News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

खाटू श्याम निशान यात्रा में भक्ति का उमड़ा सैलाबMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। फाल्गुन मास की एकादशी पर मुजफ्फरनगर भक्तिरस में सराबोर नजर आ रहा है। श्री गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर समिति के द्वारा मनाये जा रहे पांच दिवसीय खाटू श्याम फाल्गुन महोत्सव में शुक्रवार को शिव चैक से भव्य निशान पदयात्रा का आयोजन किया, जिसमें बाबा श्याम के भक्तों के रूप में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
नई मंडी क्षेत्र के भरतिया कॉलोनी स्थित श्री गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर समिति द्वारा 24 फरवरी से मनाये जा रहे फाल्गुन महोत्सव के उपलक्ष्य में बाबा खाटू श्याम की भव्य निशान पदयात्रा का शुभारंभ शुक्रवार को शिव चैक से आस्था के उत्साह के साथ हुआ। पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चारण के बीच जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से यात्रा को रवाना किया। निशान यात्रा का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा नेता गौरव स्वरूप और मंदिर समिति अध्यक्ष अशोक गर्ग, उद्यमी भीमसेन कंसल, वरिष्ठ पत्रकार अंकुर दुआ द्वारा किया गया। इस दौरान शिव चैक परिसर में बाबा श्याम की आरती और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
जनप्रतिनिधियों के साथ हजारों की संख्या में श्रद्धालु हाथों में लाल-पीले निशान लेकर बाबा के जयकारों के साथ पदयात्रा में शामिल हुए। श्रद्धालु भजनों की धुन पर नाचते-गाते हुए नई मंडी स्थित गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर की ओर बढ़े। जय श्री श्याम के उद्घोष से पूरा मार्ग गूंजता रहा। यह निशान यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों शिव चैक, झांसी रानी चैक, टाउन हॉल रोड, भोपा पुल और पीठ बाजार से होकर गुजरी। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्था की गई। गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने निशान अर्पित कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।  मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पांच दिवसीय फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत फूलों की होली, चंग धमाल, संकीर्तन और भंडारे जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। महोत्सव का समापन 28 फरवरी को भव्य भंडारे के साथ होगा। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि बाबा श्याम की निशान यात्रा में शामिल होने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस अवसर पर अनिल गोयल, जेपी गोयल, अम्बरीष सिंघल, रजत गोयल, अनिल ऐरन, विकल्प जैन, गोल्डी सिंधी, रजत राठी, यश गर्ग, विकास अग्रवाल, प्रतीक सहित हजारों भक्त मौजूद रहे।

 

जुमेे की नमाज में अमन चैन की दुआ
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) पवित्र रमजान माह के दूसरे जूमे को जनपदभर मे विभिन्न व्यवस्थाओ के बीच जूमे की नमाज अदा की गई।
  जूमे की नमाज के चलते जिला पुलिस-प्रशासन एवं पालिका प्रशासन द्वारा पूर्व मे ही विभिन्न व्यवस्थाए सुनिश्चित कर दी गई। पालिका प्रशासन द्वारा जूमे की नमाज के मददेनजर सभी मस्जिदों के आसपास उचित साफ-सफाई व्यवस्था करायी गई तथा कली का छिडकाव कराया गया। वहीं नमाज के वक्त यातायात व्यवस्था एवं मस्जिदो के आसपास पुलिस व्यवस्था रही। जूमे की नमाज के कारण प्रशासन द्वारा विभिन्न व्यवस्थाए पुख्ता की गई। सौहार्दपूर्ण माहौल के बीच जूमे की नमाज अदा हुई।

 

सिल्वरटन टाइगर्स की 16 रन से रोमांचक जीतMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) मुजफ्फरनगर प्रीमियर लींग-2 के अंतर्गत खेले गए लीग मुकाबले में सिल्वरटन टाइगर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टिहरी फाल्कंस को 16 रनों से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। मुकाबला 27 फरवरी 2026 को चैधरी चरण सिंह स्पोट्र्स स्टेडियम में खेला गया। टॉस टिहरी फाल्कंस ने जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सिल्वरटन टाइगर्स ने बनाए 177 रन सिल्वरटन टाइगर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए। टीम के स्टार बल्लेबाज ऋतुराज शर्मा ने बेहतरीन अर्धशतक जड़ते हुए 42 गेंदों पर 62 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में आकर्षक चैके-छक्के लगाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। वहीं योनित राजपूत ने 44 रन और श्याम चैधरी ने 27 रनों का योगदान दिया। टिहरी फाल्कंस की ओर से अक्षय  ने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि अंकित शेरवाल और श्याम चैधरी को 1-1 सफलता मिली। टिहरी फाल्कंस 161 रन पर सिमटी 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टिहरी फाल्कंस की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान शिवम चैधरी ने 42 गेंदों में 66 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि मध्यक्रम लड़खड़ा गया और टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन ही बना सकी।
अक्षय बाथवा ने 19 और सुषांत राणा ने 28 रनों का योगदान दिया, लेकिन जीत के लिए यह पर्याप्त नहीं रहा। सिल्वरटन टाइगर्स की ओर से यश गर्ग और कुलदीप कुमार ने 2-2 विकेट झटके, जबकि प्रवीण कुमार, दिव्यांश सिंह और ऋतुराज शर्मा को 1-1 सफलता मिली। ऋतुराज शर्मा बने ‘मैन ऑफ द मैच’ ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ऋतुराज शर्मा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी और महत्वपूर्ण विकेट ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ सिल्वरटन टाइगर्स ने लीग तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। मुकाबले के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। परिणामरू सिल्वरटन टाइगर्स ने टिहरी फाल्कंस को 16 रन से हराया।

 

अवैध मादक पदार्थ तस्कर दबोचेMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। 03 अवैध मादक पदार्थ तस्कर अभियुक्तगण को थाना खतौली पुलिस द्वारा किया गिरफ्तार, कब्जे से 02 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद। अपर पुलिस महानिदेशक महोदय, मेरठ जोन मेरठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक महोदय, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय, जनपद मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर श्री सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी खतौली श्री राम आशीष यादव एवं थाना प्रभारी खतौली श्री दिनेश चन्द्र के कुशल नेतृत्व में थाना खतौली पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही। जनपद में अवैध मादक पदार्थों का क्रय-विक्रय करने वाले अभियुक्तगण के विरूद्ध चलाये जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के अन्तर्गत थाना खतौली पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर 03 अवैध मादक पदार्थ अभियुक्तगण को नहर पटरी के किनारे बने कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण के कब्जे से 02 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। अभियुक्तगण की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के सम्बन्ध में थाना खतौली पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।  गिरफ्तार अभियुक्त  दीपक पुत्र सुरेश चन्द कश्यप निवासी ग्राम बरला, टीटू पुत्र दयाराम निवासी मौहल्ला रामनगर ग्राम बरला, मंजीत पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम जंझेडी जाटान थान खतौली, मुजफ्फरनगर।
वांछित अभियुक्त  विनोद मेम्बर पुत्र नामालूम निवासी मौहल्ला देवीदास थाना खतौली, मुजफ्फरनगर। गिरफ्तार अभियुक्तगण द्वारा पूछताछ के दौरान बताया कि हम लोग मादक पदार्थ तस्करी का कार्य करते है तथा यह गांजा हमने विनोद मेम्बर पुत्र नामालूम निवासी मौहल्ला देवीदास थाना खतौली, मुजफ्फरनगर से खरीदा था। आज हम लोग इसे बेचने के लिए जा रहे थे कि पुलिस ने हमे पकड लिया।  गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 श्री प्रदीप द्विवेदी, उ.नि. अनिल कुमार, है. का. जितन्द्र, अमित कुमार, का. हेमन्त चैधरी, अजीत कुमार काथाना खतौली शामिल रहे।

 

यूपी बोर्ड परीक्षा हेतु बनाए गये स्ट्रांग रूम का पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने निरीक्षण कियाMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, मुजफ्फरनगर द्वारा राष्ट्रीय इंटर कालेज शाहपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा हेतु बनाए गये स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। देर रात्रि को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल द्वारा थाना क्षेत्र शाहपुर के अंतर्गत स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड परीक्षा हेतु बनाए गए स्ट्रांग रूम का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश-निकास रजिस्टर, ड्यूटी पर नियुक्त पुलिस बल की उपस्थिति एवं सतर्कता का गहन परीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा संबंधित को निर्देशित किया गया कि बोर्ड परीक्षा से संबंधित प्रश्नपत्रों/उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए तथा स्ट्रांग रूम की 24गुणा7 निगरानी सतत रूप से की जाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रखने तथा प्रत्येक गतिविधि का विधिवत अभिलेखीकरण करने के निर्देश दिए गए। महोदय द्वारा स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु पुलिस प्रशासन पूर्ण रूप से सजग रहे तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही कदापि न बरती जाए। इस दौरान थानाध्यक्ष शाहपुर गजेन्द्र सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।

 

 भोजन शुद्ध, सात्विक और संतुलित होना बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए उनका भोजन शुद्ध, सात्विक और संतुलित होना चाहिए। उक्त विचार उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान के योग प्रशिक्षक योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल मुजफ्फरनगर में चल रहे त्रैमासिक योग प्रशिक्षण शिविर में व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। शरीर के स्वस्थ रखने के लिए नियमित योगाभ्यास और शुद्ध, सात्विक, शाकाहारी भोजन का विशेष महत्व है। आयुर्वेद के अनुसार हित भुक, मित भुक और ऋत भुक अर्थात जो शरीर को उचित पोषण प्रदान करते हैं और शरीर के लिए हितकारी है उसे हित भुक कहते हैं तथा मित भुक से अभिप्राय है कि भूख से थोड़ा कम ही खाएं ।ऋत भुक से अभिप्राय है कि ऋतु के अनुकूल ही भोजन करें ।ऋतु के अनुसार मौसम के फल और मौसम की सब्जियों का भोजन में समावेश करें। किसी भी ऐसे खाद्य पदार्थ जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो, का सेवन न करें जैसे चाय,काफी ,कोका-कोला ,पैकेट बंद खाद्य पदार्थ ,पिज़्ज़ा ,बर्गर, चाऊमीन आदि ऐसे खाद्य पदार्थ है जो हमारे शरीर को पोषण देने के बजाय उल्टा हानि पहुंचाते हैं। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास करने से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। प्राणायाम करने से बच्चों की बुद्धि तीव्र होती है तथा सात्विक बुद्धि का विकास होता है जिससे बच्चे श्रेष्ठ मार्ग चुनते हैं और परिवार, समाज तथा राष्ट्र के लिए उपयोगी बनते हैं।

 

समस्त शासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी स्कूलों में समस्त शैक्षणिक कार्य सम्पन्न कराये जाये तथा होमवर्क दिया जाये
मुजफ्फरनगर।  अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री संजय कुमार सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि मुजफ्फरनगर मा० अध्यक्ष, उ०प्र० राज्य महिला आयोग, लखनऊ के पत्र संख्या-254 दिनांक 05 फरवरी के द्वारा जनपद गाजियाबाद में नवीं मंजिल से कूदकर तीन सगी बहनो द्वारा आत्महत्या किये जाने की अत्यन्त दुःखद पीडादायक एवं समाज को झकझोर देने वाली घटना संज्ञान में आई है। प्रथम दृष्टया उपलब्ध तथ्यों के अनुसार उक्त घटना की पृष्ठभूमि में मोबाइल फोन पर गेम खेलने की लत तथा पिता द्वारा इसके विरोध को प्रमुख कारण बताया गया है। यह घटना न केवल एक परिवार की अपूरणीय क्षति है, बल्कि समाज एवं शैक्षणिक व्यवस्था के लिए गम्भीर चेतावनी भी है। यह स्थिति अत्यन्त ही चिन्ताजनक है कि अल्पायु के बच्चे मोबाइल फोन के प्रति मानसिक, भावनात्मक एवं व्यवहारिक रूप से आसक्त होते जा रहे है। मोबाइल पर अनियंत्रित गेमिंग, सोशल मीडिया तथा अन्य अवांछनीय गतिविधियां बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक सम्बन्धों एवं सामाजिक संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है, जिसका चरम एवं भयावह परिणाम गाजियाबाद की उक्त आत्महत्या की घटना के रूप में परिलक्षित हुआ है। उक्त के परिस्थितियों के दृष्टिगत आपको निर्देशित किया जाता है कि अपने अधीनस्थ कक्षा 5 तक के समस्त शासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी स्कूलों में विषम एवं अपरिहार्य परिस्थितियों को छोडकर, मोबाइल फोन के माध्यम से होमवर्क, असाइनमेन्ट अथवा अन्य शैक्षणिक कार्य प्रेषित किये जाने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाना सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाये कि विद्यालयों में समस्त शैक्षणिक कार्य सम्पन्न कराये जाये एवं होमवर्क दिया जाये, जिससे इस प्रकार की दुर्भाग्यपूर्ण एवं हदयविदारक घटनाओ की पुनरावृत्ति को प्रभावी रूप से रोका जा सके।

 

एसपी देहात ने किया थाना रतनपुरी का औचक निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा थाना रतनपुरी का आकस्मिक निरीक्षण कर थाने पर नियुक्त विवेचकों का अर्दली रूम किया गया।  विवेचकों को समयबद्ध,निष्पक्ष व गुणवत्ता पूर्वक विवेचनाओं का निस्तारण करने, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने तथा अपराधियों पर प्रभावी नियन्त्रण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल द्वारा थाना रतनपुरी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया इस दौरान थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों का अवलोकन किया गया तथा महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, विवेचना कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष आदि का निरीक्षण करते हुए सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।  इसके उपरान्त थाना रतनपुरी पर नियुक्त विवेचकों का अर्दली रूम किया गया। अर्दली रूम के दौरान थानों पर लम्बित विवेचनाओं, महिला सम्बन्धी अपराध, प्रार्थना पत्रों, वांछित/वारण्टी अभियुक्तगण की गिरफ्तारी के विषय में जानकारी करते हुए सभी विवेचकों को लम्बित विवेचनाओं के निष्पक्ष निस्तारण करने एवं अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी रतनपुरी राकेश सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहें।

 

वार्षिक प्रस्तुति ने जीता सबका दिल
मुजफ्फरनगर। जिले के एटूजेड रोड स्थित आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में छोटे बच्चों की प्रतिभा का जादू इस कदर चला कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। नन्हे कलाकारों ने अपने अभिनय और संवाद अदायगी से साबित कर दिया कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। केंद्र विद्यालय परिसर में आयोजित वार्षिक प्रस्तुति कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत के साथ हुआ। इस खास मौके पर प्री-प्राइमरी के बच्चों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों के जरिए उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध कवयित्री श्रीमती सुमन प्रभा और श्रीमती सुशीला शर्मा के साथ ही शाहपुर आर्य एकेडमी की प्रधानाचार्या श्रीमती उर्मिला सिंह उपस्थित रहीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बच्चों ने कविता वाचन और कहानी सुनाकर अपनी भाषाई पकड़ का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रस्तुति ने सभी को जागरूक किया जिसमें बच्चों ने बीज से पौधा बनने की प्रक्रिया को जीवंत रूप में दर्शाया। मंच पर आयोजित म्यूजिकल स्किट और रोल प्ले कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे जहां नन्हे सितारों ने अपनी भाव-भंगिमाओं से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथियों ने बच्चों के आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक मंच बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव रखते हैं। इस पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा छह के विद्यार्थी अभिमान देव सिंह, अक्षत बालियान, वंशिका और मिष्ठी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या श्रीमती सोनिका आर्य ने मुख्य अतिथियों को स्नेह स्वरूप प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रबंधक सुघोष आर्य एडवोकेट ने पधारे हुए सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया और बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए उनका धन्यवाद दिया। उन्होंने प्री-प्राइमरी के शिक्षकों की कड़ी मेहनत की भी प्रशंसा की जिनके मार्गदर्शन में यह सफल आयोजन संपन्न हुआ। इसके साथ ही कार्यक्रम के विधिवत समापन की घोषणा की गई।

 

भव्य होली मिलन समारोह का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। मंत्री कपिल देव अग्रवाल द्वारा जानसठ रोड स्थित द एस डी पब्लिक स्कूल में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरा वातावरण रंग, उमंग और आपसी सद्भाव के भाव से सराबोर दिखाई दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कल्कि धाम पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम के साथ ही प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर,कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, जिला प्रभारी सूर्य प्रकाश पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी सहित पार्टी के पदाधिकारीगण, समर्पित कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई देते हुए कहा कि होली का पर्व सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ सौहार्दपूर्वक बनने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विविध रंग मिलकर उत्सव को सुंदर बनाते हैं, उसी प्रकार समाज के सभी वर्ग मिलकर विकास और प्रगति का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने अपने संबोधन में क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जनकल्याण एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आगे भी क्षेत्र की उन्नति के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को सहेजते हुए समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करें। समारोह में राष्ट्र कवयित्री अनामिका जैन अम्बर और सौरभ सुमन ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का सुंदर प्रतीक रहा। राष्ट्र कवि अनामिका जैन अम्बर व सौरभ सुमन ने कार्यक्रम को आलौकिक बना दिया, कार्यक्रम में हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमूह का उत्साह और स्नेह अभिभूत करने वाला था। सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों के स्नेहपूर्ण आगमन, उत्साहपूर्ण सहभागिता और आत्मीय सहयोग के लिए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के स्नेहपूर्ण सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए कामना की कि होली का यह पावन पर्व सभी केवन में सुख, समृद्धि और सौहार्द के नए रंग लेकर आए।

 

ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग कर वाहन चालकों की जांच कीMuzaffarnagar News
मुज़फ्फरनगर।एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन पर वे पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल चैबे के नेतृत्व में यातायात प्रभारी राकेश सिंह व उनकी टीम यातायात जागरूकता अभियान को लेकर लगातार जागरूक तो कर हो रही साथ ही वाहन चलाने सम्भन्धित व सड़क पर यातायात नियमों के बारे में जानकारीया देकर व इस पर पालन करने की भी वाहन स्वामियों से अपील भी कर रही है तथा वही यातायात प्रभारी राकेश कुमार सिंह व उनकी टीम के द्वारा सघन चेकिंग अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले  चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की।यातायात पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कठोर कार्रवाई भी कर रही है। यातायात प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से की जा रही है। इस चेकिंग के दौरान आने-जाने वाले वाहन स्वामियों को रोककर ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग कर चालकों की जांच की गई। इस अभियान के दौरान कई ऐसे वाहन चालक पकड़े गए जो शराब का सेवन कर गाड़ी चला रहे थे। यातायात प्रभारी ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों का मौके पर ही चालान किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को सख्त चेतावनी भी दी। इस दौरान यातायात सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया।

 

शंाति समिति की सीओ-इंस्पैक्टर ने ली बैठक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। आगामी त्यौहारों के मददेनजर सीओ नई मन्डी व इंस्पैक्टर थाना नई मन्डी ने क्षेत्र के सभ्रांत नागरिकों के साथ शान्ति समिति की बैठक लेते हुए हर्षोल्लास व रंगोत्सव के इस त्यौहार को सौहार्दपूर्ण माहौल मे मनाने की अपील की।   त्यौहारो के दृष्टिगत नई मन्डी कोतवाली परिसर में सीओ नई मन्डी राजू कुमार साव एवं इंस्पैक्टर कोतवाली नई मन्डी बृजेश कुमार शर्मा ने क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों के साथ शान्ति समिति की बैठक ली। जिसमे सभासद अमित गौतम, भाजपा नेता एवं पूर्व सभासद विकल्प जैन, अनिल ऐरन, सभासद अमित पटपटिया आदि सभासदगण एवं क्षेत्र के जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद रहे।

 

त्यौहारों के मद्देनजर फ्लैग मार्च से दिया सुरक्षा का भरोसाMuzaffarnagar Police
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। आगामी होली के उत्सव और रमजान के पवित्र महीने को देखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जनपद में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द का वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस के आला अधिकारियों ने भारी बल के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों में पैदल फ्लैग मार्च निकाला। इस कवायद का मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना और अराजक तत्वों को कड़ा संदेश देना है। पुलिस का यह फ्लैग मार्च शहर के कोतवाली, खालापार, सिविल लाइन और नई मंडी जैसे प्रमुख थाना क्षेत्रों में निकाला गया। मार्च के दौरान स्थानीय पुलिस बल के साथ पीएसी के जवान और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी शामिल रहीं। अधिकारियों के नेतृत्व में यह मार्च शहर के मुख्य बाजारों, तंग गलियों और विशेष रूप से मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों और धर्मगुरुओं से सीधा संवाद स्थापित किया। प्रशासन ने सभी से अपील की है कि वे त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि त्योहारों की आड़ में माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विशेष रूप से सोशल मीडिया पर भ्रामक या सांप्रदायिक पोस्ट डालने वालों की निगरानी के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने जनता से अनुरोध किया है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखने पर तत्काल कंट्रोल रूम या संबंधित थाने को सूचित करें। जनपदवासियों ने पुलिस की इस सक्रियता की प्रशंसा की है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि पूरे त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चैबंद रहेगी और चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि शांतिपूर्ण ढंग से उत्सव संपन्न हो सकें।

 

 शराब की दुकाने 4 मार्च को रहेगी बंद
मुजफ्फरनगर। होली (रंग) का पर्व दिनांक 04.03.2026 को मनाया जायेगा। शान्ति व्यवस्था के हित में, मैं श्री उमेश मिश्रा, जिला मजिस्ट्रेट, मुजफ्फरनगर आबकारी अधिनियम की धारा-59 में निहित प्राविधानों के अन्तर्गत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए जनपद की समस्त आबकारी दुकानें यथा देशी शराब, कम्पोजिट शॉप, मॉडल शॉप के फुटकर अनुज्ञापनों तथा थोक अनुज्ञापनों यथा सी.एल. -2, एफ.एल.-2/2बी, भांग की थोक एवं फुटकर अनुज्ञापनों, एफ. एल. 6/7 बार अनुज्ञापन तथा एफ.एल.-16/17 अनुज्ञापन एफ.एल.-39 एवं एम.ए.-2 व 4 अनुज्ञापनों को दिनांक 04 मार्च को सायं 05 बजे तक बन्द रखने का आदेश देता हूँ। इस बन्दी हेतु अनुज्ञापियों को किसी प्रकार का प्रतिफल देय नहीं होगा।

 

पशु चिकित्साधिकारी ने किया निरीक्षण
मीरांपुर। पशु चिकित्सा अधिकारी मीरापुर एवं खण्ड विकास अधिकारी, जानसठ द्वारा कान्हा गोशाला ,मीरापुर का निरीक्षण किया गया । मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ० जितेन्द्र गुप्ता के कुशल निर्देशन में डॉक्टर अजय कुमार पशु चिकित्सा अधिकारी मीरापुर एवं खण्ड विकास अधिकारी, जानसठ द्वारा कान्हा गोशाला, मीरापुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान  सभी गोवंश स्वस्थ्य पाये गए। गौआश्रय स्थल पर पर्याप्त मात्रा में भूसा, स्वच्छ पेयजल व हरा चारा उपलब्ध मिला। गौवंशों को नियमित रूप से हरा चारा,खल चोकर देने एवं साफ सफाई करने हेतु निर्देशित किया गयाॉ केयरटेकर उपस्थित मिले! सर्दी से बचाव के लिए पर्दे लगा  दिये गए है!

 

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21294 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

thirteen − three =