खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत क्षमता संवर्धन , प्रशिक्षण एवं सम्मान समारोह का आयोजन
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत 25 आंगनबाड़ी  कार्यकत्र्रियों एवं 25 आशा कार्यकत्र्रियों (कुल 50 प्रतिभागियों) के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. बीरपाल निर्वाल जी रहे। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी श्रीमती दीक्षा, मिशन शक्ति समन्वयक श्रीमती बीना शर्मा, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती रीना पंवार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमओ) ने अतिथि के रूप में सहभागिता की। सभी अतिथियों ने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ) भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों, बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं लैंगिक समानता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा योजना को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण उपरांत आयोजित सम्मान समारोह में 25 आंगनबाड़ी कार्यकत्र्रियों एवं 25 आशा कार्यकत्र्रियों को सम्मान स्वरूप मिल्टन वाटर बोतल एवं जूट के थैले प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण सामग्री, पेयजल एवं जलपान की समुचित व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में सभी प्रतिभागियों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए समाज में जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।

 

सद्बुद्धि पदयात्रा निकाली
मोरना। कांग्रेस पार्टी द्वारा सद्बुद्धि पदयात्रा का आयोजन मोरना में किया गया जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।यात्रा मोरना से शुक्रताल तक निकाली गयी। मोरना में मंगलवार को कांग्रेस द्वारा निकाली गयी सदबुद्धि पदयात्रा का शुभारंभ बस स्टैंड से हुआ जिसके बाद पदयात्रा गांव इलाहाबास होते हुए शुकतीर्थ में सम्पन्न हुई।यात्रा के संयोजक मनोज चैधरी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार जिलाध्यक्ष सतपाल कटारिया के नेतृत्व में निकाली गयी पदयात्रा का उद्देश्य अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं ने  करोड़ों रामभक्तों की आस्था को आहत किया है। कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि आस्था से जुड़ी इस सम्पूर्ण घटना की माननीय उच्च न्यायालय के सिंटिंग जज से निष्पक्ष जाँच करायी जाये, ट्रस्ट को तत्काल भंग किया जाये, चारों पीठों के परमपूज्य शंकराचार्यों एवं श्रीराम मंदिर के सम्मानित महंतों को इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाये। पदयात्रा यात्रा में मुख्य रूप से सलमान सईद, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कमल मित्तल,हकीम जफर, महमूद इंजीनियर, सद्दाम सिद्दीकी,राजीव राठी, आकाश त्यागी,सत्तार चैधरी ,रोहतास, राशिद चैधरी ,अफसाना अंसारी, सनुज चैधरी, मंजर अब्बास ,ईश्वर सिंह, नौशाद अल्वी ,नईम अंसारी, मोनू सलमानी, जुबेर अली ,सोनू कुमार ,राजीव ,ज्ञानेंद्र, नसीम आदि सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

 

शोरूम में आग से नुकसानMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।देर रात अचानक नई मंडी क्षेत्र स्थित विजय लक्ष्मी ऑप्टिकल शोरूम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह और फायर स्टेशन ऑफिसर (एफएसओ) रामकिशोर यादव तीन दमकल गाड़ियों और टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शोरूम बंद होने के कारण दमकल कर्मियों को आग तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। कर्मचारियों ने शोरूम के शीशे तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब चार बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग की चपेट में आने से शोरूम में रखा चश्मों का स्टॉक, महंगी मशीनें, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग बुझने तक शोरूम को भारी नुकसान हो चुका था। शोरूम संचालक अजय ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी नुकसान पहुंचा चुकी थी। उनके अनुसार हादसे में पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि दुकान बंद करते समय सभी बिजली के स्विच और लाइटें बंद कर दी गई थीं। ऐसे में आग किस कारण लगी, यह समझ से परे है। दमकल विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

 

जलभराव से मिली निजातः जेसीबी से नाले की कराई सफाईMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के दिशा निर्देशन में तहसील सदर क्षेत्रांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ग्राम नारा-जड़ौदा के समीप वर्षा के कारण राजमार्ग पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। समस्या की जानकारी प्राप्त होते ही तहसीलदार सदर श्री राधेश्याम गोंड द्वारा अपनी राजस्व टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के समन्वय से जल निकासी की व्यवस्था कराई।
तहसीलदार के निर्देशन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर भरे हुए पानी को शीघ्रता से बाहर निकाला गया। साथ ही जल निकासी को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से समीप स्थित नाले की जेसीबी मशीन के माध्यम से व्यापक सफाई कराई गई। नाले में जमा गाद, मिट्टी एवं अन्य अवरोधों को हटाकर जल प्रवाह को सामान्य किया गया, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या की पुनरावृत्ति की संभावना कम हो सके।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु के दौरान जल निकासी व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी स्थान पर जलभराव की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं यातायात को सुचारु बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर राजस्व विभाग की टीम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने समन्वित रूप से अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

 

लूट का खुलासाः शातिर गिरफ्तारMuzaffarnagar News
मंसूरपुर। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मंसूरपुर पुलिस और मिशन शक्ति टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के दिशा-निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए लूट की वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल 3 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई शत-प्रतिशत रकम और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। उल्लेखनीय है कि06. जुलाई को थाना मंसूरपुर पर वादी मुस्तफा पुत्र रहीश निवासी ग्राम बैगराजपुर थाना मंसूरपुर मु0नगर द्वारा लिखित तहरीर देते हुए अवगत कराया कि जंगल ग्राम बैगराजपुर में अज्ञात मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों द्वारा उनसे 3500 रुपये तथा उसी स्थान पर दो अन्य व्यक्तियों क्रमशः समीर व आरिफ से मारपीट कर नगदी लूटने की घटना कारित की गयी है। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना मन्सूरपुर पुलिस द्वारा तत्काल मु0अ0सं0 181/26 धारा 309(6)/351(3) बीएनएस पंजीकृत किया गया एवं उच्चाधिकारीगण के निर्देशन में अभियुक्तगण की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी व बरामदगी हेतु टीमें गठित की गयी। गठित टीमों द्वारा सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों के संकलन एवं सघन पुलिस कार्रवाई के माध्यम से अभियुक्तों की पहचान की गई। तत्पश्चात प्रभावी प्रयासों के फलस्वरूप घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लूटे  गये 28,500 रुपये व घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल बरामद की गयी। अभियुक्तगण की गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।   गिरफ्तार अभियुक्त  प्रिन्स पुत्र दिनेश निवासी ग्राम लच्छेडा,  राजा उर्फ प्रशान्त पुत्र ब्रजभूषण लाल निवासी ग्राम बैगराजपुर,  सौरभ पुत्र ओमवीर सिंह निवासी ग्राम बैगराजपुर थाना मंसूरपुर  को गिरफ्तार किया। सराहनीय कार्य करने वाली इस पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक आशीष पालीवाल, उपनिरीक्षक ललित राजपूत, कांस्टेबल योगेश कुमार, बलजीत सिंह, धर्मेन्द्र कुन्तल व पुष्पेन्द्र कुमार शामिल रहे। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने इस त्वरित और सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है।

 

नशीले कैप्सूलों के साथ सप्लायर-डिस्ट्रीब्यूटर सहित 6 गिरफ्तारMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। मादक पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान को बड़ी कामयाबी मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन, एसपी सिटी अमृत जैन और क्षेत्राधिकारी नई मण्डी  राजू कुमार साव के पर्यवेक्षण में थाना नई मण्डी पुलिस व एसओजी टीम ने नशीले कैप्सूलों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सप्लायर और डिस्ट्रीब्यूटर सहित कुल 6 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 20 से 25 लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं।  थाना नई मण्डी पुलिस टीम बिलासपुर चैराहे पर संदिग्ध व्यक्ति/वाहनो की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना दी गयी कि कुछ संदिग्ध लोग कूकडी ग्राउंड पर बैठे है तथा आपस में बटवारे की बात कर रहे है। इस सूचना पर थाना नई मण्डी पुलिस टीम तत्काल मुखबिर के बताये स्थान पर पहुंची तथा पूछताछ की गयी तो उन्होने अपने पास रखे कार्टून में बताया कि इसमें नशीले कैप्सूल है। थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा क्षेत्राधिकारी नई मण्डी व ड्रग इन्सपेक्टरको मौके पर बुलाया तथा उनकी उपस्थिति में कार्टून खोल के देखे गये तो 4 कार्टून में 76800 नशीले कैप्सूल ( स्पासमोर व स्पासमेड कम्पनी के एनआरएक्स एसीटामिनोफिन ट्रामाडोल, हाईड्रोक्लोराईड एण्ड डाईक्लोमाईन हाईड्रोक्लोराईड ) मौजूद मिले। मौके से ही 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगण की गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।  गिरफ्तार अभियुक्त जावेद पुत्र मो0 इसरायल निवासी ग्राम भिक्की थाना सिखेडा, मुजफ्फरनगर हाल निवासी ग्राम शेरनगर, नौशाद पुत्र मौहम्मद अहसान निवासी सहावली थाना नई मण्डी,  मौ0 आजाद पुत्र नासिर अली निवासी लुसाना मोड थाना बुढाना, नवीन कुमार पुत्र ओमपाल सिंह निवासी म0न0 266 हवी न0 3 दयानंद नगर थाना कोतवाली नगर, शामली, मौ0 कासिफ पुत्र मौ0 रिजवान निवासी हारुन की कोठी के पास अम्बा विहार थाना खालापार, सचिन गुप्ता पुत्र ब्रहापाल निवासी 57/1 साऊथ कृष्णापुरी थाना खालापार, मुजफ्फरनगर तथा वांछित अभियुक्त सुमित पुत्र नामालूम निवासी जानसठ, मुजफ्फरनगर ।अभियुक्तगण द्वारा बताया गया कि सुमित उपरोक्त सचिन गुप्ता को यह नशीले कैप्सूल बेचता है तथा सचिन गुप्ता से हम लोग इन कैप्सूल को खरीदते है। इन कैप्सूल को रजिस्टर्ड डाक्टर ही प्रिसक्राइब करता है परन्तु हम लोग इसे ब्लैक में खरीदते है और आगे दोगुने दामों पर बेचते है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीममें प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र, उ.नि. ओमप्राकश सिंह, सन्दीप कुमार, आकश कुमार, शुभम चैहान थाना नई मंडी, मोहित चैधरी प्रभारी, है. का. रोहिताश कुमार, का. ललित मोरल, का. प्रशान्त सिरोही, का. मौ. इस्फाक एसओजी देहात, है. का. विकास सिरोही सर्विलांस सैल, का. अमन कुमार, रवि कुमार, राहुल कश्यप, रि.का. हीरा सिंह, रि.का. बोली सिंह, का. रेाहित कुमार, हिमांशु चैाध्री, मुनेश कुमार, राजीव अत्री, दिनेश बाना थाना नई मंडी शामिल रहे।  गिरफ्तार अभियुक्तगण के विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है साथ ही वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु टीमें गठित की गयी है। इस गिरोह के फ़ॉरवर्ड व बैकवर्ड लिकेंज की भी जांच की जा रही है।

 

 घटायन से मुजफ्फरनगर तक अब बस की मिलेगी सुविधाMuzaffarnagar News
जानसठ। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए घटायन से मुजफ्फरनगर तक नई रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ किया गया। बस सेवा का उद्घाटन भाजपा नेता एवं भारतीय गौ सेवा संघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष गौरव चैधरी तथा राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजीत राठी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। बस सेवा शुरू होने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला और उपस्थित लोगों ने अतिथियों का स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, पूर्व में यह बस केवल राजपुर-तिरौला तक संचालित होती थी, जिससे क्षेत्र के अनेक गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। क्षेत्रवासियों ने बस मार्ग के विस्तार की मांग उठाई, जिस पर भारतीय गौ सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष गौरव चैधरी ने परिवहन विभाग के समक्ष मामला उठाकर बस सेवा का विस्तार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बताया गया कि अब यह रोडवेज बस घटायन, नूनीखेड़ा, सौजनी, मनफोड़ा और तिसंग होते हुए मुजफ्फरनगर तक संचालित होगी। यह बस प्रतिदिन चार चक्कर लगाएगी, जिससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों तथा मरीजों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। विशेष बात यह है कि इस बस का किराया अन्य बसों की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत कम रखा गया है, जिससे आम यात्रियों को आर्थिक राहत भी मिलेगी। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए गौरव चैधरी ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने घोषणा की कि शीघ्र ही राजपुर-तिरौला से दिल्ली के लिए भी रोडवेज बस सेवा शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर भारतीय गौ सेवा संघ एवं राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि नई बस सेवा से गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों का समय व धन दोनों की बचत होगी। क्षेत्रवासियों ने बस सेवा शुरू कराने के लिए गौरव चैधरी सहित सभी संबंधित लोगों का आभार व्यक्त किया।

 

 धार्मिक आस्था एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा हेतु दिया ज्ञापनMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।पूर्व निश्चित कार्यक्रम के अनुसार जैन समाज की धार्मिक आस्था एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा हेतु जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति,  प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग को सौंपा गया 10 सूत्रीय ज्ञापन ।  ज्ञापन में कहा गया कि जैन समाज भारत की प्राचीनतम आध्यात्मिक परंपराओं में से एक है,  जिसने अहिंसा,  सत्य,  अनेकांतवाद और करुणा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्तमान समय में जैन समाज की धार्मिक भावनाओं,  संत परंपरा,  तीर्थस्थलों एवं संवैधानिक अधिकारों से जुड़े अनेक विषय गंभीर चिंता का कारण बने हुए हैं।प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी द्वारा दिगंबर जैन संतों की पवित्र मयूर पिच्छी को लेकर दिए गए आपत्तिजनक एवं तथ्यहीन वक्तव्य पर गहरी आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे करोड़ों जैन श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि वे बिना किसी शर्त के सार्वजनिक रूप से जैन समाज से क्षमा मांगें तथा अपना बयान वापस लें। ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से जैन तीर्थस्थलों की सुरक्षा,  जैन संतों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था,  राष्ट्रीय एवं राज्य जैन कल्याण बोर्ड के गठन,  जैन अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा,  राष्ट्रीय जनगणना में जैन धर्म की पृथक पहचान,  प्राचीन जैन धरोहरों के संरक्षण तथा जैन धर्म एवं धार्मिक प्रतीकों के अपमान पर त्वरित एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सहित 10 प्रमुख मांगों को शीघ्र लागू करने का आग्रह किया गया। सकल जैन समाज ने आशा व्यक्त की कि केंद्र सरकार एवं संबंधित संस्थाएं जैन समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए इन मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र निर्णय लेंगी। जैन एकता मंचष्युवा शाखाष् के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव जैन ने कहा कि मेनका गांधी का बयान उनकी कुमति का परिचायक है वहीं दूसरी ओर आज जैन तीर्थ स्थल व जैन सन्तो की सुरक्षा पर एक बड़ा प्रश्न खड़ा होता जा रहा है सरकारों द्वारा जैन धर्मावलंबियों की यह अनदेखी बर्दाश्त नही की जायेगी व जैन समाज अपने अधिकारों की सुरक्षा के लिये लोकतांत्रिक तरीके से हर सम्भव प्रयास करता रहेगा भले ही उसके लिये आंदोलन का रास्ता ही क्यों न अपनाना पड़े । प्रदीप जैन व पंकज जैन ने भी सामुहिक रूप से कहा कि मेनका गाँधी जैन सन्तो व समाज से बिना शर्त माफी मांगे अन्यथा जैन समाज के बुद्धिजीवी वर्ग से सार्वजनिक चर्चा कर हमें गलत साबित करें । रोहित जैन व डॉ अमित जैन ने भी सामूहिक रूप से समाज का पक्ष रखते हुए कहा कि जैन समाज आज अपने अधिकारों के लिये एकजुट है व संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों की रक्षा हेतू कटिबद्ध है । ज्ञापन कार्यक्रम में मुख्य रूप से गौरव जैन, रोहित जैनश्अप्पूश्, नितिन जैनश्मोंटूश्, प्रदीप जैन, पंकज जैन, विप्लव जैन, राजेश कुमार जैन, राजीव जैन, सौरभ जैन, विपिन जैन, रूपेंद्र जैन, शोभित जैन, अश्वनी जैन, आर.के.जैन, एस.के.जैन, सुधीर कुमार जैन, एन के जैन, अमित जैन, संजय जैन, सचिन जैन, अखिलेश जैन, योगेंद्र जैन, रविन्द्र जैन, मनोज जैन, अनुज जैन आदि मौजूद रहे ।

 

खाद्य सामग्री वितरण कार्यक्रम हुआ आयोजित
मुजफ्फरनगर। आशादीप मन्द बुद्धि एवं मूक बधिर बाल प्रशिक्षण संस्थान मे भारत विकास परिषद सम्राट शाखा द्वारा खाद्य सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आशादीप मंदबुद्धि एवं मूक-बधिर बाल प्रशिक्षण संस्थान,विष्णु विहार जानसठ रोड,मुजफ्फरनगर पर  भारत विकास परिषद सम्राट शाखा,मुजफ्फरनगर द्वारा दिव्यांग बच्चो को खाद्य सामग्री वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के सचिव इंजी आरके गोयल ने की तथा संचालन सुनील कुमार गर्ग ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती ममता अग्रवाल भाजपा नेत्री उपस्थिति रही। कार्यक्रम मे भारत विकास परिषद सम्राट शाखा से विनय शर्मा, कुलदीप भारद्वाज, रोहिताश कर्णवाल, कीमती लाल जैन,नीरू जैन, अमित जैन,पीके त्यागी, आकाश गौतम, मनोज गुप्ता, बीके सूर्यवंशी, योगेश कुमार, अजय अग्रवाल,प्रेम प्रकाश, प्रभा अग्रवाल आदि ने भाग लिया। कार्यक्रम मे संस्थान के उप मंत्री इंजी पी के गुप्ता, प्रभारी उप मंत्री एन के गुप्ता, सदस्य कार्यकारिणी रामबीर सिंह,प्रधानाचार्य ब्रजमोहन शर्मा तथा शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि तथा सम्राट शाखा के अन्य पदाधिकारियो ने संस्थान के लिये समय-समय पर सहयोग का आश्वासन दिया तथा दिव्यांग संस्थान के प्रबंधन एवं स्टाफ को उनके सेवा के इस कार्य के लिए सराहना की।संस्थान के सचिव इंजी आरके गोयल ने सभी उपस्थित सम्राट शाखा के सदस्यो का उनके सहयोग के लिए ह्रदय से आभार प्रकट किया।कार्यक्रम के अंत मे राष्ट्रीय गान के उपरांत दिव्यांग बच्चो को खाद्य सामग्री के पैकेट्स वितरित किये।

 

 भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया
मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आईटी विभाग द्वारा भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग किया।  कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ अखिलेश कुमार शर्मा एवं आईटी विभाग की शिक्षिका ऋतु शर्मा एवं रीता नागर ने मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्जवलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया। तत्पश्चात कार्यक्रम की संयोजिका ऋतु शर्मा ने भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम के विषय में विस्तार से जानकारी दी।  उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम दो अलग-अलग वर्गों में आयोजित किया गया। एक वर्ग में कक्षा छह से कक्षा आठ तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जबकि दूसरे वर्ग में कक्षा 9 एवं कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान डीप एआई पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें आईटी विभाग के शिक्षकों द्वारा डीप टेक के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अंतर्गत छात्रों ने आर्टिफिशल इंटेलिजेंस एआई के क्षेत्र में अपना करियर बनाने की नई तकनीक तथा नवाचार के बारे में सीखा।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में भारत के नवाचारों पर आधारित श्भारत क्विजश् का भी आयोजन किया गया। जिसमें अनंत, प्रियांश, यश, कबीर, अनुष्का, अंशिका, कनिष्का, अक्ष, फसीहा, अभय तथा वंश आदि ने शानदार प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन आईटी विभाग की शिक्षिका रीता नागर एवं ऋतु शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

 

 कर्म का त्याग नहीं,त्याग भाव से कम करते हुए जीओ-रामबीर सिंह
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सचिव अतुल कुमार गर्ग ने बताया कि साप्ताहिक/एकादशी/विशेष पर्व पर गीतापाठ की श्रृंखला मे सांय 06 बजे से दक्षिणी कृष्णापुरी, मे आचार्य वेद प्रकाश शर्मा के सौजन्य से एवं भगवताचार्य पंडित होती लाल शर्मा के पावन सानिध्य में आयोजित किया गया। सर्वप्रथम दीप प्रज्वलन /विधिवत पूजन के उपरांत अतुल गर्ग द्वारा गणेश स्तुति ,ओम नमो भगवते वासुदेवाय,कृष्ण कृपा अमृत,  अष्टादश श्लोकी गीतापाठ श्रद्धा भाव पूर्वक कराया गया। गीतापाठ परिवार के रामबीर सिंह ने बताया कि महाराज श्री का यह संदेश कि कर्म का त्याग नहीं, त्याग भाव से कम करते हुए जीओ हम सब के लिए प्रेरणा स्रोत है। तत्पश्चात भजनभाव मे सुभाष गर्ग,विमल प्रताप, भावना,दिपाली,संजय,राजेश वर्मा,अजय गर्ग,महेन्द्र रावत के भजनों ने सभी उपस्थित श्रोताओ को भक्ति रस मे सराबोर कर दिया गया तथा सभी श्रद्धालुजन तालियां बजाते हुए नाच/झूम उठे। नगर  मे गीतापाठ करके घर -घर गीता, हर घर गीता का  समाज कल्याण का जो सार्थक प्रयास किया जा रहा है उसके लिए गीतापाठ परिवार के सदस्यो को आचार्य जी द्वारा पटका पहनाकर एवं राधा कृष्ण का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। आरती के उपरांत  प्रसाद वितरण कर  कार्यक्रम को विश्राम दिया गया। गीतापाठ  में अतुल गर्ग,रामबीर सिंह,आचार्य वेद प्रकाश,सुभाष गर्ग,अजय गर्ग, महेंद्र रावत,विमल प्रताप,त्रिलोक चंद ,महेंद्रदत्त, दिपाली, ईश्वरचंद, भावना,अनिल,अशोक गुप्ता, बोहरण लाल,बालकराम, अमरीश,उर्मिला,संजीव वर्मा, होती लाल शर्मा,राजेश वर्मा,हरिरटन शर्मा,बालक राम शर्मा, विनोद शर्मा,रविंद्र वर्मा,राजीव शर्मा, राकेश शर्मा,भावना,शारदा,केला, चंद्रावती, राधा,सुरेखा,गीतांजलि,स्वाती, योगेश्वरदत्त शर्मा आदि तथा मातृ काफी संख्या मे मातृ शक्ति का विशेष सहयोग रहा।

 

गर्मी से मिली राहत, जलभराव ने बढ़ाईं मुश्किलेंMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। नगर में हुई झमाझम बारिश से गर्मी से लोगों केा निजात मिली।  जिले में मौसम बदला और शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिला दी। दोपहर बाद शुरू हुई बारिश ने जहां तापमान में गिरावट ला दी, वहीं कई इलाकों में भारी जलभराव ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दीं। बारिश के बाद मौसम तो सुहावना हो गया, लेकिन हवा की रफ्तार कम होने की वजह से उमस ने लोगों का पीछा नहीं छोड़ा। बारिश का सबसे ज्यादा असर जानसठ तहसील क्षेत्र में देखने को मिला। बेहड़ा अस्सा गांव में कई गलियां और सड़कें पानी में डूब गईं। गांव के झारेड़ा मोहल्ले के रविदास मंदिर के बाहर सड़क पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गई। जलभराव इतना ज्यादा हो गया कि सड़क बच्चों के लिए स्विमिंग पूल बन गई और बच्चों ने घंटों पानी में उतरकर जमकर मौज-मस्ती की। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बारिश का असर पर्यावरण पर भी साफ दिखाई दिया। बारिश ने वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषण के कणों को काफी हद तक साफ कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि हवा की औसत रफ्तार केवल 5 किलोमीटर प्रति घंटा रहने के कारण लोगों को उमस का एहसास होता रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अगले एक-दो दिन इसी तरह बारिश होती रही तो तापमान में और गिरावट आ सकती है। उधर, शहर के कई निचले इलाकों और बाजारों में जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए, जबकि पैदल निकलने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों ने इस बारिश को खरीफ फसलों के लिए लाभदायक बताया है।

 

बुजुर्ग ने निरगाजनी झाल में लगाई छलांग
मोरना। भोपा क्षेत्र में सीकरी पुलिस चैकी के पास निरगाजनी झाल पर मंगलवार दोपहर एक अज्ञात बुजुर्ग ने छलांग लगा दी। बुजुर्ग ने अपने जूते, कुर्ता और लाठी पुल पर रखे और गंगनहर में कूद गया। यह घटना दोपहर के समय हुई जब राहगीरों ने बुजुर्ग को नहर में कूदते देखा। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पुल पर रखे बुजुर्ग के कपड़ों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बुजुर्ग की जेब से 600 रुपये मिले। हालांकि, बुजुर्ग की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उपनिरीक्षक सपन चैधरी ने बताया कि नहर में कूदे व्यक्ति का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने आसपास के गांवों में भी सूचना दे दी है और तलाश जारी है। बुजुर्ग कौन था, कहां से आया और उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

 

जलभराव से नागरिक परेशान
मोरना। भोकरहेड़ी कस्बे में जलभराव की समस्या से परेशान नागरिकों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। तालाबों पर अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी रुकने से कस्बे के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। नागरिकों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। कस्बे के मोहल्ला बेहड़ा पट्टी और लक्सर मार्ग पर जलभराव की स्थिति गंभीर है।  गंदे पानी के कारण इन मार्गों से गुजरना मुश्किल हो गया है। लक्सर मार्ग पर छोटे वाहन कीचड़ में धंस जाते हैं। योगेंद्र नगर, मजलिसपुर, तोफिर आदि गांवों के बच्चे स्कूल जाने के लिए इसी गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। कस्बे के निवासी कई नागरिकों ने ने बताया कि यह जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है और न ही कोई अधिकारी मौके पर आता है।

 

अमित जैन पुनः आईआईए मुजफ्फरनगर चैप्टर के चेयरमैन मनोनीत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने अमित जैन को वर्ष 2026-27 के लिए पुनः आईआईए मुजफ्फरनगर चैप्टर का चेयरमैन मनोनीत किया है। उनका कार्यकाल 1 जुलाई 2026 से 30 जून 2027 तक रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि अमित जैन के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर चैप्टर सदस्यता विस्तार, एमएसएमई के विकास, उद्योगों की समस्याओं के समाधान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की औद्योगिक योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक उद्यमियों तक पहुँचाने के लिए प्रभावी कार्य करेगा। इस अवसर पर अमित जैन ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, उद्योगों के हितों की रक्षा तथा मुजफ्फरनगर के औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे। आईआईए मुजफ्फरनगर चैप्टर के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अमित जैन को पुनः चेयरमैन मनोनीत होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

 

ग्रो सेफ फूड अभियानः बघरा में किसानों को रासायनिक खेती के विकल्पों का दिया गया प्रशिक्षण
 बघरा। कृषि विभाग, मुजफ्फरनगर द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, बघरा में उत्तर प्रदेश के श्ग्रो सेफ फूडश् अभियान के तहत एक व्यापक किसान जागरूकता एवं तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया और सुरक्षित खेती का संकल्प लिया।
खेतों में रसायनों के अंधाधुंध प्रयोग पर चिंता-कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उप निदेशक कृषि रक्षा विकास कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए खेतों में रसायनों के अनियंत्रित प्रयोग को गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि इसका दुष्प्रभाव सीधे हमारे स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ता है, इसलिए समय रहते सतर्क हो जाना जरूरी है। उन्होंने प्रतिबंधित कीटनाशकों के प्रयोग से पूरी तरह बचने की सलाह देते हुए किसानों को लाइट ट्रेप, फेरोमोन ट्रेप और पीले चिपचिपे (स्टिकी) ट्रेप जैसी जैविक व पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।  जिला कृषि रक्षा अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया दवारा किसानो को ग्रो सेफ फ़ूड के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कीटनाशी रसायनों के कम प्रयोग करने एवं बायो पेस्टीसाइड के प्रयोग करने की सलाह दी गई है और कीटनाशक विक्रेताओं को उनके दवारा सख्त निर्देश दिए कि वे बिना वैध रसीद के किसी भी किसान को दवा न बेचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ विभाग सख्त दंडात्मक कार्रवाई करेगा, और सभी विक्रेता नियमों का कड़ाई से पालन करें।

 

विशाल भंडारे का आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जैन मित्र मंडल द्वारा जैन औघधालय प्रेमपुरी पर विशाल भंडारे का आयोजन मित्र वीरेंद्र कुमार जैन,  अंकुर जैन व शुभकित जैन के सौजन्य द्वारा किया गया। भंडारे का शुभारंभ व्यापार संगठन के प्रदेश युवा उपाध्यक्ष एवं जिला सह संयोजक भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ तरुण मित्तल द्वारा किया गया, जैन मित्र मंडल के अध्यक्ष महिपाल जैन एवं श्री वीरेंद्र कुमार जैन द्वारा तरुण मित्तल को तिलक कर एवं पटका पहनाकर स्वागत किया गया। जैन मित्र मंडल के समस्त पदाधिकारीयो एवं सदस्यों द्वारा उपस्थित श्रद्धालुओं को बहुत ही श्रद्धा भाव के साथ प्रसाद ग्रहण कराया गया, भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा भोजन प्रसाद ग्रहण किया गया।  भंडारे उपरांत उपस्थित अतिथियो व समस्त श्रद्धालुओं द्वारा जैन मित्र मंडल के समस्त पदाधिकारीयो का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मित्र महिपाल जैन अध्यक्ष, मित्र जे के जैन सचिव, मित्र कवर सैन जैन कोषाध्यक्ष, कुलदीप जैन, वकील चंद जैन, डॉ हरेंद्र कुमार जैन, राजेश जैन, सुधीर जैन, प्रवीन जैन, प्रमोद जैन, अंशुल जैन, अंकित जैन, नितिन गोयल आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

सीएमओ डा. सुनील तेवतिया ने किया जानसठ सीएचसी का औचक निरीक्षण
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखा, मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
जानसठ। जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जानसठ का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. अर्जुन सिंह सहित समस्त चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल में ओपीडी व्यवस्था, दवा वितरण, आपातकालीन सेवाओं, प्रसूति कक्ष, टीकाकरण व्यवस्था तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही दवाओं की उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण एवं नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए। सीएचसी प्रभारी डॉ. अर्जुन सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करना होगा। निरीक्षण के समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का समस्त चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य स्टाफ उपस्थित रहा

 

बायो इनपुट रिसोर्स सैन्टर की शीघ्र होगी स्थापना
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने बताया है कि जनपद में संचालित नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु प्राप्त कार्य योजना में भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार जनपद में 01 नये बायो इन्पुट रिसोर्स सेन्टर (बी०आर०सी०) की स्थापना की जानी है। प्राकृतिक खेती को सफलता पूर्वक अपनाने के लिये पशु और पौधे आधारित प्राकृतिक खेती बायो इन्पुट तैयार करने के लिये पशुधन और पौधो तक पहुंच आवश्यक है। इसलिये एन0एम0एन0एफ0 क्लस्टरो में एन0एफ0 बायो इन्पुट के स्थानिय उत्पादन एवं उपलब्धता का समर्थन करने के लिये जनपद में उघ्द्यम मॉडल में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (एन0एम0एन0एफ0) योजना के तहत बायो इन्पुट रिसोर्स सेन्टर (बी०आर०सी०) की स्थापना की जायेगी। बायो इन्पुट रिसोर्स सेन्टर (बी0आर0सी0) के चयन हेतु निर्धारित मापदंड के तहत बी०आर०सी० केन्द्र पर तैयार किये गये जैविक मिश्रण (घनजीवामृत, जीवामृत, बीजामृत, दशपर्णी आदि) की गुणवत्ता बनाये रखने के लिये स्टोरेज कैन, रैंक, रेफ्रिजिरेटर, गाय के मूत्र को इकट्ठा करने का संयंत्र/पात्र, किंडवन चेम्बर तथा रख-रखाव के लिये बड़े स्टोरेज की सुविधा बायो इन्पुट रिसोर्स सेन्टर (बी०आर०सी०) स्वंय अपने अपने केन्द्र पर विकसित करेंगे एवं उघ्द्यमी समूह/संस्था को प्राकृतिक खेती का किसान होना चाहिये अथवा उसके सदस्यों को प्राकृतिक खेती का पूर्व अनुभव होना चाहिये तथा बायो इन्पुट रिसोर्स सेन्टर (बी०आर०सी०) जैविक मिश्रण (घनजीवामृत, जीवामृत, बीजामृत, दशपर्णी आदि) के प्रयोग की विधि में क्लस्टर अथवा प्राकृतिक खेती के इच्छुक कृषको को आवश्यकता अनुसार सहयोग भी प्रदान करेगा।
इस संबंध में जनपद के समस्त एफ० पी0ओ0/उद्यमी/अन्य संस्थाओ से अपील है कि आप उपरोक्त चयन मानदण्डो के अनुसार अपना आवेदन उप कृषि निदेशक, मुजफ्फरनगर कार्यालय में दिनांक 12 जुलाई, 2026 तक किसी भी कीर्यदिवस में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। जिससे कि आपका चयन राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (एन0एम0एन0एफ0) योजना के तहत बायो इन्पुट रिसोर्स सेन्टर (बी0आर0सी0) के रूप में किया जा सके।

 

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 22616 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

nine + 11 =