। 193 नये इंटर कालेज संचालित एवं 55 नये इंटर कालेज की स्वीकृति दी गयी है। उच्च शिक्षा में बालिकाओं को स्नातक तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है। राजकीय आईटीआई की संख्या 260 से बढाकर 305 कर दी गयी है। 24 राजकीय पोलिटैक्निक, 4 राजकीय इंजीनियरिंग कालेज की स्थापना की गयी है। प्रदेश में आयुष्मान योजना में 1 करोड 18 लाख गरीब परिवारों को 5 लाख रूपये तक का चिकित्सा बीमा कवर दिया गया है। 90 लाख 22 हजार 145 लोगों के गोल्डन कार्ड बने है। प्रदेश में 4470 एम्बुलैंस संचालित की जा रही है। मिशन इन्द्रधनुष के तहत शत प्रतिशत बच्चां का टीकाकरण किया गया है। प्रभारी मंत्री चेतन चौहान ने बताया कि मुजफ्फरनगर जनपद में मुजफ्फरनगर सदर, खतौली, बुढ़ाना, मीरांपुर में बहुत बड़ी संख्या में विकास कार्य कराये गये है। गांवों में सड़कों का निर्माण, नालों का जाल बिछाया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में दुरस्थ स्थानों तक सड़के बनवायी गयी है। जनपद में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पेयजल के लिए पानी की टंकियां बनवायी गयी है। विद्युत आपूर्ति सुधारने के लिए नये पावर हाउस बनवाये गये है। सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सुमंगला योजना के अंतर्गत अब तक 2 लाख 60 हजार से अधिक बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है। अल्पसंख्यक महिलाओं को बिना मेहरम हज पर जाने की सूचना दी गयी है। अल्पसंख्यक निर्धन पुत्रियों की शादी के अनुदान हेतु 20 हजार रूपये की सहायता दी गयी है। उत्तर प्रदेश के सभी जनपद खुले में शौच से मुक्त हो गये है। सभी जनपदों में गौवंश संरक्षण केंद्र की स्थापना की गयी है जिसके लिए 180 करोड का बजट स्वीकृत किया गया है। दुग्ध उत्पादन में उत्तर प्रदेश को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री मात्र वंदना योजना से 23 लाख 76 हजार माताएं लाभान्वित की गयी है। हर जिले में एन्टी रोमियो स्क्वायड का गठन किया गया है। प्रदेश में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए ई टैण्डरिंग प्रणाली लागू की गयी है। चेतन चौहान प्रभारी मंत्री ने बताया कि केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को सरकारी योजना का लाभ मिले इसके लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाये जा रहे है। कोरोना पर उन्होंने कहा कि नागरिक इससे घबराये नहीं। जनपद के जिला चिकित्सालय में आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। यदि किसी व्यक्ति को खासी बुखार आदि की समस्या आती है तो वह तुरंत जिला चिकित्सालय मे चिकित्सकों से मिलकर अपना इलाज करायें उन्होंने कहा कि इस बीमारी के लिए बचाव ही मुख्य इलाज है। भीडभाड वाले स्थानों पर जाने से बचे। सैनेटाइजर का प्रयोग करे। खांसते और छींकते समय मुंह पर रूमाल रखे। यदि इस तरह छोटी छोटी बातो पर ध्यान दिया जायेगा तो कोरोना से हर हाल में बचाव होगा। इससे पूर्व जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने प्रभारी मंत्री को बुके भेंटकर स्वागत किया। अधिकारियों द्वारा राज्यमंत्री एवं विधायकों को भी बुके भेंट किये गये। इस दौरान राज्यमंत्री विजय कश्यप, विधायक उमेश मलिक, विधायक प्रमोद ऊटवाल, विधायक विक्रम सैनी के अलावा जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे, एसएसपी अभिषेक यादव, एसडीएम सदर अजय अम्बष्ट, सीडीओ आलोक यादव, एडीएम ई अमित कुमार सिंह, सीओ हरीश भदौरिया के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, कोआपरेटिव बैंक के चेयरमैन सतपाल सिंह पाल, डा. वीरपाल निर्वाल, मीडिया प्रभारी प्रवीन शर्मा, वैभव त्यागी, सुषमा पुंडीर,रेणू गर्ग, अचिन्त मित्तल, नरेन्द्र चौधरी, कोमल प्रसाद गौतम सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित1 Min 13 |
मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव महोदय के निर्देशन में जनपद मुजफ्फरनगर के सभी सीओ/एसएचओ द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्रत्येक थाने पर समस्त पुलिस कर्मचारियों की कोरोना वाइरस के संबंध मे मीटिंग ली जा रही है जिसमें निम्नवत बिंदुओं को बताकर उन्हे जागरुक किया जा रहा है सभी कर्मचारियो को बचाव हेतु साफ सफाई एवं ध्यान देने योग्य सभी बात बताई जा रही है। नियमित रूप से हाथ धोना, सेनिटाईजर का प्रयोग करना, नियमित दूरी बना कर बात करना एवं हाथ न मिलना इत्यादि जरूरी चीज़ें बताई जा रही है। थाने पर (कार्यालय, बैरक, हवालात, होस्टल), चौकी पर , थाना मोबाइल, ११२ क्कक्रङ्क मोबाइल एवं थाने की अन्य किसी भी इकाई पर डेटोल साबुन, सेनिटाईजर एवं साफ तौलिये की व्यवस्था की जा रही है। सभी कर्मचारियो को समझाया जा रहा है कि पूर्ण रूप से ध्यान रखते हुए डयूटी करें। लापरवाही स्वयं के लिए व अन्य लोगो के लिए हानिकारक हो सकती है। कोरोना से डरने की नहीं जागरूक होने की जरूरत है।

निःशुल्क नेत्र चिकित्सा कैम्प स्थगित
मुज़फ्फरनगर। अखिल भारतीय विश्वकर्मा युवा शक्ति दल ट्रस्ट(रजि.)कार्यालय पर एक अति आवश्यक बैठक बुलाई गई जिसमें जिला अध्यक्ष संदीप धीमान ने बताया कि साशन ,प्रशाशन व मुख्य जिला चितकित्सा अधिकारी की ओर से कोरोना वायरस के चलते गाइड लाइन जारी की गई है जिसमे बड़ी संख्या में एक स्थान पर व्यक्ति इकट्ठा नही हो सकते क्योंकि कोरोना के चलते बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों में ये भयंकर कोरोना वायरस अपनी जगह बना सकता है।इस कारण कार्यालय पर पदाधिकारियो की बैठक बुलाकर आयोजित कार्यक्रम आँखों के निःशुल्क विराट केम्प दिनाक २२ मार्च दिन रविवार को स्थान पाल शिव मंदिर आनन्दपुरी मुज़फ्फरनगर पर इस केम्प को स्थगित किया गया है वही सचिव प्रमोद धीमान ने कहा कि सरकार द्वारा जनमानस की शुरक्षा हेतु कोरोना वायरस जैसे गंभीर मुद्दे को लेकर तमाम तैयारियां हर स्तर से की जा रही है और हर जन मानस को भी इस मुहिम में सरकार का साथ देना चाहिए और इस वायरस से बचाव हेतु सावधानियां बरतनी चाहिए।कोषाध्यक्ष प्रदीप धीमान ने कहा कि जिस धर्मार्थ कार्य मे ट्रस्ट परिवार पूरी सिद्दत से लगकर आँखों के निःशुल्क केम्प को करा रहा था उसे अभी केवल स्थगित किया गया है जिसे कोरोना वायरस के प्रकोप के बाद अति शीघ्र चिकित्सको से परामर्श के बाद आँखों के मरीजों हेतु केम्प की डेट दी जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय धीमान ने कहा कि मानव सेवा व धर्मार्थ कार्या में हमेशा अखिल भारतीय विश्वकर्मा युवा शक्ति दल ट्रस्ट परिवार अपनी सेवा देता रहा है और आगे भी अपने को सेवा में लगाये रखेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव हेतु कुछ सावधानियां बरते जैसे मुह पर रुमाल या मास्क लगाए,खासते वक्त मुह को कोहनी या कपड़े से ढककर खाशे, दिन में कम से कम १० बार साबुन से हाथ धोये,सेनिटाइजर का प्रयोग करे आदि की सावधानियां बरत कर धर परिवार व देश को इस कोरोना वायरस जैसे घातक वायरस से निजात दिलाकर मजबूत करे,स्वस्थ रहे और खुश रहे। बैठक में संजय धीमान,संदीप धीमान,प्रमोद धीमान ,प्रदीप धीमान रामपुरी,कार्तिक धीमान,प्रदीप धीमान ग़ांधी नगर, वीरेंद्र धीमान,शशांक धीमान,नितिन धीमान,राहुल धीमान आशुतोष धीमान आदि मौजूद रहे।

कथा सुन भाव विभोर हुए श्रद्धालु4 Min 2 |
मुजफ्फरनगर। अग्रभागवत कथा के तीसरे दिन सत्यप्रकाश रेशू व सत्यप्रकाश मित्तल ने सपरिवार यजमान के रूप में पूजन, आरती कराई। आचार्य विष्णुदास शास्त्री जी ने कल बताए गए अग्रसेन जी की शिक्षा, भगवान श्रीकृष्ण जी का उपदेश एवं महालक्ष्मी जी द्वारा अग्रवंश की कुलदेवी बनने का वरदान आदि प्रसंग को आगे बढ़ाया। कथावाचक ने बताया कि गर्गाचार्य जी के निर्देशानुसार अग्रसेन जी ने मरूभूमि के ऊंचे-ऊंचे टीलों की खुदाई करवाई। फलस्वरूप मरुभूमि से अक्षय स्वर्ण भंडार मिला। जिससे उन्होंने आग्रेयपुरी का निर्माण करवाया। उन्होंने यह भी बताया कि जो मानव, मातृशक्ति की सेवा में, स्वयं को समर्पित कर देता है उसे निश्चित ही अक्षय कृपा का फल प्राप्त होता है।
कथा में नागलोक के राजा महिधर की पुत्री माधवी से महाराजा अग्रसेन जी के विवाह का प्रस्तुतीकरण झांकी के द्वारा दर्शाया गया। साथ ही समाज को यह संदेश भी दिया कि विवाह रात्रि में ना करके दिन में संपन्न कराया जाए। जिससे फेरों की प्रक्रिया सही समय पर संपन्न हो सके तथा नवयुगल का दांपत्य जीवन सुखमय हो। ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री सत्यप्रकाश मित्तल जी ने सभी अग्र बंधुओं से अनुरोध किया कि सपरिवार अग्रभागवत कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ उठाएं। इस अवसर पर श्री सत्यप्रकाश मित्तल, मुख्य कथा संयोजक श्री विनोद सिंहल, पुरुषोत्तम सिंहल, प्रदीप गोयल, श्याम लाल बंसल, तेजराज गुप्ता, संजय गुप्ता, आशुतोष कुच्छल, पवन सिंघल, मित्तसैन अग्रवाल, अचिन कंसल, मुकेश गोयल आदि मुख्य रूप से कथा में उपस्थित थे। आज की कथा में मुख्य यजमान श्री सत्यप्रकाश मित्तल अध्यक्ष सपत्नी और यजमान श्री सत्यप्रकाश रेशू सपत्नी परिवार सहित उपस्थित थे। महाराजा अग्रसेन जी संग माधुरी विवाह की सुन्दर झाँकी योगेंद्र मित्तल जी के पुत्र अंकुश मित्तल एवं पुत्रवधू निकिता मित्तल द्वारा बहुत ही सुंदर तरीके से प्रस्तुत की गयी। आज की कथा में कपिल देव अग्रवाल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उत्तर प्रदेश सरकार भी कथा में उपस्थित रहे। तत्पश्चात आरती एवं प्रसाद का वितरण किया गया।

कोरोना से बचाव के दिए टिप्स
चरथावल। विकास खंड कार्यालय पर ग्राम प्रधानों और सचिवों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी टिप्स दिए गए। सीएचसी प्रभारी डा. सतीश कुमार ने ग्राम प्रधानों को ब्लीचिंग पाउडर के पैकेट दिए। वक्ताओं ने कहा कि मामूली बुखार या जुकाम पर भ्रांति नहीं फैलाएं, बल्कि सीएचसी पर प्रधान तत्काल मरीजों की खबर दें। उधर, नगर पंचायत चेयरमैन सतेंद्र त्यागी द्वारा द्वारा कस्बे में स्प्रे मशीन से कीटनाशक और मच्छर मार दवा का छिड़काव कराया गया।
ब्लॉक कार्यालय में हुई बैठक में ग्राम प्रधानों को केंद्र प्रभारी डा. सतीश कुमार, कार्यवाहक बीडीओ राजेंद्र कुमार तथा नोडल अधिकारी शोभाराम शर्मा द्वारा कोरोना से बचाव के लिए प्रधानों को जागरूक किया गया। सैद नगलां प्रधान मुस्तफा, बबली प्रधान बिरालसी, सतपाल अलीपुरा, कर्ण सिंह जटनगलां, चौकड़ा प्रधान सुभाष त्यागी, मोइन खुसरोपुर प्रधान, राजेंद्र चौधरी महाबलीपुर, रामकुमार रूकनपुर प्रधान के पति, अजय त्यागी मलीरा, प्रद्युमन पीपलशाह, मोहन लाल, वीडीओ आशु रानी, सुरेश प्रधान बाननगर, अरविंद त्यागी, रोहाना प्रधान, चंद्रशेखर त्यागी बहेड़ी प्रधान मौजूद रहे। वहीं, नगर पंचायत में दवाओं का छिड़काव कराया गया। वरिष्ठ लिपिक महेश प्रसाद, सफाई नायक आदेश कुमार और कर्मचारी मौजूद रहे।

जलभराव व कीचड़ से आढ़ती बेहाल
खतौली। नवीन मंडी में फल की दुकानों के सामने कई दिनों से जलभराव व कीचड़ से आढ़ती परेशान हैं। वहां दुर्गंध उठती है। आढ़तियों ने मंडी निरीक्षक का घेराव कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और कीटनाशक दवा का छिड़काव करवाने की मांग की।
नवीन मंडी में फल एवं सब्जी स्थल में गेट से आगे फल की करीब एक दर्जन दुकानें हैं। यहां गाड़ियों से आने वाले फल उनकी दुकानों के आगे उतरते हैं। यहीं पर सुबह फलों को बेचने के लिए बोली लगती है। फल विक्रेताओं और खरीदारों की भीड़ रहती है, लेकिन दुकानों के आगे जलभराव व कीचड़ से आढ़ती परेशान हैं। वहां दुर्गंध उठती है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। आढ़तियों व फलों के खरीदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को आढ़तियों ने मंडी निरीक्षक ओमकार सिंह का घेराव किया। उन्होंने मंडी में नियमित साफ-सफाई, फॉगिग व कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने की मांग की। मंडी निरीक्षक ने सफाई करवाने का आश्वासन दिया। इस पर आढ़ती शांत हुए। घेराव करने वालों में आढ़ती हाजी फारूख, आरिफ, परवेज, खालिद, हाजी जावेद, नईम ठेकेदार, रईस, मूसा आदि का कहना है कि पूरे देश में कोराना वायरस संक्रमण का खौफ है। मंडी में गंदगी फैली है। बीमारी के चलते प्रतिदिन सफाई होनी चाहिए। इस संबंध में शिकायत भी की गई,पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

सफाई का रखे विशेष ध्यान
मुजफ्फरनगर । शाह इस्लामिक लाइब्रेरी जामा मस्जिद लोहिया बाजार संगठन की ओर से प्रशासन को ज्ञापन दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए शासन-प्रशासन और नगर पालिका अपने स्तर से प्रयास कर रही हैं। हैंडवाश और मास्क का सभी प्रयोग करें। मुस्लिम बस्तियों में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। कई स्थानों पर जलभराव और कूड़ा निस्तारण की समस्या हैं। मोहल्लों में सफाई के माकूल इंतजाम किए जाए। पेयजल की आपूर्ति की जाए। बाजार समेत भीड़ वाले स्थानों पर दवाओं के छिड़काव किए जाए। बाजार से मास्क की कालाबाजारी को बंद किया जाए। इस दौरान कारी मोहम्मद खालिद, डा. शमीमुल हसन, महबूब आलम, मौलाना जमशेद कासमी, साजिद हसन, मौलाना अब्दुल खालिक, हाफिज उबेदउल्ला, सरफराज हुसैन, अब्दुल गफ्फार आदि मौजूद रहे।

जिले में 8861 बेटियों को मिल रहा कन्या सुमंगला का लाभ
मुजफ्फरनगर। जिले में 8861 बेटियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का लाभ दिया गया है। जिले में कुल 17150 ने आवेदन किया था, जांच के बाद पात्रों को योजना में शामिल किया गया। सभी पात्रों को नियमित रूप से उनके चरण के हिसाब से धनराशि जारी की जा रही है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में प्रथम स्टेज पर 2835 का चयन हुआ है। इन बेटियों के परिजनों को दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता की जा रही है। प्रथम फेज में कुल 3894 आवेदन आए थे, इनमें माता-पिता की दो से ज्यादा संतान वालों को पात्रता से अलग किया गया। दूसरे फेज में 4325 आवेदन आए, इनमें 3441 को पात्र मानते हुए एक हजार के हिसाब से धनराशि दी गई। तीसरे फेज की बेटियों के 3148 आवेदन आए इनमें 1405 पात्र मिले। इन्हें दो हजार के हिसाब से आर्थिक मदद की गई। चौथे फेज में 1059 आवेदन में से 469 पात्र मिले, इन्हें दो हजार के हिसाब से दिए जा रहे हैं। पांचवे फेज में 929 आवेदन आए इनमें 453 पात्र मिले और इनमें तीन हजार के हिसाब से दिए जा रहे हैं। छठे और अंतिम फेज में 703 आवेदन आए, जिनमें 239 को पात्र माना गया। इन्हें पांच हजार की आर्थिक मदद सरकार की ओर से की गइयोजना पर तेजी के साथ कार्य-जिला प्रोबेशन अधिकारी मुशफेकिन का कहना है कि जो भी आवेदन उनके पास आ रहे हैं, उनकी तत्काल जांच कराने के बाद लाभार्थी को लाभ दिया जा रहा है। योजना को सरकार न छह भागों में विभाजित किया है, उसी प्रकार पात्रों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस योजना से बेटियों के स्वास्थ्य की देखभाल और उनकी शिक्षा में प्रगति हो रही है।

फर्जी प्रविष्टि निरस्त, वक्फ ने लगाया अपना बोर्ड
मुजफ्फरनगर। सिटी मजिस्ट्रेट की जांच रिपोर्ट के बाद एसडीएम सदर ने नवाब अजमत अली खां वक्फ की करोड़ों की जमीन की फर्जी प्रविष्टि को निरस्त करने के आदेश दिए हैं। साथ ही जमीन पर वक्फ ने अपना बोर्ड लगा दिया है। शहर के जिन रसूखदारों के नाम पर जमीन की प्रविष्टि कराई थी, उनमें मूलचंद सराफ और उनके भाई शिवनारायण भी शामिल हैं। मूलचंद सराफ का कहना है कि उन्हें नहीं मालूम की जमीन की खेवट में उनका नाम कैसे आया। प्रशासन की कार्रवाई सही है और उनका नाम हट गया।
सिटी मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट के अनुसार नवाब अजमत अली खां वक्फ का यहां 1912 में गठन हुआ था। वक्फ ने मीनाक्षी चौक स्थित नौ बीघा जमीन यानी की 6030 गज जमीन 27 अगस्त 1928 को 99 साल के लिए सदर बाजार मेरठ के हाफिज मोहम्मद अहसान इलाही को दी थी। इन्होंने 18 मई 1946 को यह 0.603 हेक्टेयर जमीन शहर के लाला जगदीश प्रसाद और आनंद स्वरूप को दे दी। 1976 को यह जमीन तहसील के रिकार्ड में इन दोनों के परिवार के लोगों डॉ देवेंद्र एवं योगेंद्र, वेदवती, विभा स्वरूप, हर्ष स्वरूप के नाम आ गई। सिटी मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट के अनुसार 1996 में तत्कालीन कानूनगों ने बिना किसी सक्षम अधिकारी के आदेश के जमीन में उपरोक्त के साथ शहर के प्रमुख उद्यमी मूलचंद सराफ और उनके भाई शिवनारायण का नाम भी जोड़ दिया। खसरा नंबर 831, 832, 835, 844 और 845 की इस जमीन पर लगातार इन लोगों के नाम चलते रहे। हाल ही नगर पालिका के कुछ सभासदों ने डीएम को शिकायत की थी कि वक्फ की जमीन में धोखाधड़ी की गई है। डीएम ने इस मामले की जांच सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार को सौंपी।
जांच में अतुल कुमार ने पाया कि तहसील और वक्फ दोनों के स्तर से गड़बड़ी की गई है। जमीन को जिस प्रयोग के लिए दिया गया था, वह प्रयोग नहीं हो रहा है। वक्फ ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। दूसरे तहसील में मूलचंद और शिवनारायण का नाम गलत तरीके से अंकित कर दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट की जांच और कार्रवाई की संस्तुति के आधार पर एसडीएम सदर अशोक कुमार ने डॉ देवेंद्र एवं योगेंद्र, वेदवती, विभा स्वरूप, हर्ष स्वरूप, मूलचंद एंव शिवनारायण के नाम की प्रविष्टि को खारिज कर दिया। वक्फ ने जमीन पर अपना बोर्ड लगवा दिया है कि यह जमीन वक्फ की है, इस पर अब किसी अन्य का अधिकार नहीं है। मीनाक्षी चौक के पास स्थित इस बेशकीमती जमीन पर बर्फखाना है और इसका व्यवसायिक प्रयोग किया जा रहा है।
जांच के बाद कार्रवाई की
-वक्फ की जमीन में तहसील के रिकार्ड में हेराफेरी सामने आई। सिटी मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट और तहसील की जांच के बाद फर्जी प्रविष्टि को खारिज कर दिया गया है। मीनाक्षी चौक की नौ बीघा जमीन पर अब पूरा अधिकार वक्फ का होगा। -अशोक कुमार, एसडीएम सदर।

 

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20737 posts and counting. See all posts by News-Desk

Avatar Of News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

18 − 10 =