News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

ट्रांसफाॅर्मर में लगी आगMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । बढ़ती गर्मी अब सीधे तौर पर खतरनाक रूप लेने लगी है। जिले में आग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और इसी कड़ी में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानसठ रोड पर स्थित एक बिजली के ट्रांसफॉर्मर में रात में अचानक भीषण आग लग गई। चंद ही मिनटों में ट्रांसफॉर्मर आग का गोला बन गया और लपटें दूर से दिखाई देने लगीं। आग लगने के कारण ट्रांसफॉर्मर से जुड़ी विद्युत आपूर्ति तुरंत बाधित हो गई, जिससे इलाके में अंधेरा छा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सबसे पहले बिजली सप्लाई को पूरी तरह कटवाया गया, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन अगर समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। भीषण गर्मी और तेज धूप के चलते आग लगने की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है।

 

युवक की हादसे में मौत
खतौली। भैंसी सीएनजी पेट्रोल पंप के सामने एक टेंपो और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा थाना क्षेत्र की भैंसी चैकी के अंतर्गत रविवार देर रात हुआ। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए सीएचसी खतौली पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायलों की पहचान रितिक (22 वर्ष) पुत्र सुनील, निवासी ग्राम जोहरा, थाना मंसूरपुर, और मुरली (19 वर्ष) पुत्र दीपक तोमर के रूप में हुई। रितिक को खतौली से हायर सेंटर रेफर किया गया था, जबकि मुरली की हालत नाजुक बनी हुई थी। उपचार के दौरान मुरली पुत्र दीपक तोमर की मौत हो गई। घटना की सूचना दोनों घायलों के परिजनों को दे दी गई थी। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। खतौली थानां प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र भघेल का कहना है कि सड़क हादसे की जांच की जा रही है सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर अग्रिम कार्यवाही की जायगी।

 

वीर पुलिसकर्मियों व नागरिक को किया गया सम्मानितMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । एक मार्मिक घटना उस समय प्रेरणादायक कहानी में बदल गई, जब निराशा के अंधेरे में डूबी एक महिला के लिए पुलिस और एक सजग नागरिक उम्मीद की किरण बनकर सामने आए। पारिवारिक कलह (पति से झगडे) के चलते ग्राम मुल्ला कच्ची सड़क, सरवट थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर निवासी एक महिला अत्यधिक मानसिक तनाव में आकर जटवाड़ा नहर पुल पर पहुंच गईं। भावनाओं के आवेग में उन्होंने नहर में छलांग लगा दी। यह दृश्य जितना भयावह था, उतनी ही तेजी से वहां मौजूद मानवता ने प्रतिक्रिया दी। पास ही स्थित थाना ककरौली की जटवाड़ा चैकी पर तैनात पुलिस बल को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, उन्होंने बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंचकर साहस और कर्तव्यनिष्ठा का अद्वितीय परिचय दिया। अपनी जान की परवाह किए बिना पुलिसकर्मियों द्वारा स्थानीय नागरिक नौशाद पुत्र भूरा, निवासी जटवाड़ा की मदद से महिला को सकुशल नहर से बाहर निकाल लिया गया। यह घटना न केवल पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि समय पर उठाया गया एक कदम किसी की जिंदगी बचा सकता है। इस सराहनीय एवं जीवन रक्षक कार्य का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा अपने कार्यालय में उक्त महिला, उसे बचाने वाले पुलिसकर्मियों एवं नागरिक नौशाद को बुलाया गया। इस दौरान न केवल महिला को धैर्य, साहस एवं सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने हेतु प्रेरित किया, बल्कि पुलिसकर्मियों एवं नौशाद के अदम्य साहस, त्वरित निर्णय क्षमता एवं कर्तव्य के प्रति समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कहा गया कि मुजफ्फरनगर पुलिस का प्रत्येक जवान आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है और इस प्रकार की घटनाओं में अपनी जान की परवाह न करते हुए मानव जीवन की रक्षा करना पुलिस का सर्वाेच्च दायित्व है। उन्होंने इस साहसिक कार्य को “वर्दी की असली पहचान” बताते हुए कहा कि ऐसे कर्म न केवल पुलिस विभाग का मान बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान को भी सुदृढ़ करते हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी जिस प्रकार उन्होंने संयम, साहस और तत्परता का परिचय दिया, वह अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी अनुकरणीय है। साथ ही उन्होंने नागरिक नौशाद के साहस की सराहना करते हुए कहा कि जब पुलिस और जनता मिलकर कार्य करते हैं, तो किसी भी संकट का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है। इस अवसर पर है0का0 सुशील कुमार, प्रवीन कुमार, म0का0 1122 पिंकी, थाना ककरौली, मुजफ्फरनगर को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया । इसके अतिरिक्त, नागरिक नौशाद पुत्र भूरा, निवासी जटवाड़ा को भी उनके सराहनीय सहयोग हेतु नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान महिला द्वारा भी भविष्य में ऐसा कदम दोबारा न उठाने का आश्वासन दिया गया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर, मुजफ्फरनगर पुलिस एवं बचाव में लगे पुलिसकर्मियों का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया गया। पुलिस द्वारा महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

 

शातिरों को मुठभेड में दबोचाMuzaffarnagar News
जानसठ। देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। कुतुबपुर नहर झाल पर लूट की योजना बना रहे दो शातिर बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस को देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुतुबपुर नहर झाल पर कुछ बदमाश लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राजीव शर्मा के नेतृत्व में एसआई ओमेंद्र सिंह, एसआई मोहित परिहार, एसआई कामिल चैधरी, एसआई भूपेंद्र सिंह कालरा, एसआई दीपक शर्मा, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह यादव और कांस्टेबल सचिन चैधरी की टीम ने घेराबंदी की। पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने को कहा, जिस पर लुटेरों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में घायल बदमाशों की पहचान आरिफ पुत्र मोहम्मद उमर निवासी आशियाना कॉलोनी, लिसाड़ी गेट, मेरठ और साजिद पुत्र अनीस निवासी कस्तला काश्माबाद, हापुड़ के रूप में हुई। दोनों घायल बदमाशों पर लूट, डकैती और चोरी के एक-एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मीरापुर पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान छह अन्य लुटेरों को भी गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान इकरामुद्दीन (मवाना, मेरठ), मुजाहिद (जनदरपुर, बिजनौर), शादाब (भोवनवाड़ा, बिजनौर), राशिद (बटला हाउस, दिल्ली), अकील अहमद (नहटौर, बिजनौर) और जीशान (मंडावली, बिजनौर) के रूप में हुई है। इनके पास से छह चाकू बरामद किए गए हैं। घायल दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ ऋषिका सिंह ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। थाना जानसठ, थाना रामराज और थाना ककरौली की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।

 

 

एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। हिंदू संघर्ष समिति ने एसएसपी से मिलकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की मंाग की। हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेन्द्र पंवार के नेतृत्व मे एसएसपी संजय वर्मा को एक ज्ञापन सौपा। जिसमे अवगत कराया कि गंाव हरसौली निवासी गैर समुदाय का एक युवक हिन्दू कालोनी मे एक विधवा महिला उनके दो पुत्र और एक पुत्री को बहला-फुसलाकर रह रहा है। आरोप है कि उक्त युवक की पहले से ही 4से 5 शादियंा हो रखी हैं सुनियोजित प्लानिंग के तहत उक्त युवक हिंदू परिवार का शोषण कर रहा है। अतः उक्त मामले की जंाच पडताल कराकर आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की जाए। ज्ञापन देने वालों में नरेंद्र पवार,अरुण प्रताप सिंह,देशराज चैहान,संजय मिश्रा, संजय वाल्मीकि, सुरेंद्र मित्तल, पवन मित्तल, पवन पांचाल,अनमोल रतन छाबड़ा, चमन लाल कुकी,सीताराम त्यागी,वैभव यादव,अमित गोयल, एडवोकेट कपिल गुप्ता,दिनेश त्यागी, पवन पांचाल, राजकुमार,रविकांत अग्रवाल, ऋषभ जैन, अंजेश गुर्जर,सरदार बालेंद्र सिंह, रक्षित पाल, लोकेंद्र जी,सुरेश मास्टर जी, विकास राज, अमन सिंह, राजेंद्र धीमान, मोनू प्रजापति, पंडित धर्मेंद्र शास्त्री आदि शामिल रहे।

 

कोचिंग सैन्टर कराये शीघ्र पंजीकरण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।राजेश कुमार श्रीवास जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि कोचिंग विनियमन अध्यादेश-2002 के अन्तर्गत जनपद मुजफ्फरनगर में कुल 57 कोचिंग केन्द्र पंजीकृत है जिनमें से 22 पंजीकृत कोचिंग केन्द्रों के पजीकरण का समय पूर्ण हो चुका है। लगभग 35 कोचिंग केन्द्र ही पंजीकृत है। कोचिंग विनियमन अध्यादेश 2002 के अन्तर्गत यदि निरीक्षण के दौरान कोई केन्द्र बिना पंजीकरण के संचालित पाया गया तो कोचिंग संचालक के विरूद्ध विभागीय नियमों के आलोक में कार्यवाही किये जाने हेतु बाध्य होना पडेगा। जिसका सम्पूर्ण उत्तरदायित्व सम्बन्धित का होगा।

 

तीसरे दिन भी कडी सुरक्षा में हुई होमगार्ड परीक्षा 
मुजफ्फरनगर। कडे सुरक्षा प्रबन्धो के बीच विभिन्न परीक्षा केन्द्रो पर होमगार्ड परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुई।
तीन दिवसीय होमगार्ड परीक्षा के अन्तिम दिन आला अधिकारियों के दिशा-निर्देश मे होमगार्ड परीक्षा आयोजित हुई। तीन दिन तक दो पारियों मे होने वाली लिखित परीक्षा को नकल विहीन एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराये जाने को लेकर जिला पुलि प्रशासन की और से पूर्व मे ही पुलिस व प्रशासनिक व्यवस्था की गई थी। डीएम उमेश मिश्रा एवं एसएसपी संजय वर्मा के निर्देशो के चलते विभिन्न व्यवस्थाओ के बीच जनपद मे होमगार्ड परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुई। विदित हो कि होमगार्ड परीक्षा के लिए 17 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षाकाल के दौरान अधिकारी क्षेत्र मे भ्रमणशील रहते हुए व्यवस्थाओ का जायजा लेते एवं निर्देशित करते नजर आए।

 

शुकतीर्थ में होगी राम कथा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । विश्व प्रसिद्ध राम कथा वाचक संत मुरारी बाबू मई के प्रथम सप्ताह में शुकतीर्थ में रहेंगे। जहां 2 मई से 10 मई तक वट वृक्ष के नीचे श्री शुकदेव आश्रम में कथा करेंगे। इस शुभ अवसर पर तेज गर्मी में देश विदेश से रामभक्त बड़ी संख्या में शुकतीर्थ में उपस्थित रहेंगे। तीर्थ नगरी के चहुंमुखी विकास हेतु सभी भक्त बाबू के मार्गदर्शन से विकास कार्य भी करेंगे। मुरारी बाबू के शिष्य पिंकी ने अहमदाबाद से फोन पर बताया कि जहां पहली बार संत शुकदेव जी ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत कथा सुनाई थी उसी स्थान पर बाबू भक्तों को श्री राम कथा का गुणगान कराएंगे। कथा वाचक मुरारी बाबू समय – समय पर शुकतीर्थ आते रहते हैं। उनके भक्तों ने यहां एक श्री राम कुटीर भी बना रखी है। ताकि शुकतीर्थ प्रवास पर श्री राम कुटी में राम नाम का ध्यान कर सके। श्री राम कथा सप्ताह के अवसर पर अनेकों प्रसिद्ध संत, गणमान्य राजनेता, फिल्मी दुनिया के लोग, उद्योग-व्यापार से जुड़े भक्त भी उपस्थित रहेंगे। मुजफ्फरनगर क्षेत्र के सभी भक्तों को कथा श्रवण के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। बाहर से आने वालों के लिए ठहरने – खाने की उचित व्यवस्था की गई हैं। पूरा शुकतीर्थ मई के प्रथम सप्ताह में मेले का रूप ले लेगा। कई अतिथियों के हेलीकॉप्टर से आने की संभावना है। मुरारी बाबू की कथा सुनने को भक्त बड़ी तैयारियां कर रहे हैं। राम कथा समिति ने रहने – खाने – ठहरने की हर व्यवस्था को पूर्ण मजबूती से किया है। सत्यप्रकाश रेशू, ऋषि हलवाई, गांधी टैंट, युवा समिति, जल सेवा समिति सहित अनेकों संस्थाएं राम काम में जुड़ गई है।

 

जिलाधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। किसान सेना अराजनैतिक ने कचहरी स्थित डीएम कार्यालय पहुंच कर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा।
किसान सेना अराजनैतिक के मण्डल अध्यक्ष मौ.मुरसलीन के नेतृत्व मे जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से मिले कार्यकर्ताओ ने जिलाधिकारी को सौपे गए ज्ञापन मे अवगत कराया कि अहिल्याबाई चैराहा पर बना पुलिस बूथ वहंा से हटा दिया गया है। पब्लिक की सुरक्षा के लिए और यातायात को सुरक्षित तरीके से तरीके से सुचारू करने वाले तथा रात दिन मेहनत करने वाले पुलिसकर्मियो को धूप और बारिश से बचाने के लि ए पुनः पुलिस बूथ का निर्माण कराया जाए। पुलिसकर्मियो को पिछले वर्ष सरकार ने ए.सी.हैलमेट देने की घोषणा की थी। लेकिन अब तक पुलिसकर्मियो को हेलमेट नही मिले हैं। मांग की गई कि पुलिसकर्मियो को ए.सी.हेलमेट दिए जाए व पुलिसकर्मियो को साप्ताहिक अवकाश दिया जाए।

 

डीएम ने किया तरणताल का उदघ््ााटन
मुुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सर्विसेज क्लब तरण ताल और किडस जोन का उदघाटन किया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज दोपहर के वक्त कचहरी परिसर स्थित सर्विसेज क्लब स्थित तरण ताल और किडस जोन का डीएम उमेश मिश्रा एवं एडीएम फाइनेंस गजेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उदघाटन किया। इस दौरान सर्विसेज क्लब के वाॅइस पे्रजिडेंट अमित गर्ग, संयुक्त सचिव पंकज कुमार गुप्ता, पूर्व सेक्रेटरी भुवनेश गुप्ता, देवेन्द्र कुमार गर्ग, अमित अरोरा, निष्काम गर्ग, देवेन्द्र कुमार, अमित मित्तल, आयुष गुप्ता आदि मौजूद रहे।

 

उत्तराखंड हरिद्वार में कराटे किंग वेदप्रकाश का सम्मान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।मुजफ्फरनगर निवासी शिहान वेदप्रकाश शर्मा को सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय कार्यक्रम में उच्च स्तरीय सम्मान दिया गया जीएसटी कमिश्नर मेरठ श्री ओ.पी रतूड़ी द्वारा श्री शर्मा को अपने जीवन काल के स्वर्णिम 43 वर्षों में मार्शल आट्र्स कराटे खेल में समाज को भयमुक्त वातावरण देने एवं राष्ट्रीय अंतराष्ट्रीय साउथ एशिया कप प्रतियोगताओं में विजय प्राप्त कर विश्व स्तर पर भारत देश का नाम रोशन करने पर सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था वहाँ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी शर्मा, महासचिव डॉ संदीप शर्मा, सलाहकार ब्रह्मा प्रकाश शर्मा आदि अन्य विशिष्ट पदाधिकारियों ने जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें उच्च स्तरीय सम्मान दिया इस अवसर पर कराटे किंग शिहान वेदप्रकाश शर्मा ने महिला सुरक्षा अभियान के माध्यम से सम्पूर्ण भारत में बेटियों को निशुल्क कराटे प्रशिक्षण देने की घोषणा करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया

 

जनसेवा, अनुशासन व तकनीकी दक्षता पर एसएसपी ने दिया जोरMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने प्रशिक्षण पूर्ण कर जनपद मुजफ्फरनगर में नवीन तैनाती प्राप्त महिला आरक्षियों को किया सम्बोधित। प्रदेश के विभिन्न प्रशिक्षण केन्द्रो में कठोर एवं सुनियोजित प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत जनपद मुजफ्फरनगर में नवीन तैनाती प्राप्त महिला आरक्षियों को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा संबोधित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा महिला आरक्षियों को संबोधित करते हुए उन्हें अपने कर्तव्यों का निष्ठा, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है, जिसमें प्रत्येक पुलिसकर्मी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। आमजन के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना एवं उनका त्वरित निस्तारण करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। महिला आरक्षियों को कानून-व्यवस्था बनाये रखने, महिला अपराधों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने तथा पीड़ितों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि महिला पुलिसकर्मियों की भूमिका समाज में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं विश्वास को सुदृढ़ करने में अत्यंत अहम है। अतः प्रत्येक महिला आरक्षी को अपने आचरण, व्यवहार एवं कार्यशैली के माध्यम से पुलिस की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा महिला आरक्षियों को आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप कम्प्यूटर कार्यों में दक्षता प्राप्त करने, विभिन्न पुलिस पोर्टल्स पर कार्य करने तथा डाटा एंट्री, रिकॉर्ड अपडेट एवं ऑनलाइन रिपोर्टिंग को समयबद्ध एवं शुद्धता के साथ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें विभिन्न उपयोगी एप्लीकेशनों जैसे यक्ष ऐप आदि के प्रभावी उपयोग के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई, जिससे फील्ड ड्यूटी के दौरान कार्यों को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके। साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, ड्यूटी के दौरान सतर्कता, टीम वर्क के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला आरक्षियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए महोदय द्वारा अपेक्षा व्यक्त की गई कि वे अपनी कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम एवं ईमानदारी से जनपद पुलिस की कार्यशैली को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री सिद्धार्थ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी जानसठ सुश्री ऋृषिका सिंह मौजूद रही।

 

उड़न दस्ता इकाई के पदाधिकारीयो द्वारा किया स्वागत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन रजि के उड़न दस्ता इकाई के अध्यक्ष रोहित अरोड़ा एवं महामंत्री अंशुल सिंघल द्वारा रुड़की रोड स्थित अपने प्रतिष्ठान पर व्यापार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष मंडल प्रभारी कृष्ण गोपाल मित्तल,प्रदेश मंत्री सरदार बलविंदर सिंह, जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी,अध्यक्ष रुड़की रोड इकाई विजय कुच्छल, मंत्री विभोर मल्होत्रा,व नगर उपाध्यक्ष उदित किंगर का माल्यार्पण करते हुए स्वागत, सम्मान किया गया एवं कहां की हम पूर्ण निष्ठा के साथ व्यापारियों की समस्याओं हेतु संघर्ष रत रहकर कार्य करेंगे
प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल एवं प्रदेश मंत्री सरदार बलविंदर सिंह द्वारा कहा कि उड़न दस्ता इकाई के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रोहित अरोड़ा एवं महामंत्री अंशुल सिंघल दोनों ही व्यापार संगठन के कर्मठ पदाधिकारी हैं,जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी द्वारा कहा कि उड़न दस्ता इकाई के दोनों नवनियुक्त पदाधिकारीयो द्वारा पंद्रह दिनों के भीतर व्यापारी हितों की रक्षा हेतु युवाओं की मजबूत एवं संघर्ष शील कार्यकारिणी का गठन करेंगे

 

एस0 डी0 कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में एआई व डेटा साइंस पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला में माइक्रोसाफ्ट ने दिये प्रमाण पत्र
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । जानसठ रोड स्थित एस0 डी0 कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा साइंस पर माइक्रोसाॅफ्ट द्वारा स्किल इंडिया के अन्तर्गत आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में कुल 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को इंटरएक्टिव एवं ज्ञानवर्धक बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं प्रदर्शन सत्रों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उभरती हुई तकनीकों से परिचित कराना तथा उनके भविष्य में इन क्षेत्रों के महत्व को समझाना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को एआई एवं डेटा साइंस के मूलभूत सिद्धांतों, उनके व्यावहारिक उपयोग तथा करियर संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने कॉलेज के अनुभवी शिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे उन्हें विषयों की गहराई को समझने में विशेष सहायता मिली। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रायोगिक सत्र रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने जेमिनी (एआई प्रॉम्प्ट) के माध्यम से सरल गेम बनाना सीखा, जिससे उन्हें आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यशाला के अन्त में सभी प्रतिभागीयों को माइक्रोसाफ्ट द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। इस अवसर पर संस्थन के सचिव अनुभव कुमार ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि एआई और डेटा साइंस जैसे क्षेत्र भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं निदेशक डॉ. सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा साइंस जैसे उभरते और भविष्य-निर्माणकारी क्षेत्रों में एस.डी. कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी निरंतर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आगामी माह अंतर्राष्ट्रीय एआई एवं डेटा साइंस समिट का भव्य आयोजन वृहद स्तर पर किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ, शोधकर्ता एवं उद्योग जगत के अग्रणी व्यक्तित्व सहभागिता करेंगे। यह समिट ज्ञान-विनिमय, नवाचार और तकनीकी सहयोग का एक सशक्त मंच सिद्ध होगा।

 

 

बेटा बना सिपाहीः पिता ने की मजदूरीMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । बचपन से ही पिता को पसीना बहाते देखा है। उन्होंने कभी मौसम की परवाह नहीं कीकृचाहे कड़ाके की ठंड हो या तपती धूप। हमें पढ़ाने के लिए उन्होंने ईंटें ढोईं और जी-तोड़ मेहनत की। लेकिन अब उनके आराम के दिन आ गए हैं, क्योंकि उनका बेटा सिपाही बन गया है। यह भावुक कर देने वाले शब्द मुजफ्फरनगर के पुरबालियान गांव निवासी मेहताब अली के हैं। रविवार को पासिंग आउट परेड के बाद जब मेहताब दौड़कर अपने माता-पिता के गले लगे, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। बेटे को खाकी वर्दी में देख मजदूर पिता अलीशेर का सीना गर्व से चैड़ा हो गया। 2025 बैच के सिपाही मेहताब अली की शिक्षा सरकारी स्कूलों में हुई। हाईस्कूल से ही विज्ञान विषय में रुचि रखने वाले मेहताब ने बीएससी के बाद केमिस्ट्री में एमएससी की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने एक फार्मा कंपनी में नौकरी भी शुरू कर दी थी, लेकिन उनका लक्ष्य सरकारी सेवा में जाना था। मेहताब कहते हैं, ष्मैंने हमेशा अपने माता-पिता के संघर्ष को याद रखकर पढ़ाई की। अब मेरी प्राथमिकता अपने दोनों छोटे भाइयों को अच्छी शिक्षा दिलाना है। मैंने पिता से कह दिया है कि अब वह मजदूरी छोड़ें और आराम करें।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद मेहताब अली को बदायूं जनपद के उघैती थाने में पहली तैनाती मिली है। पासिंग आउट परेड के दौरान उनके पिता अलीशेर, माता और दोनों भाइयों के आंसू इस बात की गवाही दे रहे थे कि यह सफलता सिर्फ मेहताब की नहीं, बल्कि पूरे परिवार के संघर्षों की जीत है।

 

जेपीएस पब्लिक स्कूल में किया गया मेधावियों का सम्मान
मोरना। मोरना में मुज़फ्फरनगर मार्ग स्थित जे.पी.एस. पब्लिक स्कूल में सोमवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।जिसमें कक्षाओं में उच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरुष्कृत कर उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित व स्वागत गीत प्रस्तुत कर किया गया।मुख्य अतिथि दंडी स्वामी महादेव आश्रम महाराज,व विद्यालय निदेशक कृष्णकांत शर्मा ने कहा कि सफलता केवल अंको पर ही निर्भर नहीं करती।उसके लिये लगातार परिश्रम करना पड़ता है। उच्च अंक प्राप्त करने वालों में नर्सरी से शिवाय, आर्यन चंदेल, अवनी, एलकेजी मे अक्षी सैनी, इनाया, आयमान खान ,तन्वी धीमान, शार्विका, आयुषी रितुराज, अनुकर्ष, गर्वित चैधरी , विक्टोरिया, तेजस अहलावत, आरव चैधरी प्रथम कक्षा में भव्या, हर्षवर्धन पंवार, काव्या आरव सहरावत, आराध्या, अद्विक सहरावत देवांश, अनमोल, शौर्य द्वितीय में तेजस्वी राठी, गोरिषा व प्रत्यक्ष, यशिका ठाकरान ,फहीम, गौरव, विराज चैधरी कक्षा तीन में कार्तिक वर्मा, अनाया चैधरी, अहाना आरव बोध, आव्यांश सहरावत, तनिष्क कक्षा चार में अबुज़र खान, धानी शर्मा, अंशुमन सहरावत ,समर्थ जॉन, सक्षम जॉन, नित्या गोयल कक्षा पांच में ईशांत, अक्षित, विशेष ,दक्ष चैधरी व आर्यन कुमार, नित्या आर्या, प्रियांशु , माही शर्मा, सृष्टि, उत्कर्ष चैधरी कक्षा में अनाया चैधरी, अरिज़ा, माही व आतिफा कक्षा सात में अक्षा, नैनिका चैधरी, अदिति शर्मा अर्णव, लक्ष्मी, शिवा राठी कक्षा आठ में दिवांशी, मानवी सहरावत व अवनी कसाना, यशस्वी ,’ जीविका, विशु, वाणी यादव कक्षा 9 में वंशिका शर्मा, वर्णिका चैधरी, वीर अवनी चैधरी, नमन आत्रे, ध्रुव व कक्षा 11 में कनिष्का चैधरी, सिमराह शबनम, योगेन व छवि अंशिका, ओम, एंजेल राठी प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पर रहे। वहीं सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा में कक्षा 10वीं में प्रथम- याचिका 95प्रतिशत द्वितीय- लक्ष्य 94.2प्रतिशत तृतीय- ज्ञानवी 92प्रतिशत अंक प्राप्त करके उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय की प्रबन्धक मोहिनी शर्मा,ब्लॉक् प्रमुख अनिल राठी, पंऽ विनोद शर्मा ठाकुर भूपेन्द्र सिंह नबच्चों का उत्साह वर्धन किया।इस अवसर पर संगीता दक्ष, संगीता मेनवाल, निशांत शर्मा, पूजा त्यागी, सुधा भटनागर, मेघा खेवरिया, दीपिका, तनु, सृष्टि, शिवा, शिवानी सैनी, पूजा शर्मा, आस्था, स्वाति, शिवानी चैहान, अपूर्वा, दीपांशी, ख़ुशी, भारती, काजल, पूजा, अक्षिता, अंश गर्ग, संदीप कुमार, उज्जवल, कार्तिक, प्रफुल, बालकराम रहे।

 

मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देशMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के सफल एवं प्रभावी संचालन के क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोपाडा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंसूरपुर , प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नावला व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जड़ौदा का निरीक्षण कर वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य मेलों में आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवा वितरण, जांच व्यवस्थाओं एवं साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य आम जनमानस को उनके निकट ही गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, संचारी रोगों की रोकथाम एवं परिवार नियोजन सेवाओं पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित लोगों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनकी संतुष्टि का भी फीडबैक लिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य मेलों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा जन-जागरूकता गतिविधियों को और तेज किया जाए, जिससे जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर और बेहतर हो सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को सुलभ, सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21421 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

13 + two =