News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

सिलेण्डर से लगी आगMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।होटल मे सिलेंडर मे आग लगने से हडकम्प मच गया। इस हादसे मे हजारों का नुकसान हो गया।
  मिली जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाइन क्षेत्र के पुराना भोपा बस स्टैण्ड के समीप स्थित एक होटल के गैस सिलेण्डर मे आग लग गई। इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आसपास के दुकानदारों के अलावा कई राहगीर मौके पर इकटठा हो गए। आसपास के दुकानदारो की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आसपास के दुकानदारो ने किसी प्रकार आग को बुझा दिया। इस हादसे मे हजारो का नुकसान होना बताया जा रहा है।

 

सीएमओ ने किया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का गहनता से जायजा लिया तथा मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया कक्षा-9 स्थित हड्डी रोग विभाग पहुंचे, जहां उन्होंने स्वयं ओपीडी में बैठकर मरीजों को देखा तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का भी मूल्यांकन किया। मरीजों एवं तीमारदारों से बातचीत कर उन्होंने अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की और व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उचित उपचार एवं सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाते हुए उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने ओपीडी में साफ-सफाई, पंजीकरण व्यवस्था एवं दवा वितरण प्रणाली को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इसके उपरांत डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती कुपोषित बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा एवं पोषण सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण आहार एवं स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुपोषित बच्चों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही बच्चों की माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करने पर भी बल दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ई-संजीवनी मेडिकल सेवा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक मरीजों को ई-संजीवनी सेवा का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि ई-संजीवनी सेवा के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह सुलभ हो रही है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी बन रही हैं।

 

स्वस्थ जीवन जीने की कला है योगः सुरेंद्र पाल सिंह आर्य
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ के तत्वावधान में ग्रीन लैण्ड माडर्न जूनियर हाईस्कूल मुजफ्फरनगर में संचालित त्रैमासिक योग प्रशिक्षण शिविर का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध समाजसेवी रविंद्र आर्य ने की।
      योग प्रशिक्षक योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने बताया कि संस्कृत संस्थान लखनऊ के तत्वावधान में 2 फरवरी 2026 से संचालित 75 दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर में विद्यालय के 30 बच्चों ने भाग लिया। जिन बच्चों में प्रशिक्षण में भाग लिया उन बच्चों में अनुशासन तथा पढ़ाई के प्रति रुचि का विकास हुआ साथ ही साथ उन बच्चों की याददाश्त तेज हुई तथा उनका शारीरिक, मानसिक ,बौद्धिक तथा आध्यात्मिक विकास हुआ। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने बताया कि योग एक स्वस्थ जीवन शैली है तथा भारतीय संस्कृति की अनुपम देन है। आज भारत ही नहीं संपूर्ण विश्व में योग के महत्व को देखते हुए लगभग 194 देश 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाते हैं। जिसका श्रेय भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी को जाता है। बालकों को बचपन से ही योग की शिक्षा दी जाए तो निश्चित रूप से उनके अंदर अच्छे संस्कार पैदा होते हैं जो आज की महती आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रतिदिन बच्चों को योग और संस्कार की शिक्षा दी जाती है। विद्यालय में योग कक्षा निरंतर चलती रहेगी। त्रैमासिक योग प्रशिक्षण के अंतर्गत बच्चों को योग की बेसिक जानकारी,यम-नियम का पालन करना तथा विभिन्न आसन,प्राणायाम और ध्यान  का अभ्यास करवाया गया। उन्होंने संस्कृत संस्थान के माननीय निदेशक श्री प्रमेंद्र कुमार गुप्त जी, महेंद्र पाठक जी, शिवम गुप्ता जी आदि पदाधिकारीयों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम अध्यक्ष प्रसिद्ध समाजसेवी रविंद्र आर्य ने बच्चों को बताया कि जीवन में सत्य बोलना, ईमानदार रहना चरित्रवान बनना आदि मानवीय गुणों को अपनाकर अपने जीवन को अच्छा बनाएं। इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य अंकुर मान, कोमल शर्मा ,क्षमा गुप्ता, तमन्ना, मनीषा चैधरी आदि समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।

 

 रजवाहे में मिला शव
चरथावल। राजवाहे मे युवक का शव पडा देख दर्जनो ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। मौके पर पहंुची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया।
  मिली जानकारी के अनुसार चरथावल थाना क्षेत्र के समीपवर्ती गंाव बिरालसी स्थित सूखे पडे राजवाहा में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पडा देख आसपास के खेतो मे काम कर रहे ग्रामीणो सहित दर्जनो ग्रामीण मौके पर इकटठा हो गए। ग्रामीणो ने जब इसकी सूचना पुलिस को दी तो ामले की जानकारी मिलते ही कुछ ही देर मे मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड की मदद से मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया। परन्तु शव की पहचान नही हो सकी। बताया जाता है कि मृतक के दाहिने हाथ पर दीपक नाम लिखा हुआ है। पुलिस सूत्रो का कहना है कि मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। ताकि परिजनो को इससे अवगत कराया जा सके। इस दौरान कई ग्रामीण मौके पर एकत्रित रहे।

 

प्रतिभा का प्रदर्शन किया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस के उपलक्ष्य में नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें प्राइमरी विंग के नन्हे-मुन्ने बाल कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।  कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ अखिलेश कुमार शर्मा एवं प्राइमरी विंग की कोर्डिनेटर गोदावरी गुप्ता ने मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्जवलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया। तत्पश्चात नृत्य प्रतियोगिता दो अलग अलग प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी वर्गों में आयोजित की गई। जिसमें नन्हे मुन्ने छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का बेजोड़ प्रदर्शन किया।
नृत्य प्रतियोगिता के प्री-प्राइमरी वर्ग में यूकेजी की छात्रा आराध्या ने प्रथम, एलकेजी की छात्रा माही ने द्वितीय तथा एलकेजी की छात्रा भव्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त प्राइमरी वर्ग में कक्षा दो की छात्रा गार्गी ने प्रथम, कक्षा एक की छात्रा सृष्टि ने द्वितीय तथा कक्षा तीन की छात्रा विश्वदीप्ती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। साथ ही दूसरे वर्ग में कक्षा पांच की छात्रा त्रिशा ने प्रथम, कक्षा पांच की ही छात्रा नव्या ने द्वितीय, जबकि कक्षा तीन की छात्रा काव्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजयी प्रतिभागियों को प्रधानाचार्य डॉ अखिलेश कुमार शर्मा ने पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया।  कार्यक्रम का संचालन शोभना कौशिक ने किया। कार्यक्रम में मुस्कान, रुपसी, अपर्णा, कविता, तनु, अनुकृति, मोनिका एवं दिग्विजय सिंह आदि शिक्षकगणों का सहयोग रहा।

 

नन्हें विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ
मुजफ्फरनगर। जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, मुज़फ्फ़रनगर में ‘अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवसश् के उपलक्ष्य में  नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक के नन्हें विद्यार्थियों द्वारा एक भव्य एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालकों में नृत्य-कला के प्रति रुचि जागृत करना तथा उनकी सृजनात्मक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में पाश्चात्य एवं भारतीय नृत्य शैलियों का सुंदर समन्वय देखने को मिला। पाश्चात्य नृत्य के अंतर्गत हिप-हॉप तथा फ्री स्टाइल (माइकल जैक्सन शैली) की प्रस्तुतियों ने उत्साह और ऊर्जा से भरपूर वातावरण निर्मित किया, वहीं भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए गुजराती, कश्मीरी एवं राजस्थानी लोक नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की लय, ताल और भाव-भंगिमाओं ने सभी का मन मोह लिया। आकर्षक वेशभूषा एवं सजीव प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ाया। शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहभाग ने कार्यक्रम को सफल बनाया। विद्यालय प्रशासन ने इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, सृजनात्मकता एवं सांस्कृतिक जागरूकता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांगMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ जिला कार्यकारणी ने जिला अध्यक्ष शैंकी धीमान एवं कार्यकारी जिलाध्यक्ष अंकित कुमार के नेतृत्व में गौ माता को राष्ट्र माता घोषित किए जाने के संबंध में प्रधानमंत्री भारत सरकार एवं ं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी सदर तहसील, उप जिलाधिकारी बुढ़ाना तहसील, उप जिलाधिकारी खतौली को ज्ञापन सौंपा ! ज्ञापन में संघ ने निवेदन करते हुए कहा कि भारतवर्ष की संस्कृति, सभ्यता ओर परंपरा में गौ माता का स्थान अत्यंत पूज्यनीय, सम्माननीय एवं महत्वपूर्ण रहा है! प्राचीन काल से ही गौ माता को भारतीय समाज में मातृत्व, समृद्धि, पोषण, सेवा ओर करुणा का प्रतीक माना गया है! हमारे वेद, पुराण, शास्त्र तथा धार्मिक ग्रंथों में गौ माता की महिमा का विस्तृत वर्णन मिलता है! गौ माता भारतीय समाज को एकता, सेवा, सह-अस्तित्व ओर प्रकृति संरक्षण का संदेश देती है ! अतः राष्ट्रहित, संस्कृति संरक्षण तथा आने वाली पीढ़ियों को भारतीय मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्ये से गौ माता को राष्ट्र माता किया जाना समय की मांग है! संघ ने  प्रमुख मांगे की गौ माता को विधिवत राष्ट्र माता घोषित किया जाए,गौवंश संरक्षण हेतु कठोर एवं प्रभावी कानून बनाए जाए, देशभर में गौशालाओं के विकास एवं संरक्षण हेतु विशेष योजनाएं लागू की जाए, गौ आधारित प्राकृतिक खेती, जैविक उत्पात एवं ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा दिया जाए,विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भारतीय संस्कृति एवं गौ संरक्षण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाए!
ज्ञापन के समय जिला प्रभारी अंशुल तायल ,जिला अध्यक्ष शैंकी धीमान,जिला कार्यकारी अध्यक्ष अंकित कुमार,जिला उपाध्यक्ष शुभम राठी,जिला मंत्री हरिभान सिंह,सदर तहसील मंत्री सोनू कुमार,कार्यकारणी सदस्य राम सिंह,टिंकू सैनी, अभिषेक,राजेंद्र तायल,पुष्पेंद्र शर्मा, नितिन सैनी, गो रक्षक मोनू आदि उपस्थित रहे!

 

17 मई से 15 जून तक निःशुल्क गीता पाठ का होगा आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । पुरुषोत्तम मास में श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार मुजफ्फर नगर द्वारा प्रतिदिन नगर/ जिले के अलग-अलग क्षेत्रो/परिवारो मे निशुल्क गीता पाठ,संकीर्तन का आयोजन किया जायेगा। महामण्डलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द महाराज द्वारा संचालित कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार मुजफ्फर नगर के सचिव अतुल कुमार गर्ग ने बताया की पुरुषोत्तम मास मे  (17 मई 2026 से 15 जून 2026 तक) नगर /जिले के अलग- अलग क्षेत्रों/परिवारों में प्रतिदिन शोभायात्रा के साथ निःशुल्क गीता पाठ,संकीर्तन का भव्य आयोजन किया जायेगा। अतःपुरूषोत्तम मास मे अपने निवास स्थान/मन्दिर पर गीता पाठ कराने के लिये बुक करा सकते है। अभी तक भीम कंसल, एड अमरकांत गुप्ता, कमल गोयल, रामबीर सिंह, होती लाल शर्मा , अतुल कुमार गर्ग, सुभाष गर्ग, सुभाष गोयल,श्रीमति राज कुमारी, पंडित कृष्णानन्द, राजेश वर्मा, सुंदर लाल अग्रवाल, संजय गर्ग ,श्रीमति अनीता, श्रीमति रेखा सिंघल , विपिन गुप्ता, विमल प्रताप, श्री मति अनुराधा गर्ग,श्री देवेंद्र मधु शर्मा, अमित शर्मा  पाठ बुक करा चुके है जो भी पाठ बुक कराना चाहते हैं,अपना नाम लिखवा  सकते हैं।

 

पुलिस ने मालिक को लौटाया गुम हुआ मोबाइलMuzaffarnagar News
मीरापुर। थाना क्षेत्र में गुम हुआ एक आईफोन मोबाइल फोन उसके मालिक को वापस मिल गया है। मीरापुर पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने यह फोन बरामद कर वैध मालिक योगेश त्यागी को लौटाया। मीरापुर थाना क्षेत्र के भूम्मा निवासी योगेश त्यागी का आईफोन गुम हो गया था। उन्होंने इसकी शिकायत मीरापुर थाने में एक लिखित प्रार्थना पत्र के माध्यम से दर्ज कराई थी। प्रार्थना पत्र के आधार पर मीरापुर थाने के भूम्मा चैकी प्रभारी योगेश तेवतिया ने मामले पर कार्रवाई शुरू की। उन्होंने गुम हुए फोन को संचार साथी पोर्टल पर अपलोड किया और उसकी लोकेशन की लगातार निगरानी की। जैसे ही फोन की लोकेशन ट्रेस हुई, उसे जब्त कर थाने लाया गया। पुलिस ने आवश्यक विभागीय कार्यवाही पूरी करने के बाद फोन उसके वैध मालिक योगेश त्यागी को सौंप दिया।अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर योगेश त्यागी ने मीरापुर पुलिस, भूम्मा चैकी प्रभारी और पूरी टीम को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।

 

वांछित 08 अभियुक्तगण को किया गिरफ्तारMuzaffarnagar News
खतौली। थानाखतौली पुलिस द्वारा मु0अ0सं0- 129/2026 धारा- 109(1),221,132,190,191(2),191(3),3(5),125 बीएनएस व 07 सीएलए एक्ट में वांछित 08 अभियुक्तगण को किया गिरफ्तार। अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन मेरठ एवं श्रीमान पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी खतौली श्रीमती रूपाली राय तथा प्रभारी निरीक्षक थाना खतौली दिनेश चन्द्र के कुशल नेतृत्व में थाना खतौली पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही। थाना खतौली पुलिस को ग्राम रूकनपुर से सूचना प्राप्त हुई कि गली में नाली के पानी के निकास को लेकर लगभग 20-25 व्यक्तियों के मध्य मारपीट, झगड़ा व पथराव हो रहा है। सूचना पर तत्काल पीआरवी एवं थाना खतौली पुलिस मौके पर पहुँची तथा उपद्रव कर रहे व्यक्तियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, किन्तु उक्त व्यक्तियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा तथा उन्होंने पुलिस टीम पर भी जान से मारने की नीयत से पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस कर्मियों ने दंगा नियंत्रण उपकरणों की सहायता से स्वयं को सुरक्षित रखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। पुलिस बल को आता देख उपद्रव करने वाले व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पथराव की घटना में 08 व्यक्ति एवं 01 बालिका घायल हो गई, जिन्हें पुलिस द्वारा तत्काल उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में हैड कांस्टेबल मोमराज की तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0-129/2026 धारा 109(1), 221, 132, 190, 191(2), 191(3), 3(5), 125 बीएनएस व 07 सीएलए एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु थाना खतौली पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। थाना खतौली पुलिस द्वारा उक्त अभियोग में वांछित 08 अभियुक्तगण को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तगण की गिरफ्तारी के सम्बन्ध में थाना खतौली पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।  गिरफ्तार अभियुक्त मनीष पुत्र जगमोहन, आलोक पुत्र जगमोहन, नीरज पुत्र रणवीर, श्रीमती विनोद पत्नी नीरज, अमित पुत्र अनिल, अनुज पुत्र अनिल, आदित्य पुत्र नरेश कुमार, रितिक पुत्र नीरज निवासी ग्राम रूकनपुर थाना खतौली है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 मनोज कुमार, है0का0 मोमराज सिंह, का0 अंकित शर्मा, प्रवीन कुमार, नवीन कुमार, म0का0 कविता थाना खतौली शामिल रहे।

 

गर्मी से हाल लगातार बेहाल
मुजफ्फरनगर। सुबह के वक्त बादलों के कारण गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। परन्तु दोपहर मे फिर से तेज धूप ने हाल बेहाल कर दिया।
  पिछले कई दिनो से हो रही बेतहाशा गर्मी का असर जनजीवन पर पडता नजर आ रहा है। गर्मी के कारण दोपहर मे बाजार मे सन्नाटा सा पसर जाता है। दोपहर के वक्त तेज गर्मी के कारण बहुत जरूरी होने पर ही लोग अपने घर से बाहर निकल रहे है। अन्यथा घर पर ही रहना पसन्त करते हैं। दिन प्रतिदिन बढती गर्मी से फिलहाल राहत मिलती नजर नही आ रही है। सम्भवतः अभी मानसून आने मे भी वक्त लगेगा। गर्मी से अभी कोई राहत अभी मिलती नहीं दिखाई दे रही है।

 

जनगणना 2027 को सकुशल एवं गुणवत्तापूर्ण सम्पन्न कराने हेतु निर्धारित प्रशिक्षण सुचारू रूप से संचालितः जिला जनगणना अधिकारी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं  जनगणना 2027 की तैयारियों के अंतर्गत जनपद के  माउंट लिट्रा जी व एस०डी०पब्लिक स्कूल जनपद मुजफ्फरनगर में  प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी गजेन्द्र कुमार व गौरव गुंजन, जिला प्रभारी, जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, लखनऊ द्वारा संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षण कक्षों की व्यवस्थाओं, बैठने की क्षमता, प्रकाश एवं वेंटिलेशन, डिजिटल उपकरणों की उपलब्धता तथा प्रशिक्षण सामग्री की पर्याप्तता का गहन अवलोकन किया। उन्होंने सुनिश्चित किया कि जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिकों को प्रशिक्षण के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके। अधिकारियों ने संबंधित विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं विद्युत व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।  इस अवसर पर अधिकारियों ने जनगणना 2027 को एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताते हुए कहा कि इसकी सफलता के लिए प्रशिक्षण की गुणवत्ता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

 

मानद डाॅक्टरेट की उपाधि मिलने पर लगा बधाईयों का ताता
चरथावल। विकास खंड स्थित निर्धना गांव निवासी शिक्षक मोहम्मद सईद त्यागी को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया है। अलीगढ़ में तैनात शिक्षक सईद त्यागी को यह सम्मान ‘विश्व साहित्यिक एवं पर्यावरण संरक्षण आयोग’ द्वारा प्रदान किया गया। उन्हें समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह उपाधि मिली है। सम्मान समारोह नई दिल्ली के कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित किया गया था। मास्टर सईद त्यागी लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार और विद्यार्थियों के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्यरत हैं। उन्होंने विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, उन्हें प्रोत्साहित करने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से अनेक छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इसके अतिरिक्त, वे जूनियर शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश के पदाधिकारी के रूप में भी सक्रिय हैं। वे शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और शिक्षकों के हितों की रक्षा में उनकी भूमिका सराहनीय मानी जाती है। ‘विश्व साहित्यिक एवं पर्यावरण संरक्षण आयोग’ उन व्यक्तियों को सम्मानित करता है, जो निस्वार्थ भाव से समाज सेवा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हैं। मास्टर सईद त्यागी का चयन भी उनके इसी समर्पण और योगदान को देखते हुए किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा चरथावल क्षेत्र और मुजफ्फरनगर जनपद गौरवान्वित महसूस कर रहा है। क्षेत्र के लोगों ने इसे शिक्षा और समाज सेवा से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणादायक बताया है। समारोह के दौरान उनके साथ परिवार और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें शमशाद अली, अब्दुल, अकरम खान, लियाकत अली, मोहसिन अली, सचिन कुमार, दीपक त्यागी, मुजीबुर रहमान और मुसैब प्रमुख रूप से शामिल थे। उपस्थित सभी लोगों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

नाला निर्माण की धीमी रफ्तार से परेशानMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । जनपद के वार्ड-12 में पिछले चार महीनों से चल रहे नाला निर्माण कार्य की धीमी गति से स्थानीय लोग परेशान हैं। इस मामले को लेकर सभासद अर्जुन कुमार ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर निर्माण कार्य में तेजी लाने और जनता को हो रही परेशानी दूर कराने की मांग की है। सभासद अर्जुन कुमार ने पत्र में बताया कि सीएंडडीएस जल निगम और संबंधित ठेकेदार द्वारा नाले का निर्माण कार्य बेहद सुस्त गति से किया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते लगाए गए अवरोधों के कारण नाले में गंदा पानी और कूड़ा जमा हो रहा है, जिससे क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बदबू फैल रही है। उन्होंने कहा कि गंदगी और दूषित गैस के कारण क्षेत्र के बच्चे बीमार पड़ रहे हैं, जिससे संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सभासद ने डीएम से अनुरोध किया है कि मानसून शुरू होने से पहले निर्माण कार्य को पूरा कराने के निर्देश जारी किए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने जनहित में इस मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है।उन्होंने प्रशासन से टूटी सड़क का तत्काल निर्माण कराने, अधूरे नाले का कार्य जल्द पूरा करने, क्षेत्र में सफाई अभियान चलाने और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। क्षेत्रवासियों ने शीघ्र ही इसे पूरा कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय-सीमा के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान नरेश प्रजापति, मामचंद खटीक, डॉ. संजीव सैनी, रमाकांत शर्मा, डॉ. सुभाष शर्मा, छोटा कश्यप, मोहित कल्याणी, रितेश डेरी, रामकली, गीता रानी, संतोष प्रजापति, पूनम, संतोष रानी, रेखा, सुमन, नितिन शर्मा, पवन चैधरी, रामबीर हलवाई, रवि प्रजापति, संजय प्रजापति, सन्नी टेलर, रविंद्र टेलर, अभिजीत, अभिषेक ठाकुर, शेरू जाट समेत सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

मुज़फ्फरनगर में मंगल पैंठ बाजार के ठेके हेतु 30 अप्रैल को टेंडर प्रक्रिया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) ।जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में सर्व साधारण को सूचित किया जाता है कि प्रदर्शनी मैदान में प्रत्येक मंगलवार को लगने वाले मंगल पैंठ बाजार का ठेका वित्तीय वर्ष 2026-27 (01-04-2026 से 31-03-2027 तक) के लिये निर्धारित शर्तों के अधीन केवल ऑफलाईन टेन्डर/बोली प्रक्रिया द्वारा गठित समिति के माध्यम से दिनांक 30-04-2026 को अपरान्ह 02 बजे कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार मुजफ्फरनगर में छोडा जाना है। टेन्डर डालने हेतु निर्धारित शर्तों के अनुसार राजस्व विभाग के सक्षम अधिकारी/जिलाधिकारी द्वारा जारी किए गये अंकन 50 लाख का हैसियत प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र (शासनादेशानुसार हैसियत प्रमाण पत्र निर्धारित तीन वर्ष की अवधि तथा चरित्र प्रमाण पत्र निर्धारित दो वर्ष की अवधि से पूर्व का न हो) तथा पैन कार्ड, आधार कार्ड, जी0एस0टी0 पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगां। मंगल पैंठ बाजार ठेके के लिए सीलबन्द टैण्डर आमंत्रित किये जाते है। इच्छुक ठेकेदार अपने टैन्डर 30-04-2026 को कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में रखे सील्ड बक्से में दोपहर 01 बजे से 02 बजे अपरान्ह तक डाल सकते है। टैण्डर उसी दिन 02 बजे निविदादाताओं की उपस्थिति में जिला पंचायत सभागार में खोलें जायेगे। टेन्डर की जमानत धनराशि को केवल एफ0डी0/बैंक गांरटी अध्यक्ष डिस्ट्रिक्ट एग्जीबेशन कमेटी मुजफ्फरनगर के नाम चसमकहमक (गिरवी) करनी होगीं।  टैन्डर की अन्य विस्तृत शर्ते डिस्ट्रिक्ट एग्जीबिशन कमेटी मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट कार्यालय में देखी जा सकती है। टैण्डर सम्बंधी शर्ते एवं टैण्डर फार्म दिनांक  30-04-2026 दोपहर 12 बजे तक किसी भी कार्यालय दिवस /समय में कार्यालय डिस्ट्रिक्ट एग्जीबिशन कमेटी मुजफ्फरनगर/ कार्यालय जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर से टेन्डर फार्म मूल्य जमा कर प्राप्त किये जा सकते है। टैण्डर का ठेका/बोली पूरे वित्तीय वर्ष 2026-27 (01-04-2026 से 31-03-2027 तक) के लिये बोली जायेगी। टैण्डर प्रक्रिया में जितने मंगल बाजार नही लगेगे उनकी अनुपातिक धनराशि कम कर दी जायेगी।

 

महिला की हादसे में हुई मौत
चरथावल। कस्बे में मंगलवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। टहलने निकली महिला को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह पास की नहर में जा गिरी और डूबने से उसकी जान चली गई। यह घटना रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुई। मोहल्ला नहर बस्ती निवासी 45 वर्षीय इमराना पत्नी आस मोहम्मद चरथावल-कुटेसरा मार्ग पर टहल रही थीं। राजू कश्यप की आरा मशीन के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इमराना नहर में जा गिरीं। आसपास मौजूद युवकों ने तुरंत नहर में कूदकर महिला को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरथावल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इमराना को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एकत्र हो गए। इंस्पेक्टर क्राइम जय किशोर और चैकी प्रभारी राजेश शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। बताया गया है कि कार चालक वाहन को कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। चरथावल प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21710 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 − 1 =