समाचार (Muzaffarnagar News)
खुला मेंन हादसे को दे रहा दावत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जानसठ रोड पर स्थित सहावली नाले से चन्द कदमों की दूरी पर स्थित एक कन्फेसनरी की दुकान के बराबर में सप्ताह भर से बड़े नाले का मेन हॉल खुला पड़ा है जो आए दिन हादसों को दावत तो दे ही रहा है वहीं दूसरी तरफ बरसात के दिनों में अगर यहां पानी भर जाए तो पता ही नहीं चलेगा कि कब कौन यहां मैनहोल में गिर कर नाले में समा जाएगा या यूं कहें कि मौत के गाल में भी जा सकता है।
बात अगर स्थानीय दुकानदारों की करें तो यहां स्थानीय दुकानदारों ने भी अपना मुंह बन्द कर रखा है उन्हें इस बात का भी पता नहीं कि आखिर मैन हाल किस वजह से और किसने इसको खुलवाया है। बड़ी बात यह है कि सप्ताह भर होने के बाद भी स्थानीय दुकानदारों ने इसकी शिकायत किसी भी अधिकारी से नहीं की है जबकि खुद इन दुकानदारों के पास रोजाना स्कूली छात्र छात्राएं और छोटे-छोटे बच्चे स्कूलों की छुट्टी होने के बाद बिस्कुट टॉफी आदि लेने के लिए यहां आते हैं। बड़ा सवाल कि आखिर अगर यहां कोई हादसा हो गया तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रधान से दैनिक समाचार इस तरफ ध्यान देने की अपील करता है ।।
शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा का दौर जारी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) नगर में इन दिनों हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लेकर आने वाले शिवभक्त कांवड़ियों की सेवार्थ हर कोई जी-जान से जुटा है । जहां एक तरफ जिला पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी डोर टू डोर निरीक्षण कर मुजफ्फरनगर की सीमा में आने वाले शिव भक्त कावड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था एवं उनके खान-पान आदि पर विशेष ध्यान दे रहे हैं ,तो वहीं दूसरी तरफ मुजफ्फरनगर के ही नेशनल हाईवे ५८ पर स्थित भागोवाली कट पर स्थानीय ग्रामीण व थाना नई मंडी पुलिस की संयुक्त टीम शिवभक्त कावड़ियों की सेवार्थ और सुरक्षा में दिन-रात लगी हुई है।
तस्वीरों में आप देख सकते हैं किस तरह नई मंडी थाना पुलिस आला अधिकारियों के दिशा निर्देशों के अनुपालन में हरिद्वार से आने वाले शिवभक्त कांवडियो को न केवल रास्ता पार करा रहे हैं। बल्कि उनको खाद्यय सामग्री भी वितरित कर रहे हैं यहां स्थानीय ग्रामीण भी पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आने वाले शिवभक्त कांवरियों की जी जान से सेवा करते दिखाई दे रहे हैं जिनमें चाहे हिंदू हो या मुस्लिम सभी लोग आपसी सौहार्द बना शिवभक्त कांवरियों की सेवा कर रहे हैं।
महिला की दीवार गिरने से बुजुर्ग मौत
भोपा (Muzaffarnagar News) दीवार गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई तथा इस हादसे मे उसकी पुत्रवधु गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
जानकारी के अनुसार भोपा थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव तिस्सा निवासी करीब 60 वर्षीय दयावती पत्नि स्व.अतर सिंह की आज दोपहर के वकत हादसे के तहत अचानक घर की दीवार गिरने से मलबे के नीचे दबने के कारण मौत हो गई। इस हादसे मे उसकी पुत्रवधु रविता बुरी तरह घायल हो गई। बताया जाता है कि उक्त दयावती के घर व जिने की सीढियां की एक ही दीवार है। जो अचानक गिर गई। इस हादसे मे मलबे के नीचे दब जाने से वृद्धा दयावती की मौके पर ही मौत हो गई तथा उसकी पुत्रवधु रविता घायल हो गई। महिला की मौत से परिजनो मे कोहराम मच गया तथा रोआराट शुरू हो गई। इस हादसे पर पडौसियों सहित दर्जनो ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणो ने घायल रविता को तुरंत ही उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवा दिया। इस हादसे से परिजनो मे शोक छाया हुआ है।
चिकित्सा शिविर का हुआ शुभारम्भ
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) सैन नाई समाज की ओर से आज कांवड चिकित्सा शिविर का शुभारम्भ खांजापुर के ग्राम प्रधान अमित कुमार एवं पुलिस चौकी प्रभारी बुढाना मोड जोगेन्द्र पाल सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्जवलित करके किया।
मिली जानकारी के अनुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सैन नाई समाज की ओर से आज कांवड चिकित्सा शिविर का शुभारम्भ खांजापुर के ग्राम प्रधान अमित कुमार एवं पुलिस चौकी प्रभारी बुढाना मोड जोगेन्द्र पाल सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्जवलित करके किया।
इस अवसर पर सैन नाई समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं शिव भक्तों द्वारा करतल ध्वनि द्वारा हर्षोल्लास से शिविर का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर डा. मोहित, डा. शिवानी, डा. विपिन, डा. जुगल, डा. राधेश्याम, डा. आदेश, डा. शकुन्तला का पूर्ण सहयोग रहेगा तथा समाज के गणमान्य व्यक्तियों में भोपाल सिंह, मांगेराम, शोराम, गजराज, रविकांत, जयपाल सिंह कृष्णापुरी, वयण कुमार, सोमपाल, हरिओम, विशेष कुमार, अजय कुमार, कुलदीप कुमार, ओमवीर, कृष्णपाल, ब्रह्मपाल आदि का सहयोग रहा। अंत में मास्टर उदल सिंह जिला अध्यक्ष एवं आयोजक ने सभी का आभार व्यक्त किया तथा प्रसाद वितरित किया।
दो की सड़क हादसे में मौत
छपार। (Muzaffarnagar News) सडक हादसे मे बाईक सवार दो युवकों की मौत से परिजनो मे कोहराम मच गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पहुंचे परिजनो की मौजूदगी मे पुलिस ने शवों को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब पौने चार-चार बजे छपार थाना क्षेत्र के हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट मे आकर बाईक सवार दो युवकों की मौत हो गई। उधर से जा रहे कुछ अन्य वाहन चालकों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सडक हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दोनो मृतकों के सम्बन्ध मे जानकारी हासिल की तो उक्त दोनो युवकों की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद की दुर्गा विहार कालोनी निवासी योगेश व सौरभ राणा के रूप मे हुई। पुलिस ने मृतकों के परिजनो को इस हादसे की जानकारी दी। जिससे परिजनो मे कोहराम मच गया। परिजन तथा उनके कुछ रिश्तेदार तुरंत ही छपार के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने परिवारजनो की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। इस हादसे से परिवारजनो मे शोक बना हुआ है।
ताला तोडकर की चोरी
भोपा। (Muzaffarnagar News) मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने दिया चोरी की घटना को अंजाम।भगवान शिव व पार्वती के आभूषण किए गए चोरी। सुबह सवेरे श्रद्धालु जलाभिषेक करने गए तो मंदिर का ताला टूटा देख मचा हड़कंप। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़। चोरों ने मंदिर से सभी मूर्तियों के चांदी के आभूषण घंटा आदि किये चोरी। दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी को भी चोरी। मौके पर पहुंची भोपा पुलिस जांच पड़ताल में जुटी। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही घटना का किया जाएगा खुलासा। भोपा थाना क्षेत्र के ग्राम मजलिशपुर तोफिर शिव मंदिर की घटना।
समस्याओं का समाधान गीता से सम्भवः ज्ञानानदं जी महाराज
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) तीन दिवसीय गीता सत्संग के प्रथम दिन महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज द्वारा संचालित जीओ श्री कृष्ण कृपा परिवार एवं जीओ गीता युवा चेतना मुजफ्फरनगर के सौजन्य से तीन दिवसीय गीता सत्संग में आज गुरु देव ने कहा कि सत्संग बड़ा दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि मनुष्य का जीवन बड़ा ही दुर्लभ है। जीव पशु हो मनुष्य हो चींटी हो, सभी में एक ही आत्मा है परंतु नर तन के समान कोई दुलर्भ योनि नहीं है। मनुष्य में जो मस्तिक है, वो किसी में नहीं है। उन्होंने कहा कि गीता सभी समस्याआें का समाधान है।गीता मनीषी ज्ञानानन्द जी महाराज ने प्रवचन के दौरान बताया कि आज विश्व के वातावरण मे सभी मनुष्य तनाव,दबाव वटेंशन से ग्रस्त हैं। इस सभी का समाधान श्रीमद भगवत गीता मे है। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने युद्ध भूमि मे अर्जुन को अपने कर्तव्य का बोध कराया। कि वह अपने कर्तव्य का पालन कैसे करें। गीता मनीषी ने बताया कि आज संसार मे जितनी भी समस्याए है। उन सभी का समाधान गीता मे है। उन्होने कहा कि नर तन सबसे श्रेष्ठ है। क्योंकि नर तन्त्र प्राप्त होने पर ही मनुष्य भगवान मे अपना मन लगाकर उसे प्राप्त कर सकता है। उन्होने कहा कि जितने भी आविष्कार बढ रहे हैं। उतने ही तनाव बढ रहे हैं। उन्होने कहा कि अब से 30-40 वर्ष पूर्व टेंशन शब्द को कोई जानता भी नही था। परन्तु अब प्रत्येक व्यक्ति अपने आप को टेंशन ग्रस्त बता रहा है। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओ का समाधान गीता मे है। मनुष्य के जीवन मे कहीं ना कहीं सघर्ष चलते रहते है। परन्तु भागवत गीता का उपदेश संघर्षो से बचने का समाधान बताता है। गीता मनीषी ने सभी से आहवान किया कि प्रतिदिन गीता का पाठ करें व गीता मे बताए गए मार्ग पर चलें। जिससे उनका जीवन शान्ती से कट सके। इस दौरान श्यामलाल बंसल दाल वाले,समाजसेवी भीमसैन कंसल, सपा नेता राकेश शर्मा,भाजपा नेता प्रदीप शर्मा,सन्तू पंडित आदि मौजूद रहे। कथा से पूर्व बाईपास पर गीता मनीषी का श्रृद्धालुओं द्वारा भोपा बाईपास पर जीओगीता युवा चेतना मुजफ्फरनगर एवं जीओ गीता श्री कृष्ण कृपा परिवार द्वारा पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। गीता सत्संग को सफल बनाने में एडवोकेट अमर कांत गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल, कमल गोयल, दिवाकर सोलंकी, शैलेन्द्र किंगर, गोपाल गर्ग, सुरेंद्र अग्रवाल, अतुल कुमार गर्ग, सुनील शर्मा, सुभाष गर्ग, इं. लोकेश चंद्रा, अमित गर्ग, अनुज शर्मा, शोभित गर्ग, कल्पना, सुनीता, रंजु, दीपा, सुभाष गुप्ता आदि का सहयोग रहा। यह जानकारी महामंत्री अतुल कुमार गर्ग एवं संयोजक सुनील शर्मा ने दी।
भूजल सप्ताह का बुढ़ाना में आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) अटल भूजल योजना के अन्तर्गत जनपद मुजफ्फरनगर के विकास खण्ड बुढाना की ग्राम पंचायत मिंडकली में भूजल सप्ताह का आयोजन किया गया जिसमें परम्परा आर्ट ग्रुप मेरठ की ओर से भूजल संरक्षण के सम्बन्ध में नुक्कड नाटक आयोजन किया गया जिसमें आई0ई0सी0 एक्सपर्ट पृथ्वीराज सिंह के द्वारा ग्राम वासियों के साथ भूजल संरक्षण हेतु विस्तार से चर्चा की गई एवं अटल भूजल योजना की जानकारी दी गई जिसमें ग्राम प्रधान, ग्रामवासियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ग्राम के उन्नति शील किसानों को गिरते भूजल के प्रतिजाग रूक किया गया एवं जल शपथ दिलाई गई।
मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड, एसएसपी ने भी किया जलाभिषेक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) सावन माह के पहले सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भोले के भक्त उमड़ पड़े। एसएसपी विनीत जायसवाल ने भी शिव मूर्ति पहुंचकर भोले बाबा का जलाभिषेक किया। शहर से लेकर देहात तक शिवालयों में श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही।
जलाभिषेक को शिवालयों के बाहर लगी लाइन
सावन के पहले सोमवार को महादेव का जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों में भक्त उमड़ पड़े। सुबह स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने शिवालयों में लंबी-लंबी कतारों में लग भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सनातन धर्म के अनुसार श्रावण मास भगवान शिव को अति प्रिय है। भगवान शिव ऐसे देवता हैं जो एक लोटा जल से भी प्रसन्न हो जाते हैं। श्रावण मास के शुरू होते ही शिवालयों को बंधनवारों, तोरणद्वारों आदि से भव्य रूप से सजाया गया है।
सावन के पहले सोमवार को सुबह से मन्दिरों में भक्तों की भीड़ लगना शुरू हो गई थी। शहर के शिव चौक स्थित शिव मूर्ति और गांधी कालौनी के अनंतेश्वर महादेव मंदिर तथा प्राचीन भौरों का मंदिर समेत अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लगी हुई थी। मंदिर में भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सावन का पहला सोमवार होने के कारण भगवान शिव की भक्ति की अटूट आस्था शहर से गांव तक दिखाई दी।
शहर-देहात के इन मंदिरों में जलाभिषेक को उमड़े श्रद्धालु
सावन का महीना होने के चलते इस समय शहर में हरिद्वार से गंगा जल लेकर आने वालों की कतार लगी है। अपने गंतव्य की और बढ़ते श्रद्धालु कांवड़िया मार्ग में पड़ने वाले शिवालयों में भी भोले बाबा के चरणों में शीष नवा रहे हैं। शहर की हृदय स्थली कहे जाने वाले शिवचौक स्थित शिव मंदिर, अनंतेश्वर महादेव मंदिर गांधी कालोनी, श्यामा श्याम मंदिर गांधीनगर, नवीन मंडी स्थित शिव मंदिर, नई मंडी स्थित शिव मंदिर, द्वारिकापुरी स्थित शिव मंदिर, पंचमुखी स्थित शिव मंदिर, दक्षिणी कृष्णापुरी स्थित शिव मंदिर और न्यू एसडी कॉलेज स्थित शिव मंदिर समेत सभी शिवालयों पर महादेव को प्रसन्न करने के लिए भक्त जलाभिषेक कर रहे हैं।
कांवड मार्ग का अपर जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) अपर जिलाधिकारी प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत छपार में कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के द्वारा छपार पहुॅचकर विभिन्न शिविर एवं कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया गया ।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति चौक करते हुए निर्देशित किया कि अपने क्षेत्रों में लगातार घूमें और चौक करते रहें कि किसी भी कॉवडिया को कोई परेशानी का सामना न करना पडें। अपर जिलाधिकारी प्रशासन द्वारा मार्ग का निरीक्षण कर कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, कूड़ा उठान, पेयजल, सीसीटीवी कैमरा, रेलिंग, नहर पटरी, मेडिकल हैल्थ कैंप आदि व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
शव मिलने से मचा हड़कम्प
चरथावल।(Muzaffarnagar News) नहर मे अज्ञात व्यक्ति का शव बहता देख ग्रामीणो मे हडकम्प मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भर कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र स्थित नहर मे नहा रहे एवं अपने पशुओं को नहला रहे ग्रामीणो मे उस समय हडकम्प मच गया। कि जब ग्रामीणो ने देखा कि नहर मे किसी अज्ञात व्यक्ति का सडा गला शव बहता आ रहा है। इस हादसे से नहर मे नहा रहे ग्रामीणो ेहडकम्प मच गया। ग्रामीणो ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की जानकारी मिलने पर कुछ ही देर मे मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार नहर से शव को बाहर निकलवाया तथा पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। पुलिस सूत्रो का कहना है कि उक्त शव सडी-गली अवस्था में है,सम्भवतः शव निकटवर्ती जनपद सहारनपुर की और से बहकर आया है। जिसे पोस्ट मार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। जांच पडताल के पश्चात ही इस सम्बन्ध मे कुछ कहा जा सकेगा।
महिला ग्राम संगठन की बैठक सम्पन्न
शाहपुर। (Muzaffarnagar News) खंड विकास अधिकारी शाहपुर के निर्देशों के क्रम में कान्हा महिला ग्राम संगठन की मीटिंग हुई । जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के निर्देशानुसार एवं खंड विकास अधिकारी शाहपुर के निर्देशों के क्रम में कान्हा महिला ग्राम संगठन की मीटिंग हुई जिसमे सभी ने पहले प्राथना की और बैंक व्दारा चेक बुक ना मिल पाने से लेन-देन पर आ रही दिक्कतों पर चर्चा किया और प्रत्येक समूह में चेक बुक के लिए प्रस्ताव पारित करने का निर्णय लिया गया। मीटिंग में बी०एम०एम० ईशिका वर्मा तथा समूह सखी लक्ष्मी तथा बुक कीपर सुलोचना उपस्थित रहे।

