समाचार
पुलिस ने कई वांछितों को गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने अलग अलग स्थानों से कई वांछितों को गिरफ्तार किया। थाना सिविल लाइन पर नियुक्त उ0नि0 विपिन कुमार द्वारा वांछित अभियुक्त सारिक पुत्र नफीस नि0 हाजीपुरा सरवट थाना सिविल लाइन मु0नगर को अस्पताल चौराहे से गिरफ्तार किया। इसके अलावा थाना खतौली पर नियुक्त उ0नि0 सुदेश राज द्वारा एससी/एसटी अधि0 में वांछित अभियुक्त उजेफ उर्फ औसामा पुत्र सफीक नि0 मौ0 इस्लामनगर थाना खतौली मु0नगर, वसीम पुत्र सलीम नि0 मौ0 सददीकनगर थाना खतौली मु0नगर को बुढाना तिराहा से गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना मन्सूरपुर पर नियुक्त उ0नि0 धर्मजीत सिंह द्वारा एससी/एसटी अधि0 में वांछित अभियुक्त फारूख पुत्र वहीदू नि0 बेगराजपुर थाना मन्सूरपुर मु0नगर को बस अडडा बेगराजपुर से गिरफ्तार किया।
थाना मीरापुर पर नियुक्त उ0नि0 रविन्द्र सिंह द्वारा वांछित/प्रकाश में आया अभियुक्त मोनू पुत्र समय सिंह नि0 ग्राम शिवपुरी थाना मीरापुर मु0नगर को कुतुबपुर झाल से गिरफ्तार किया गया। अभि0 के कब्जे से उपरोक्त अभियोग से सम्बन्धित 5200 रूपये को बरामद किया गया
पुलिस ने सट्टेबाज एवं जुआरी पकडे
मुजफ्फरनगर। पथाना छपार पर नियुक्त व0उ0नि0 सचिन कुमार द्वारा अभियुक्त साकिब पुत्र अनवार नि0 ग्राम व थाना छपार मु0नगर को अभि0 के मस्कन से गिरफ्तार किया गया। अभि0 के कब्जे से पर्चा सटटा पेन, मोबाईल व 295 रूपये नगद को बरामद किया गया।इसके अलावा थाना भोपा पर नियुक्त उ0नि0 रेशमपाल सिंह द्वारा अभियुक्त लाल पुत्र महेन्द्र, रवि पुत्र अजीत, शानू पुत्र रामप्रसाद, रितिक पुत्र ओमप्रकाश नि0गण ग्राम गढवाढा थाना भोपा मु0नगर को ग्राम गढवाढा से गिरफ्तार किया गया। अभि0 के कब्जे से 52 ताश के पत्ते एवं 1350 रूपये नगद को बरामद किया गया।
थाना छपार पर नियुक्त उ0नि0 राकेश गौतम द्वारा अभियुक्त आशू पुत्र इकबाल नि0 ग्राम चुडियाला थाना मीरापुर मु0नगर को बसेडा सीकरी मार्ग रजवाहा सरकारी नल के पास से गिरफ्तार किया गया। अभि0 के कब्जे से 01 तमंचा मय 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया।
थाना शाहपुर पर नियुक्त उ0नि0 देवेन्द्र सिंह द्वारा अभियुक्त विक्की पुत्र बनारसी नि0 ग्राम बामनहेडी थाना को0नगर मु0नगर, विनोद पुत्र प्रकाश नि0 ग्राम निरवाना थाना शाहपुर मु0नगर को निरवाना गेट से गिरफ्तार किया गया। अभि0 के कब्जे से क्रमशः 16-14 पव्वे तोहफा मार्का देशी शराब को बरामद किया।
सोनाली नदी मे डूब रहे दो किशारों की जान बचाई
शुक्रताल। नाविकों ने सोनाली नदी मे डूब रहे दो किशारों की जान बचाई। युवको के परिजनो व ग्रामीणो ने नाविको के प्रति आभार प्रकट किया। उल्लेखनीय है कि पहाडों पर हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदियों का जल स्तर लगातार बढता जा रहा है। आलम यह है कि बरसात के कारण जनपद की नदियों मे जल स्तर बढने से खादर क्षेत्र पुरकाजी,रामराज,गंगा बैराज व शुक्रताल आदि के गांवो मे भी पानी भरने की आश्ांक जताई जा रही है। शुक्रताल स्थित सोनाली नदी मे पानी बढ जाने के कारण नदी म नहा रहे दो किशोर पानी मे डूब गए। इस हादसे से ग्रामीणो मे हडकम्प मच गया। शोर शराबे की आवाज सुनकर नाविको ने अपनी जान जोखिम मे डालकर इन दोनो किशोरों की जान बचाई। युवको के परिवारजनो तथा शुक्रताल के ग्रामीणो ने नाविकों के इस कृत्य पर आभार प्रकट किया।
सडक हादसे में कई घायल
मुजफ्फरनगर। कस्बे की मुजफ्फरनगर रोड पर नवीन गुड़ मंडी स्थल के सामने एक बस ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। इसमें ई रिक्शा चालक व एक महिला सहित कई लोग घायल हो गए। शाहपुर क्षेत्र के गांव काकड़ा निवासी ई रिक्शा चालक सचिन गांव की आधा दर्जन सवारियों को लेकर कस्बे में आ रहा था। जब वह मुजफ्फरनगर रोड पर नवीन गुड़ मंडी के सामने पहुंचा तो सामने से आ रही बड़ौत डिपो की अनुबंधित बस ने टक्कर मार दी। ईरिक्शा चालक सचिन सहित ई रिक्शा में सवार महिला सरोज के अलावा मिंटू , वंश, अर्जुन व सुरेंद्र घायल हो गए। टक्कर लगते ही ई रिक्शा सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ई रिक्शा में सवार घायलों को लोगों की मदद से निकाल कर अस्पताल भिजवाया।
इस दौरान मुजफ्फरनगर बड़ौत मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने अनुबंधित बस को कब्जे में लेने के साथ क्षतिग्रस्त ई रिक्शा को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया । बस का चालक पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया। सीएचसी से गम्भीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिस समय रोडवेज की टक्कर लगने के बादरिक्सा में सवार कई लोग वह एक महिला सड़क पर तड़प रही थी उस समय आस पास खड़े सेकड़ो लोगो मे से कोई भी उनकी मदद वह उनको अस्पताल लेजाने को लेकर आगे नही बढ़ा। पुलिस ने घायलों को उपचार हेतु तुरंत अस्पताल पहुचाया।
बेगराजपुर में लगातार बारिश से गरीब परिवार का आशियाना ढहा, तीन लोगों की मौत, 4 घायल
मुजफ्फरनगर। एक तरफ जहां मानसून की बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है, तो दूसरी तरफ कुछ लोगों पर आफत बनकर भी टूट रही है। शुक्रवार सुबह मूसलाधार बरसात के कारण मंसूरपुर थाना क्षेत्र के बेगराजपुर गांव में एक मकान की छत गिरने से ३ लोगों की मौत हो गई। जबकि ४ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, तेज बारिश में मंसूरपुर थाना क्षेत्र के बेगराजपुर में इम्तियाज का कच्चा मकान ढह गया. मकान ढहने से मलबे में इम्तियाज उनकी पत्नी ताहिरा, बेटी नगमा, दामाद तेजलहेड़ा गांव निवासी परवेज, घर की बुजुर्ग महिला (७०) मीना, जुबैदा और अलीशा दब गए. किसी तरह ग्रामीणों ने बारिश के बीच मलबे को हटाकर घायलों को निकाला, लेकिन तब तक मीना, जुबैदा और अलीशा की मौत हो चुकी थी. इम्तियाज उनकी पत्नी, पुत्री और दामाद को गंभीर हालत में अस्घ्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही मंसूरपुर पुलिस के साथ सीओ खतौली भी मौके पर पहुंचे. घायलों को किसी तरह निकाल कर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
वहीं बुढ़ाना क्षेत्र के मंदवाड़ा गांव में गुरुवार देर रात अकरम के मकान की छत भरभराकर गिर गई। मकान के अंदर सो रहे अकरम, उसकी पत्नी रेशमा, बच्चे जुनैद, ईशा, रिहान, आयशा व आलिया घायल हो गए। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने सभी घायलों को कस्बे की सीएचसी में भर्ती कराया है।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने केन्द्रीय मंत्री से मुलाकात की
मुजफ्फरनगर। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट कर उत्तर-प्रदेश के युवाओं को कौशल विकास व रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराये जाने को लेकर विस्तृत चर्चा की। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा धर्मेंद्र प्रधान जी को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की जिम्मेदारी सौपी गयी है। मुज़फ्फरनगर सदर विधानसभा सीट से विधायक एवं प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दी। मंत्री कपिल देव ने उत्तर प्रदेश में युवाओं के प्रशिक्षण, कौशल की गुणवत्ता बढ़ाने की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुये नई शिक्षा निति के तहत प्राइमरी स्टेज से ही शिक्षा को रोजगारपरक बनाये जाने की बात कही जिससे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार किया जा सके। इंडियन इंस्टिट्यूट आफ़ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंत्री कपिल देव ने उत्तर प्रदेश में भी इंस्टिट्यूट स्थापित किये जाने की मांग की। इसके अतिरिक्त उन्होंने हेल्थ सेक्टर में ट्रेनिंग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए वर्तमान लक्ष्य 1 लाख प्रशिक्षुओं को बढ़ाने पर जोर दिया। कपिल देव ने नोएडा यूपी में जेवर एयरपोर्ट, फिल्मसिटी, इलेक्ट्रानिक सिटी, लाजिस्टिक सिटी में भारी जाब्स की संभावनाओं को देखते हुए उनके लिए इंटरनेशनल स्किल यूनिवर्सिटी/सेंटर की स्वीकृति का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा की प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने, उन्हें स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करने और उनके कौशल विकास के लिए चलाई जा रही प्रभावशाली योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के युवा प्रदेश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।
वैक्सीनेशन कैंप का आयोजन
मुजफ्फरनगर। वैक्सीनेशन कैंप का आयोजन किया गया। भरतिया कॉलोनी में स्थित महाकालेश्वर महादेव मंदिर में कैम्प का आयोजन किया गया। श्रावण माह में मंदिर में जिले में प्रथम बार वैक्सीनेशन कैंप का आयोजन हुआ है यह भी भगवान शिव का में एक आशीर्वाद है आज उनके छत्रछाया में वैक्सीनेशन का कैंप का आयोजन हुआ जिसमें कोविशिल्ड वैक्सीन लगाई गई है इसमें वैक्सीन की प्रथम द्वितीय डोज 18 से लेकर 44 तक और 45 से लेकर सभी उम्र के लोगों को लगाई गई है जिसमें 300 से अधिक वैक्सीन लगाई गई है वह वैक्सीनेशन टीम का काफी सराहनीय योगदान रहा है जो लोग वैक्सीन लगवा रहे थे इसमें युवाओ व बुजुर्ग लोग नै काफी उत्साहित होकर वैक्सीन लगवाईकोरोना को हराना है तो वैक्सीन जरूरी लगवाना है। इस कार्यक्रम में बीजेपी अध्यक्ष विजय शुक्ला, सुरेंद्र शर्मा, मंदिर के पुरोहित अरुण मिश्रा, नवीन मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा, एसडी डिग्री के टीचर अंशुल शर्मा, नीरज गर्ग नवनीत गोयल आदि मौजूद रहे।
सौन्दर्यकरण कार्य को जल्द पूरा कराये जाने के लिए ज्ञापन सौंपा
मुजफ्फरनगर। व्यापारियों ने नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष अंजू अग्रवाल की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए झांसी की रानी पार्क के रूके हुए सौन्दर्यकरण कार्य को जल्द पूरा कराये जाने के लिए ज्ञापन दिया है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक अशोक कंसल के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमण्डल ने नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष अंजू अग्रवाल से उनके कैम्प कार्यालय पर मुलाकात की। इस दौरान शहर की कुछ समस्याओं को उनके सामने रखते हुए व्यापारियों ने समाधान का आग्रह किया। व्यापारी नेताओं ने पालिकाध्यक्ष को एक ज्ञापन दिया। इसमें कहा गया कि चुनौती पूर्ण दायित्व का निर्वहन अत्यंत सक्रियता और रचनात्मक क्रियाशीलता के साथ उनके द्वारा किया जा रहा है।
व्यापारी नेताओं ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम की अमर वीरांगना लक्ष्मी बाई की प्रतिमा झाँसी रानी पार्क पर स्थित है, इस पार्क का सौंदर्यीकरण अज्ञात कारणों से बीच मे अटका हुआ है, वर्तमान में यह पार्क अपनी दयनीय दशा पर आँसू बहा रहा है। उनहोंने कहा कि झाँसी की रानी के इस नगर के मध्य स्तिथ पार्क का सौंदर्यीकरण उच्च गुणवत्ता तथा शानदार तरीके से बिना किसी देरी किये अपनी देखरेख में आप स्वयं कराएं, ताकि आपके द्वारा कराए गए कार्य को जनता सदियों तक याद करे। पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने व्यापारी नेताओं को आश्वासन दिया कि झांसी की रानी पार्क का सौन्दर्यीकरण का कार्य जल्द ही पूर्ण कराया जायेगा। प्रतिनिधिमण्डल में अशोक कंसल, जिला अध्यक्ष, अजय सिंघल नगर अध्यक्ष, श्याम सिंह सैनी जिला महामंत्री और प्रवीण खेड़ा नगर महामंत्री शामिल रहे।
पुलिस लाइन को एसएसपी ने दी एक और सौगात, कराया पुलिस फैमिली पार्क का शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। पुलिस लाइन में एसएसपी अभिषेक यादव द्वारा जनपद में नियुक्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के लिए बनवाए गए फैमिली पार्क का नवनिर्माण कराया गया है। पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के लिए एक शानदार जिम,कैफे रेस्टोरेंट, उसके बाद पहली लाइब्रेरी ओर अब पुलिस फैमली पार्क का निर्माण कराकर पुलिसकर्मियों को नई सौगात दी है ।
आज एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय के पर्यवेक्षण में फैमिली पार्क का उदघाटन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी चन्द्रभान एवं प्रदीप कुमार के कर कमलों द्वारा फीता काटकर कराया गया। एसपी सिटी ने बताया कि पार्क में पुलिसकर्मियों के लिये निर्मित कराये गये संसाधनां में बच्चों एवं महिलाओं के घूमने हेतु ट्रैक,पार्क में बैठने के लिए जगह-जगह पत्थर की बैंच,पार्क के मध्य में हट बनवायी गयी है, जिसमें पत्थर की मेज एवं कुर्सियों का निर्माण भी कराया गया है। पार्क में हर्बल नर्सरी के आयुर्वेदिक औषधी के पौधे ,लैमन ग्रास, तेजपात, कढी-पत्ता, इलायची,एलोवीरा आदि भी लगवाए गए हैं, जिससे पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य भी सही रहे और ताजी सांस आक्सीजन मिल सके। लगातार मुजफ्फरनगर एसएसपी पुलिसकर्मियों के लिए नित नई नई उल्लासपूर्ण कार्य करते रहते हर जिससे पुलिसकर्मियों में तरोताजगी बनी रहे । उदघाटन कार्यक्रम में एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, एसपी क्राइम दुर्गेश सिंह, सीओ सिटी कुलदीप कुमार सिंह, सीओ नई मंडी हिमांशु गौरव आरआई मोहम्मद नदीम सहित पुलिस फोर्स मौजूद रहा।
पूर्व सांसद अमीर आलम को सुन्नी वक्फ बोर्ड सचिव बनाए जाने पर अभिनंदन किया
मुजफ्फरनगर। पूर्व सांसद अमीर आलम खां को नवाब लियाकत अली खां वक्फ बोर्ड का सचिव बनाए जाने पर आज उनका अभिनंदन किया गया। सुन्नी वक्फ बोर्ड द्वारा अमीर आलम खां को बोर्ड का सचिव बनाए जाने पर उनका स्वागत करते हुए इमाम संगठन के अध्यक्ष मुफती जुल्फिकार ने कहा कि इससे वक्फ की संपत्तियों को संरक्षित करने में मदद मिलेगी।
जरूरतमंद की मद्द की
मुजफ्फरनगर। उदय वैलफेयर सोसाइटी के संस्थापक निधिषराज गर्ग ने कहा कि उदय वैलफेयर सोसायटी हर जरूरतमंद की सेवा के लिए तत्पर है। उदय वेलफेयर सोसायटी ने एक जरूरत मंद बालिका को साईकल देकर उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान आलोक कुमार (अपर जिलाधिकारी, वित्त), मो. मुसफ़ीकीम डीपीओ एवम श्रीमती बीना शर्मा (चेयरमैन, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी), निधीश राज गर्ग (संस्थापक,उदय वेलफेयर सोसाइटी), कोमलकांत गोयल (अध्यक्ष,उदय वेलफेयर सोसाइटी, राजीव गग र्(सचिव,उदय वेलफेयर सोसाइटी), राहुल जैन (सचिव, उदय वेलफेयर सोसाइटी) एवम समस्त पदाधिकारीगण एवम सदस्य माजूद रहे। वहीं उदय वेलफेयर सोसाइटी ने बच्ची एवम परिवार के उज्जवल भविष्य की कामना की।
विवाहिता को लेने आए मायके वालों को पीटा, पांच घायल
मुजफ्पफरनगर। एक ओर जहां सरकार और समाजिक संस्थाएं महिला सशक्तीकरण, भ्रूण हत्या जैसे मामलों के खिलाफ अभियान चला रही हैं। वहीं, कुछ लोग अभी भी बेटियों को बोझ मानते हैं। खतौली थाना क्षेत्र के ग्राम गालिबपुर में ससुरालियों ने एक विवाहिता को केवल इसलिए घर से निकाल दिया, क्योंकि उसने एक साथ दो बेटियों को जन्म दिया था। इस मामले में विवाहिता के परिजनों ने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है। सहारनपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम नूनागढ़ी निवासी मुर्सलीन ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें बताया गया है कि उसकी बेटी शहजादी की शादी पांच वर्ष पहले खतौली थाने के गांव गलिबपुर निवासी आदिल से हुई थी। शहजादी के ससुराली उससे बेटा चाहते थे, लेकिन शहजादी ने दो जुड़वा बेटियों को जन्म दिया, जो उसके ससुरालियों को रास नहीं आया और उन्होंने शहजादी के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोप है कि शहजादी का पति, ननद, सास और ससुर ने उसके साथ लाठी डंडों से जमकर मारपीट की, जिसमें शहजादी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी पर शहजादी के परिजन उसकी ससुराल पहुंचे और ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया तो ससुरालियों ने उन पर भी हमला कर दिया।
अंसारी रोड पर एलआईसी कार्यालय में लगी आग, मचा हडकंप
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंसारी रोड पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया जबा अचानक एलआईसी ऑफिस में आग लग गई। घटना की जानकारी तब हुई जब ऑफिस के कर्मचारी सुबह सफाई करने कार्यालय पहुचे। आनन-फानन में आग लगने की सूचना कर्मचारियों ने दमकल विभाग को दी। एलआईसी की एक मंजिल में लगी आग में सारा सामान जलकर खाक हो गया, गनीमत यह रही कि आग दूसरी मंजिल तक नहीं पहुंची वरना कार्यालय में रखे कागजात और नकदी में आग लग सकती थी। मौके पर पहुंचे दमकलर्मियों ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। एलआईसी शाखा के प्रबंधक विष्णु अग्रवाल ने बताया कि संभवत शार्ट सर्किट के चलते कार्यालय में आग लगी है। आग लगने से कंप्यूटर और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए लेकिन गनीमत यह रही कि कार्यालय में रखा लाखों रुपयों की नकदी सुरक्षित है।
मुकदमे से नहीं डरते भाकियू कार्यकर्ताः लाटियान
मुजफ्फरनगर। भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। छपार टोल प्लाजा पर हुए विवाद में पुलिस ने भाजपा के इशारे पर भाकियू नेताओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। मगर कितने भी मुकदमे लग जाएं हम मुकदमे वापस करने के लिए नहीं कहेंगे।
पुरकाजी खंड विकास कार्यालय सभागार में भाकियू की बैठक में धीरज लाठियान ने भाजपा सरकार पर जमकर आरोप लगाए। कहा कि आठ माह से गाजीपुर बार्डर पर आंदोलन चल रहा है। हमारा मकसद आंदोलन चलाना है, मगर केंद्र सरकार भाकियू पर बार-बार कोई ना कोई आरोप लगाकर आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। थानों पर जाने वाले पीड़ित किसानों और मजदूरों की सुनवाई ना कर उन्हें धमकाया जा रहा है। अगर कहीं पर बिजली व अन्य समस्याओं को लेकर धरना दिया जाता हैं, तो मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। चार अगस्त को एसएसपी कार्यालय पर होने वाले धरने प्रदर्शन में भी यही मुद्दे प्रमुख रूप से रहेंगे। बैठक में चेयरमैन जहीर फारूकी, नवीन राठी, हरिओम त्यागी, मांगेराम त्यागी ने भी विचार रखे। मौके पर नीटू दुलारा, मुकेश ठाकुर, वीरेंद्र राठी, प्रधान विवेक राठी, बिट्टू राठी, मोनू पंवार, प्रधान मनीष चौधरी, संजय मौजूद रहे।
बैठक में भाकियू नेता मांगेराम त्यागी ने एक भाजपा नेता पर नशे की हालत में छपार टोल प्लाजा पर चल रहे धरने पर आकर बदसलूकी करने का आरोप लगाया। जिस पर कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा नेता के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई।
तेज बारिश से सोलानी नदी उफान पर
मुजफ्फरनगर। उत्तराखंड से छोड़े गए पानी से सोलानी नदी उफान पर आ गई है। जिस कारण पानी नदी से बाहर आकर कई गांवों के रास्तों पर आ गया। जिससे खादर में बाढ़ जैसे हालात बन गए। जंगल, खेतों और रास्तों पर पानी भर जाने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पानी के लगातार बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
उत्तराखंड से पानी छोड़े जाने पर सोलानी नदी एक बार फिर उफान पर आ गई। पानी नदी से बाहर आकर गांव रजगल्लापुर, रामनगर, शेरपुर नंगला, भदौला, भदौली, अलमावाला, जिंदावाला, चमरावाला, सुहेली, चानचक, पांचली, फरखपुर आदि करीब २४ गांवों के रास्तों पर पानी भर जाने से बाढ़ के हालात बन गए हैं। जिससे ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई। पानी और बढ़ने की संभावना को लेकर ग्रामीणों ने घरों में रखा सामान सुरक्षित स्थानों पर रखना शुरू कर दिया है।
राजेंद्र पांचली, राजू प्रजापति, साधुराम, सतनाम सिंह, कृष्णपाल, यादराम, बिजेंद्र सिंह, महकार सिंह ग्रामीणों ने बताया कि जंगलों व खेतों में पानी भरा रहने होने से एक सप्ताह से चारे की समस्या बनी हुई है। चारा नहीं होने पर पशुओं को भूसा खिलाना पड़ रहा है और पानी आ जाने से हालात बेहद खराब हो गए हैं। कई गांवों के रास्तों पर पानी आ जाने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ग्रामीण घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पानी और बढ़ने से हालात और विकट हो जाएंगे। एसडीएम सदर दीपक कुमार ने बताया कि पानी बढ़ने की जानकारी देकर ग्रामीणों को अलर्ट कर दिया गया है। नदी के पास नाव लगा रखी है। शेरपुर में बाढ़ चौकी बनाकर तहसील कर्मियों और पुलिस कर्मियों को हालात पर नजर रखने के निर्देश दे दिए गए हैं। ड्रेनेज विभाग मेरठ की टीम ने खादर क्षेत्र का दौरा किया। एसडीओ अशोक जैन ने बताया कि अगले दो दिन पुरकाजी खादर क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति बनी रहेगी। वर्तमान में दोनों नदियों का जलस्तर धनौरी में सामान्य हो चुका है। विभाग द्वारा सोलानी नदी पर तटबंध निर्माण की एक परियोजना शासन को भेजी जा चुकी है। परियोजना को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृत कर बाढ़ नियंत्रण परिषद पटना को भेजा गया है। इस दौरान एसडीओ ड्रेनेज अशोक जैन , संजीव मलिक, श्रवण कुमार, शिवेंद्र भारद्वाज मौजूद रहे।
वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया
मुज़फ्फरनगर। राजकीय इंटर कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें स्वर्गीय मोहित शर्मा की द्वितीय पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी अधिवक्ता मेनका भूषण व पुत्र अभिराज द्वारा वृक्षारोपण कर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अभियान में समाज के प्रतिष्ठित लोगों द्वारा उनको पूरा सहयोग किया गया। इस दौरान अधिवक्ता गौरव ने इसे एक सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि यह उनके प्रति के एक सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर मेनका भूषण के परिजनों सहित अनेक लोग मौजूद रहे और पौधारोपण को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि हमने एक हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है जिसे हम शीघ्र ही पूरा कर लेंगे। इस दौरान रिटायर्ड एस.आई.रविंद्र सिंह, समाजसेवी महेश कुमार शर्मा, समाजसेवी मनमोहन गोयल, रोमिता शर्मा समाजसेविका, छाया शर्मा समाजसेविका, राजीव, पंकज, प्रवीण, मनीष, सतीश मलिक, रमेश कुमार, राजेश शर्मा, अमित शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
भोकरहेड़ी में तालाब के अवैध कब्जे पर चला महाबली, अवैध कब्जा व अतिक्रमण पर कार्रवाई से मचा हडकंप
मोरना। जलभराव की समस्या को लेकर कस्बावासी परेशानहाल हैं, जिसकी शिकायत कस्बे के लोगों द्वारा वर्षों से प्रशासन से लेकर केन्द्रीय मंत्री तक की जा चुकी है। जलभराव के चलते कस्बे के अनेक मार्ग टूट गये हैं तथा अनेक घरों में बारिश का पानी घुस जाता है। मुख्य मार्गों पर बारिश के दौरान भारी जलभराव से कस्बे की जनता कराह उठी है। शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी जानसठ द्वारा तालाबों से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई शुरू की गई है, जिससे कस्बे में हडकंप मच गया है।
जेसीबी मशीन द्वारा तालाब से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की गई। नगर पंचायत भोकरहेड़ी के मौहल्ला बाजार वार्ड में स्थित तालाब पर गुरूवार को जब महाबली गरजा तो खलबली मच गई। जेसीबी मशीन द्वारा तालाब अवैध रूप से किए गये निर्माण को तोड दिया गया तथा वहां पडे कूडे के ढेरों को भी हटाया गया। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि कस्बे में तालाबों पर भारी अतिक्रमण तथा अवैध रूप से चल रहे सबमर्सिबल पम्प के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है।
तालाबों में मिट्टी भरकर उनके वजूद को समाप्त कर दिया गया है। दर्जनों तालाबों का नामोनिशान समाप्त हो चुका है। बारिश के दौरान तालाबों में पानी न समाने पर मुख्य मार्गों पर जलभराव हो जाता है तथा पानी घरों में घुस जाता है तथा घंटों तक मार्ग अवरूद्ध रहते हैं, कुछ दिन पूर्व जलभराव को लेकर मौहल्ला नेहरू चौक के निवासियों द्वारा आन्दोलन किया गया था, जिसमें अधिशासी अधिकारी को पानी के बीच बैठाकर बंधक बना लिया गया था, जिसके बाद नगर प्रशासन द्वारा पम्पिंग सैट लगाकर पानी को सुखाया गया था। दो दिन पूर्व हुई बारिश ने फिर स्थिति को जस का तस कर दिया था। समस्या के स्थाई समाधान को लेकर उपजिलाधिकारी जानसठ जयेन्द्र कुमार ने तालाबों से अतिक्रमण हटवाने के आदेश नगर प्रशासन को किए थे। नगर प्रशासन के अनुसार लगभग ४५० बीघा भूमि तालाबों की है, जिन पर से कब्जा हटवाने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। अनेक कब्जाधारियों को नोटिस भेजे गये हैं। तालाबों पर हो रहे अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाया जाएगा।
एन०सी०सी० कैडेटों ने वृक्षारोपण किया
मुजफ्फरनगर। प्राथमिक विद्यालय नई मंडी मुजफ्फरनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में सनातन धर्म महाविद्यालय के एन०सी०सी० कैडेटो द्वारा वृक्षारोपण किया गया।
शुक्रवार को एन०सी०सी० कैडेटों ने वृक्षारोपण किया। २६ यू०पी० गर्ल्स बटालियन सहारनपुर के अंतर्गत एस०डी० कॉलेज की छात्रा कैडेटों तथा ८२ यू०पी० बटालियन के संयुक्त तत्वाधान में नई मंडी थाने के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में जाकर जामुन, नीम, यूकेलिप्टस, आम, पीपल, बरगद आदि अन्य प्रजातियों के वृक्षों का रोपण किया गया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर पी०के० श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट डॉ० एस० एन० सिंह (ए०एन०ओ० ८२ यूपी बटालियन मुजफ्फरनगर) सुश्री सविता (केयर टेकर, २६ यू०पी० गर्ल्स बटालियन सहारनपुर) ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर एस०डी० कॉलेज के प्राचार्य पी०के० श्रीवास्तव एवं इतिहास विभाग के अध्यक्ष डॉ० अशोक त्रिपाठी जी मौजूद रहे।
महाविद्यालय के शिक्षक विकास कुमार, अभिषेक गोयल, धीरज गिरधर एवं डॉ० गौरव यादव मौजूद रहे। कैडेटों में विशेष रुप से अंडर ऑफिसर दीपाली, नैना, स्वाति पाल, मानसी, मो० शोएब, विधि शर्मा, वैभव समेत ४० कैडेट मौजूद रहे।
गंगनहर में कूदे व्यक्ति की मौत
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना इलाके के गंग नहर में अज्ञात व्यक्ति ने लगाई छलांग जहां तुरंत ही पीआरबी ११२ पुलिसकर्मी ने गंग नहर में कूदकर अज्ञात व्यक्ति को निकाला और उसे उपचार हेतु चिकित्सालय में ले जाया गया लेकिन उक्त व्यक्ति ने अस्पताल ले जाने से पूर्व ही दम तोड दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुढाना। बीते दिनों आपसी झगडे में घायल हुए युवक की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गयी। सूत्रों के अनुसार क्षेत्र के गांव परासौली निवासी एक युवक गांव में हुए आपसी विवाद में हुई मारपीट में घायल हो गया थां जिसे उसके परिजनों द्वारा मेरठ में उपचार हेतु भर्ती कराया गया था। बताया जाता है कि बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहे उक्त युवक की आज उपचार के दौरान मौत हो गयी। युवक की मौत से परिजनों में शोक छा गया है।
सरकारी रूपयों का किया जा रहा दुप्रयोगः कुंवर अयूब अली
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल के पर्यवेक्षक एवं महामंत्री और मुजफ्फरनगर के प्रभारी कुंवर अयूब अली ने आरोप लगाया कि पांच माह के प्रशासकों के कार्यकाल में मुजफ्फरनगर सहित पूरे प्रदेश में ग्राम सभाओं का पैसा विभिन्न मदों में दर्शाकर निकाल लिया गया है। जिसकी निष्पक्ष जांच होनी अत्यंत आवश्यक है। सरकुलर रोड स्थित रालोद कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कुंवर अयूब अली ने कहा कि अकेले बुढ़ाना विधानसभा ने 44 गांवों में 5 माह में 93 लाख रूपये निकालकर रिबोर, सैनेटाइजेशन जैसी मदों पर खर्च कर दिये गये। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्य में ग्राम सभाओं के प्रशासक और क्षेत्रीय विधायक की भूमिका संलिप्त पाई जा रही है। उन्होंने प्रमाण स्वरूप रालोद कार्यालय पर किये गये भुगतानों के वाउचरों की फोटो प्रति भी दर्शायी और कहा कि ये सारा भुगतान एक प्रकार से जेपी फर्मो को किया गया है। उन्होंने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने, सम्बन्धित लोगों की गिरफ्तारी होने और पूरे धन की रिकवरी करने की मांग की। रालोद नेता ने कहा कि यह प्रकरण उछलने के बाद फिलहाल प्रशासनिक जांच के तौर पर मुख्य विकास अधिकारी को जांच सौंपी गयी है लेकिन कोई भी इससे संतुष्ट नहीं है। उन्होंने एक सप्ताह का समय देते हुए कहा कि यदि जिला प्रशासन ने इस दिशा में कोई कार्यवाही नहीं की तो एक सप्ताह बाद वे जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे। इसी प्रकरण को लेकर नवाजिश आलम, धर्मवीर बालियान ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किये। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर, प्रमुख कार्यकर्ता पराग चौधरी, अंकित सहरावत, कमल गौतम, हंसराज जावला, विपुल राठी, सोमपाल, भूपेंद्र, मास्टर राजपाल, ओमकार बालियान, नौशाद खान, क्षेत्रीय मंत्री उधम सिंह, माधोराम शास्त्री, सुधीर भारती सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
पांच अगस्त को अन्न महोत्सव मनाया जायेगा
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा प्रदेश के सभी उचित दर विक्रेताओं के यहां पांच अगस्त को अन्न महोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया है। जिसमें उचित दर विक्रेताओं से संबद्ध कार्डधारको को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का निःशुल्क खाद्यान्न एवं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से संबंधित जानकारी प्रिंट किया हुआ बैग निःशुल्क वितरित किया जायेगा।
जिले में अन्न महोत्सव को जनपद मुजफ्फरनगर में सुचारू रूप से मनाने के लिये जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर चंद्रभूषण सिंह द्वारा जनपद के सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करते हुए सभी को निर्देशित किया है कि इसका आयोजन जनपद में सफलतापूर्वक संपन्न किया जाये। अन्न महोत्सव में उपस्थित कार्डधारकों में स प्रदेश के १० जनपदों सहारनपुर, झांसी, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, बहराइच, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, मिर्जापुर एवं मथुरा के कुछ कार्डधारकों से प्रधानमंत्री जी सीधा संवाद करेंगे। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह द्वारा निर्देशित किया गया है कि पांच अगस्त से प्रारम्भ होने वाले प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अन्तर्गत वितरण हेतु आवंटित खाद्यान्न का उठान प्रत्येक दशा में ३१ जुलाई तक खाद्य विभाग की विपणन शाखा द्वारा भारतीय खाद्य निगम से सुनिश्चित कर ली जायेगी। इसको पूर्ण कराने का दायित्व जिला खाद्य विपणन अधिकारी, मुजफ्फरनगर का होगा। इसी प्रकार उक्त योजनान्तर्गत उठायी गयी मात्रा को तत्परता से उचित दर दुकानों को निर्गत किया जाये, ताकि दिनांक ०५.०८.२०२१ से पूर्व प्रत्येक उचित दर दुकान पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित हो जाये और दिनांक ०५.०८.२०२१ से निर्बाध वितरण प्रारम्भ हो सके। इसको समयान्तर्गत सुनिश्चित कराने का दायित्व संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी/पूर्ति निरीक्षक एवं संबंधित क्षेत्रीय विपणन अधिकारी/विपणन निरीक्षक का होगा। प्रत्येक उचित दर दुकान पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के संबंध में आम जनता में जागरूकता पैदा करने के लिये संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक द्वारा प्रचार-प्रसार भी कराया जायेगा। श्अन्न महोत्सवश् के दिन प्रत्येक उचित दर दुकान पर कोविड प्रोटोकोल का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कम से कम १०० लाभार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जायेगी, जिनमें कुछ ऐसे लाभार्थी भी हों, जो प्रथम बार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अन्तर्गत राशन प्राप्त कर रहे हों। प्रत्येक उचित दर दुकान पर टेलीवीजन की व्यवस्था संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक द्वारा सुनिश्चित की जायेगी, ताकि वहां उपस्थित जनमानस, जिसमें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से अनाच्छादित व्यक्ति भी होंगे, उक्त प्रसारण को देख सके। इसमें उपजिलाधिकारी अन्य विभाग का सहयोग भी प्राप्त करेंगे। अन्न महोत्सव के सुचारू संपादन हेतु अपने तहसील अन्तर्गत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिये संबंधित उपजिलाधिकारी जोनल अधिकारी होंगे। जो इसकी नियमित समीक्षा कर, इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपादित करायेंगे। इसके साथ ही उपजिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत नगरक्षेत्रवार एवं विकासखण्डवार कम से कम एक-एक उचित दर की दुकान चिन्हित करेंगे। जिसमें अन्न महोत्सव के समय वह स्वयं भी माननीय जनप्रतिधियों के साथ उपस्थित रहेंगे। नगरक्षेत्र हेतु संबंधित अधिशासी अधिकारी नगर निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्र हेतु संबंधित खण्ड विकास अधिकारी इस कार्यक्रम हेतु नोडल अधिकारी होंगे। जो इसकी नियमित समीक्षा कर, इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपादित करायेंगे। इसके अतिरिक्त अपने-अपने क्षेत्र में श्अन्न महोत्सवश् के समय वह स्वयं भी किसी एक चिन्हित उचित दर की दुकान पर माननीय जनप्रतिधियों के साथ उपस्थित रहेंगे। अन्न महोत्सव के सुचारू संपादन हेतु प्रत्येक उचित दर दुकान पर एक-एक कर्मचारी एवं न्याय पंचायत स्तर पर एक-एक सेक्टर अधिकारी को नामित किया गया है। नगरीय क्षेत्र में ०९-१० उचित दर दुकानों पर एक-एक सेक्टर अधिकारी को नामित किया गया है। प्रत्येक उचित दर दुकान पर नामित कर्मचारी श्अन्न महोत्सवश् के समय संबंधित उचित दर की दुकान पर उपस्थित रहकर अपने समक्ष इस कार्यक्रम को संपादित करायेगा। सेक्टर अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में निरन्तर भ्रमणशील रहकर इस कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपादित कराएंगे।

