समाचार (Muzaffarnagar News)
विधि विधान के साथ की मंत्री कपिलदेव ने पूजा अर्चना
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)सावन मास की शिवरात्रि पर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री व क्षेत्रीय विधायक कपिल देव अग्रवाल ने ग्राम शेरनगर में महादेव शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। इस मौके पर विधिवत पूर्जा अर्चना के बाद प्रदेश की जनता के उत्तम स्वास्थ्य, उन्नति की कामना भी की।
आज मुजफ्फरनगर विधानसभा के ग्राम शेरनगर में महादेव शिव मंदिर पर भगवान शंकर का जलाभिषेक कर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मंदिर परिसर पर मौजूद शिवभक्तों को शिवरात्रि की शुभकामना दी। मंत्री कपिल देव ने कहा कि सावन मास भगवान शिव को अत्यधिक प्रिय है। हर महीने कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मासिक शिवरात्रि मनाई जाती है, मगर सावन में आने वाली शिवरात्रि का विशेष महत्व होता है।
मंत्री कपिल देव ने कहा कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ की पूजा के लिए विशेष माना जाता है। इस महीने में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर आते हैं। शिवालयों में पूरे श्रावण मास के दौरान जलाभिषेक व पूजा चलती है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर दूध, फल-फूल, धतूरा, बेलपत्र, घी, दही, जल आदि से अभिषेक कर पूजा अर्चना की। शिवालयों में भव्य सजावट की गई थी। शिवलिंग पर जलाभिषेक कर शिवभक्तों ने खुशहाली की मनोकामना की। हर हर महादेव और जय जय भोले के उदघोष के साथ आकाश गुंजायमान होता रहा। मंत्रोंच्चारण से माहौल पूरी तरह से शिवमय हो गया।
ग्राम शेरनगर के प्राचीन शिव मंदिर में भोर से ही श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक व पूजन करने के लिए पहुंचने लगे थे। दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर दूध, गंगाजल, कमल, बेलपत्र, भांग, अक्षत, धूप दीप से पूजन किया। श्रद्धालुओं मंदिरों में फूल, बेलपत्र और पूजन सामग्री लेकर भगवान भोले का अभिषेक करने पहुंचे। घर और मंदिरों में हर-हर महादेव का जयघोष सुनाई दिया। मंदिरों में गूंजते जयकारे और घंटा घड़ियाल की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर ललित महेश्वरी, मण्डल अध्यक्ष हरेंद्र पाल, ऋषिराम उर्फ कल्लू, प्रमोद बलभद्र, मनोज गुर्जर,विहिप नेता ललित माहेश्वरी,मण्डल अध्यक्ष हरेन्द्र पाल, रिषीराम उर्फ कल्लू, प्रमोद, बलभद्र जी, मनोज गुर्जर, युवा नेता दीपक सैनी, कुमकुमार सैनी,ग्राम प्रधान इकराम, वरिष्ठ अधिवक्ता अमित विकल ग्राम प्रधान इकराम, सुरेन्द्र गुर्जर आदि रहे।।
बम बम भोले के जयघोष के साथ शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। शिवरात्रि के पावन पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव का जलाभिषेक किया। देर रात से शुरू हुआ जलाभिषेक का दौर दोपहर तक जारी रहा। शहर के बीच संचालित कांवड़ का रेला महाशिवरात्रि पर समाप्त हो गया तो दूसरी ओर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों का तांता लगा रहा। शिव चौक समेत शहर के प्रमुख शिवालयों में रात से भगवान आशुतोष का जलाभिषेक शुरू हुआ और देर शाम तक जारी रहा। हर-हर महादेव के बीच मंदिरों में घंटे घड़ियाल गूंजते रहे। मंदिरों में आस्था की लहर उमड़ रही थी। श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना की। हरिद्वार से कांवड़ उठाने का शुरू हुआ सिलसिला महाशिवरात्रि के मौके पर संपन्न हुआ। कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर शहर के बीच से गुजरते रहे और महाशिवरात्रि के मौके पर पहुंच कर भोले शिवशंकर का जलाभिषेक कर अपनी मन्नत पूरी की। महाशिवरात्रि के मौके पर शिव चौक पर जलाभिषेक को श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पीछे से आने वाले कांवड़िए जो अपने गंतव्य पर नहीं पहुंच पाए थे उन्होंने भी शिव चौक पर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। इसके अलावा शहर के श्रद्धालुओं का शिव चौक पर जल चढ़ाने के लिए तांता लगा रहा। सुबह से ही शिव चौक पर जल चढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया था। शिवालयों में भगवान शिव शंकर के भजन गूंज रहे थे। उत्साह व अगाध श्रद्धा के साथ शिव भक्त भगवान शिव को प्रसन्न करने में लगे रहे। शिव भक्त बेल पत्ता, दूध, फूल, काले तिल व अन्य पूजन सामग्री के साथ शिवालय पहुंचे और जलाभिषेक किया। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शिव चौक पर जलाभिषेक को सबसे लंबी कतार लगी थी। शिव चौक से लेकर काफी दूर तक शिवभक्त अपनी बारी का लाइन में लगकर इंतजार कर रहे थे। कड़ी सुरक्षा के बीच शिवालयों में भगवान शिव शंकर को जल चढ़ाया गया। देर शाम तक श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भगवान शिव की आराधना करते रहे। भक्त भोले की आराधना व जलाभिषेक में लीन दिखाई दिए। शिव चौक के अलावा गांधी कालोनी अनंतेश्वर महादेव मंदिर, बोहरो का मंदिर, बालाजी धाम, गणेश धाम, गऊशाला रोड पंचायती मंदिर, श्रीबालाजी दरबार समेत शहर के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
डाक कांवडों का रहा जोर
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) बम बम भोले के जयघोष के साथ डाक कांवडों का सिलसिला शिवरात्रि के दिन भी जारी रहा रहा। इस बार भी बिना साइलेंसर की बाइके भी कांवडियां की धूम मचा रही है। दिल्ली, हरियाणा के साथ दूर-दराज से शिवभक्त गंगाजल लेकर हरिद्वार से शिवालयों की ओर शिवरात्रि के दिन भी दोड़ते रहे। डाक कांवड़ की समय की मियाद पर दौड़ती है, ऐसे में युवाओं की टोली ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक के साथ अन्य वाहनों पर सवार है। कोई २० किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रहा है तो कोई बिना रुके और थके चल रहा है। बाबा भोलेनाथ की भक्ति से जनपद धर्ममय हो गया है। माहौल में आस्था की खुशबू चहुंओर बिखरी रही। बाबा भोलेनाथ की भक्ति में डाक कांवड़िये अपनी मन्नतों और महादेव को प्रसन्न करने के लिए लगातार निकले जहां शिवरात्रि के दिन भी कांवडियों की संख्या जारी रही। हाईवे पर आस्था के पथ पर भक्ति की रफ्तार ने सभी को अभिभूत किया। युवाओं की टोली गंगाजल लेकर और लाने के लिए दौड़ रही है।
पुलिस रही तैनात
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) शिवरात्रि पर्व पर पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों की शिवालयों पर भीड लगी रही। जहां शिवभक्तों ने हर हर महादेव के जयकारों के साथ जलाभिषेक किया। शिवमूर्ति पर भी जलाभिषेक करने वाले शिवभक्तों की भीड लगी रही। उन्होंने आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिनस्थों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
एसएसपी विनीत जायसवाल ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि किसी भी छोटी बड़ी घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को देनी है। इसके साथ ही कांवड़ यात्रियों तथा श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करना है।
कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं। शिवरात्री के मौके पर देर रात तक पुलिस अधिकारी शिव चौक तथा कांवड़ मार्ग पर डटे रहे। एसएसपी विनीत जायसवाल स्वयं रात्री ४ बजे तक शिव चौक पर डटे रहे। उन्होंने शिवरात्री के मौके पर शिव चौक स्थित शिव मंदिर पर जलाभिषेक किया।
उसके बाद ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को शिवरात्रि पर्व पर मन्दिरों में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ के दृष्टिगत सतर्कतापूर्वक ड्यूटी करने, शालीन व्यवहार रखते हुए कांवड यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की हरसम्भव सहायता करने के निर्देश दिये। एसएसपी ने किसी भी छोटी-बडी सूचना से उच्चाधिकारीयों को अवगत कराने सहित अन्य आवश्यक दिशा निर्देश पुलिस कर्मियों को दिये। इस दौरान एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, एडीएम प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह , एसपी क्राइम प्रशान्त कुमार प्रसाद, सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार, सीओ सिटी कुलदीप कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
शिव मंदिरों की व्यवस्था को चौकी प्रभारी ने देखा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) एसएसपी विनीत जायसवाल व सीओ सिटी कुलदीप सिंह के आदेश अनुसार शहर कोतवाल आनंद देव मिश्रा के नेतृत्व में रोहाना चौकी प्रभारी राजीव शर्मा ने रोहाना क्षेत्र में सभी शिव मंदिरों की व्यवस्था का किया निरीक्षण। रोहाना क्षेत्र में हर की पौड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर अपने अपने गांव की ओर आगमन कर रहे हैं सभी शिव भक्तों गांव के मंदिरों में जलाभिषेक कर रहे हैं भोले बाबा सभी की मनोकामना को पूरी करें। रोहाना चौकी प्रभारी राजीव शर्मा ने रोहाना क्षेत्र में कावड़ यात्रा व शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई। वहीं शिवभक्तों तथा नागरिकों ने एसएसपी विनीत जायसवाल, सीओ सिटी कुलदीप सिंह, शहर कोतवाल आनंद देव मिश्रा, रोहाना चौकी प्रभारी राजीव शर्मा व खालापार चौकी प्रभारी राकेश शर्मा ने अपनी टीम के साथ कावड़ यात्रा २०२२ शांतिपूर्वक निकालने पर उनका आभार जताया।
प्रबुद्ध लोगो को भारतीय विश्व कल्याण उत्थान समिति ने कियासम्मानित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)श्रावण मास महा में विभिन्न जनपदों से , प्रदेशो से हरिद्वार पहुँचकर माँ गंगा से गंगाजल लेकर अलग अलग स्थानों पर स्थित शिवालयो पर अपनी मन्नतो के अनुरूप महाशिवरात्रि महापर्व पर पंचामृत कर भोलो में महाशिवरात्रि मनाई वही भगवान शिव के भोले भक्तो की सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर श्रदालुओ ने विशाल कावड़ शिविर लगाकर भोजन प्रसाद,चिकित्सा आदि की सुविधा देते हुए सेवा की है सेवा दी है। श्रदालुओ की आस्था को देखते हुए भारतीय विश्व कल्याण उत्थान समिति द्वारा रुड़की रॉड स्थित एकता विहार पर नरेश कुमार गुप्ता(बंटी) व पुरानी तहसील नगर कोतवाली स्थित लगे कावड़ सेवा शिविर के समापन पर नवीन कश्यप जी को पटका पहनकर व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित करने वालो में भाजपा जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला जी , समिति अध्यक्ष संजय धीमान,राजेश कर्णवाल,मनीष पाल विनोद पुंडीर, अजय त्यागी,सतीश कुमार,मुकेश कुमार,आशुतोष धीमान, संदीप धीमान बैंक वाले,वीरेंद्र धीमान, प्रदीप धीमन फोरमेन,मोहित धीमान, अनोज धीमान आदि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
उत्कृष्ट सहयोग करने वालों को समाजसेवी मनीष चौधरी ने किया शाल ओढाकर सम्मानित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) शहर कोतवाली के निकट स्थित पुरानी तहसील परिसर मार्केट में शिवभक्त कावडियों की सेवा करने के लिए लगातार ७ दिन से चल रहे श्रीराम भंडारे व कावड शिविर का आज समापन हो गया है। प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी के नेतृत्व आज शहर कोतवाली के निकट स्थित तहसील परिसर मार्केट में श्रीराम भंडारे व कांवड़ शिविर का विधिवत समापन किया गया । इस अवसर पर पंडित ब्रज बिहारी अत्री ने हवन पूजन कराया। तत्पश्चात समाजसेवी मनीष चौधरी ने भगवान शिव, प्रभु श्रीराम, गणेशजी व माता रानी को भोग लगाकर आज का भंडारा शुरू कराया, जिसमें आलू, कचौरी, कढी, चावल व खीर का प्रसाद वितरित किया गया । उन्होंने शिविर में आराम कर रहे सभी भोलो से प्रभु श्रीराम और भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रसाद ग्रहण करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर शिविर के आयोजन में सहयोग करने वाले आयोजकों, पत्रकारों, भारत स्काउट गाइड के पदाधिकारी भारत भूषण अरोड़ा, प्रभा दहिया, कुमारी ज्योति, अमित सैनी, आनंद बालियान, किरण, आशीष, आयुष चौधरी, पुलिस व एलआईयू अधिकारी योगराज सिंह, नितिन त्यागी के अलावा शिविर में विशेष सेवा करने पर चायवाले व सफाई कर्मचारी को शाल ओढाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने कहा कि भोलों की सेवा करने के लिए शिविर में सभी का सहयोग रहा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कावडियों की सेवा करने के बाद उनके गंतव्य को रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में जनपद की समाजसेवी टीम के साथ ही युवा कश्यप समिति व अखिल भारतीय युवा संघ के बैनर तले संयुक्त रूप से भोलो की सेवा की। उन्होंने बताया कि लगातार ७ दिन तक हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले सभी भोलों के लिए शिविर में रहने, खाने, पीने, सोने की सुविधा उपलब्ध है और चाय, नाश्ता, खाना तथा नहाने की भी सुविधा रही। इस अवसर पर युवराज सक्षम चौधरी, पंडित ब्रजबिहारी अत्री, नवीन कश्यप युवा कश्यप विकास समिति, हंसराज कश्यप, विशांत कश्यप, अभी कश्यप, लक्ष्य कश्यप अखिल भारतीय युवा संघ, शांतनु प्रताप सिंह, सौरभ चौधरी, केपी चौधरी, आल इंडिया एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट से विक्की चावला, भारत भूषण अरोड़ा, संजय मदान, यशपाल सिंह, वेदांश धीमान, नमन गर्ग, गौरव सिंघल आदि मौजूद रहे।
शिवरात्रि व कारगिल उत्सव पर जलाभिषेक-वृक्षारोंपण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)शिवरात्रि के महापर्व पर शंकर भगवान के भक्तों ने जलाभिषेक करने के साथ – साथ कारगिल विजय व शहीदां के सम्मान में वृक्षारोंपण किया। पूरे देश में शिवरात्रि व कारगिल विजय उत्सव को तिरंगे के साथ जोड़ा गया। जिससें उत्सव में ओर ज्यादा उत्साह आ गया। रेशू विहार स्थित क्षेत्र में क्षेत्रवासियों ने सत्यप्रकाश रेशू अग्रवाल के साथ श्यामा तुलसी का पौधा लगाया व जलाभिषेक करते हुए कारगिल विजय उत्सव मनाया। इस अवसर पर कारगिल में शहीद हुए व कावड़ यात्रा के दौरान भगवान को प्यारे हुए देश भक्तों को श्रद्धांजलि दी गई। शिवरात्रि के व्रत के साथ – साथ कारगिल व कावड़ यात्रा के दौरान भगवान को प्यारे हुए सभी देश भक्तों को श्रद्धांजलि देते हुए सत्यप्रकाश रेशू ने कहा कि लगाये गये वृक्षों से हमे वातावरण को शुद्ध रखने में सहयोग मिलेगा जिससे हम एक – दूसरे को सदैव याद करते रहेगें। इस अवसर पर सत्यप्रकाश रेशू अग्रवाल के साथ – साथ मनीष भारती, जोगिन्द्र हुडड्ा, गरिमा सिंह, नैनसी गर्ग, अतुल कौशिक, शान कारपेन्टर, योगेन्द्र त्यागी, अमित बढ़ाना आदि उपस्थित रहे।
हर हर महादेव के गूंजते रहे जयघोष
मुजफ्फरनगर। सावन माह के शिवरात्रि पर्व के मददेनजर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी चन्द्र भूषण सिंह व एसएसपी विनित जायसवाल के निर्देशो के चलते कांवड यात्रा की सकुशलता के साथ आज शिवरात्रि पर्व पर होने वाले भगवान आशुतोष के जलाभिषेक तथा त्यौहार सम्बन्धी सभी व्यवस्थाओं को प्रशासन द्वारा पूर्व मे ही दुरूस्त करा दिया गया।
आज शिवरात्रि पर्व पर सुबह से नगर के विभिन्न मंदिरो तथा शिवालयो मे भगवान शंकर का जलाभिषेक एवं पूजा अर्चना करने वाले श्रद्धालुओ की अच्छी-खासी भीड देखने को मिली। सभी श्रृद्धालुओ ने पंक्तिबद्ध हो जलाभिषेक किया तथा भोलेनाथ से अपनी मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। डीएम चन्द्रभूषण सिंह व एसएसपी विनित जायसवाल,एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय,एडीएम प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह,एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय,एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, एसपी क्राईम प्रशान्त कुमार प्रसाद,एसपी टै्रफिक कुलदीप सिह तथा सीओ सिटी कुलदीप कुमार सहित समस्त क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी मय फोर्स के अपने-अपने थाना क्षेत्र मे लगातार भ्रमण करते रहे तथा जलाभिषेक सम्बन्धी व्यवस्थाओ का जायजा लेने के साथ अधिनस्थो को आवश्यक दिशा-निर्देश देते नजर आए। जिला पुलिस प्रशासन तथा पालिका प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग,विद्युत विभाग,टै्रफिक पुलिस आदि समस्त विभागो के अलावा विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाए तथा धार्मिक संस्थाओ से जुडे पदाधिकारी पिछले करीब एक सप्ताह से निरन्तर शिवभक्तो की सेवा मे लगे रहे। उत्तर भारत की प्रसिद्ध कांवड यात्रा मे लाखो-करोडों शिवभक्त सहभागी बनते हैं। जिनमे से सम्भवतः 80 प्रतिशत कांवडिये पौराणिक तीर्थ स्थली शिव चौक स्थित भगवान आशुतोष की परिक्रमा एवं दर्शन कर अपने गंतव्य की और बढते हैं।
श्रावण माह मे नगर का वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो जाता है। हर और बम बम भोले का जय घोष,पूजा-पाठ एवं हवन,पूजन एवं शिवालयो मे रूद्राभिषेक का सिलसिला जारी रहता है। विद्वान पंडितो द्वारा भगवान शंकर का रूद्राभिषेक कराया जाता है। महामृत्युंजय सेवा मिशन के संस्थापक अध्यक्ष पंडित संजीव शंकर शर्मा,नई मन्डी बिन्दल बाजार स्थित माता वाले मन्दिर के पुजारी पंडित सुधाकर भारद्वाज आचार्य,पंडित विशेषानन्द गौतम,सन्तु पंडित, पंडित गिरीराज गौतम, पंडित ध्यानचंद कुश, पंडित रामानुज दूबे, पंडित अवधेश मिश्रा आदि विभिन्न आचार्यो द्वारा रूद्राभिषेक तथा धार्मिक अनुष्ठान कराये जा रहे हैं। श्रावण माह मे भगवान आशुतोष को विल्वपत्र,भांग, धतूरा तथा बेल,पंचामृत आदि के साथ जलाभिषेक कराने का शास्त्रो मे प्रावधान है। विभिन्न आचार्यो,पुरोहितो तथा विद्वानो के सानिध्य मे धार्मिक अनुष्ठान का सिलसिला जारी है जो कि श्रावण माह मे यथावत जारी रहेगा। नई मन्डी स्थित संकीर्तन भवन मंदिर एवं श्री बालाजी धाम मे श्रावण माह मे ओम नमः शिवाय के जाप चल रहे हैं।
बाजारों में रही छीड़
मुजफ्फरनगर। शिवरात्रि के कारण आज बाजारो मे सन्नाटा सा पसरा रहा। जिसका एक मुख्य कारण यह भी रहा कांवड यात्रा पर बाजारो मे काम कम हो जाने की वजहा से अधिकतर व्यापारी या तो कांवड सेवा शिविर मे सेवा कार्यो मे लगे रहे तथा युवा व्यापारी अपने साथियों के साथ कांवड लेने चले गए। अब कांवड यात्रा सकुशल सम्पन्न होने पर बुधवार से बाजारो मे रौनक देखने को मिलेगी। फिलहाल व्यापारियो सहित अन्य सभी लोग या तो कांवड यात्रा की थकान मिटा रहे हैं या फिर जलाभिषेक के लिए इधर-उधर शिवालयो मे गए हुए हैं। पिछले करीब एक सप्ताह से हर और बस बम बम भोले के जयघोष,डीजे की आवाज तथा कांवडियो का सैलाब नजर आया। जिला पुलिस प्रशासन की विभिन्न व्यवस्थाओ के बीच कांवड यात्रा सकुशल एवं शांतिपूर्ण तथा सौहार्दपूर्ण माहौल मे सम्पूर्ण हुई। कांवड यात्रा की सकुशलता पर आला अधिकारियो सहित कांवड यात्रा की व्यवस्थाओ मे लगे अधिकारियों एवं विभागीय कर्मचारियो ने राहत की सांस ली। हालांकि दिनरात एक कर कांवड यात्रा के दौरान डयूटी पर तैनात रहे कर्मियो को थकान महसूस हो रही है। परन्तु इस सब के कांवड यात्रा की सकुशलता से उनके चेहरे पर संतोष के भाव हैं।
जुडेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी भीड़
मुजफ्फरनगर। सिद्धपीठ प्राचीन जुडेश्वर महादेव मंदिर ककराला में शिवरात्रि पर आस-पास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। इसके अलावा क्षेत्र के विभिन्न गांव के शिव मंदिरों में भी जल चढ़ाने को शिव भक्तों को भीड़ लगी रही। सिद्धपीठ प्राचीन जुडेश्वर महादेव मंदिर ककराला पर मंगलवार सुबह ही छछरौली, मोरना, मिल कालोनी, ककराला, भेडाहेडी आदि गांवों से आए श्रद्धालुओं की कतार लग गई। श्रद्धालुओं ने बेल पत्र, फल, दीप, धूप आदि विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके अलावा प्राचीन शिव मंदिर मोरना, भोपा, ककरौली, भोकरहेड़ी, शुकतीर्थ शिवधाम, श्री नीलकंठ महादेव फिरोजपुर आदि में भी श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। तीर्थनगरी शुकतीर्थ में गंगा घाट पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर शुकदेव मंदिर, हनुमद्धाम, शिवधाम, श्री विश्वनाथ महादेव, दंडी आश्रम आदि में शिवजी की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। शिव धाम में पंडित ध्रव दत्त शास्त्री ने बेल पत्र, भांग, धतुरा, दूध, दही, शहद से भगवान शिव का विशेष रूद्राभिषेक संपन्न कराया। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहा। सीओ भोपा गिरजा शंकर त्रिपाठी व प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह रावत पुलिस फोर्स के साथ मंदिरों पर घूमते रहे।

