समाचार (Muzaffarnagar News)

रतनपुरी। नेशनल हाईवे-58 पर सठेड़ी कट के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार वैगनआर कार ने सड़क पार कर रहे बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, रतनपुरी क्षेत्र के सठेड़ी कट के पास रहीसुद्दीन अपनी पत्नी रशीदा (50) के साथ किसी कार्यवश मोटरसाइकिल से जा रहे थे। जैसे ही रहीसुद्दीन सड़क की दूसरी ओर जाने के लिए बाइक मोड़ने लगे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि रशीदा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रहीसुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों का जमावड़ा लग गया। सूचना मिलते ही रतनपुरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान हालत में रहीसुद्दीन को खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। वहीं, मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी रतनपुरी राकेश सिंह ने बताया कि कार की चपेट में आने से महिला की मृत्यु हुई है तथा उसका पति घायल है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नशीले कैप्सूल व इंजेक्शन के साथ दबोचे
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत थाना सिविल लाईन पुलिस ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने माल रोड से चेकिंग के दौरान तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 6,65,00, रुपये कीमत की नशीली दवाइयों की बड़ी खेप और तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की बलेनो कार बरामद की है। बरामदगी का विवरण-72,000 नशीले कैप्सूल (ट्रामाडोल – स्पास्मोविल), 549 नशीले इंजेक्शन (एविल और पैंटासिल), एक बलेनो कार (बिना नंबर), गिरफ्तार अभियुक्तः दीपक (26 वर्ष) पुत्र रोहताश – निवासी तीर्थ कालोनी, खतौली (मूल निवासी ग्राम कुतुबपुर, थाना छपार, मुजफ्फरनगर)। कलीम (29 वर्ष) पुत्र अशफाक – निवासी बधौली, थाना खरखौदा, मेरठ। जुनैद (26 वर्ष) पुत्र इकबाल – निवासी लोहिया नगर, मेरठ। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और थाना प्रभारी इन्द्रजीत सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पूछताछ में अभियुक्तों ने चैंकाने वाले खुलासे किए। तस्करों ने बताया कि वे हापुड़ के एक व्यक्ति से व्हाट्सएप के जरिए संपर्क में थे और ब्लैक में नशीले कैप्सूल व इंजेक्शन खरीदते थे। चूंकि ये दवाएं केवल डॉक्टर के पर्चे (प्रिस्क्रिप्शन) पर ही मेडिकल स्टोर से मिलती हैं, इसलिए नशा करने वाले युवाओं को ये आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती थीं। आरोपी इसी का फायदा उठाकर युवाओं को दुकानों से अलग बेहद ऊंचे दामों पर ये नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 224/26 धारा 8/21/22 एनडीपीएस (छक्च्ै) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अब इनके श्फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकश् (सप्लाई चेन और खरीदारों) की सघन जांच में जुटी है।
14 लाख की चोरी की झूठी कहानी का पुरकाजी पुलिस ने किया खुलासा
पुरकाजी। थाना पुरकाजी पुलिस ने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वा
रदात का 48 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस जांच में पीड़ित परिवार की बहू ही मुख्य आरोपी निकली, जिसने सास की अनदेखी और पैसों के लालच में आकर चोरी का झूठा नाटक रचा था। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई शत-प्रतिशत रकम (4 लाख 40 हजार रुपये) और कान की सोने की बाली बरामद कर ली है। बीती 24 अगस्त 2026 को ग्राम हरिनगर निवासी इनाम पुत्र इरफान ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों पर घर की अनाज की टंकी से 14 लाख रुपये चुराने, विरोध करने पर भाई की पत्नी (गुलशना) पर चाकू से हमला कर घायल करने और कान की बाली छीन ले जाने का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और थानाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब बारीकी से छानबीन और पूछताछ की तो पूरा मामला फर्जी निकला। आज (26 अगस्त) पुलिस ने घटना का पर्दाफाश करते हुए वादी के भाई की पत्नी गुलशना पत्नी अकरम (निवासी ग्राम हरिनगर) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी गुलशना ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी सास उसे खर्चे के पैसे नहीं देती थी और घर का सारा लेनदेन खुद करती थी। सास ने अनाज की टंकी में पैसे छिपाकर रखे थे, जिसे उसने देख लिया था। लालच में आकर उसने 23/24 अगस्त की रात ताला तोड़कर 4 लाख 40 हजार रुपये चोरी कर लिए और उन्हें अपने कमरे के कूलर में छिपा दिया। गुलशना ने खुलासा किया कि ताला तोड़ते समय टंकी की लोहे की पत्ती से उसका हाथ कट गया था। चोरी को छिपाने के लिए उसने खुद ही अपने कान की बाली निकालकर छिपा दी और शोर मचाकर परिजनों को बताया कि अज्ञात चोरों ने उस पर चाकू से हमला किया और बाली छीनकर 14 लाख रुपये ले गए। परिवार ने भी बढ़ा-चढ़ाकर 14 लाख रुपये की चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर कूलर में छिपाकर रखे गए पूरे 4,40,000 रुपये नकद और 1 सोने की बाली बरामद कर ली है। फर्जी कहानी का पर्दाफाश होने पर पुलिस ने मुकदमे में दर्ज पुरानी संगीन धाराओं को हटाकर चोरी व साक्ष्य छिपाने की धाराओं (305(क), 317(2) ठछै) में तब्दील कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह भाटी, उ0नि0 नवीन कुमार, म0उ0नि0 निशा सिंह, है0का0 सचिन तेवतिया और म0का0 शिल्पी शर्मा।
रक्षाबंधन को लेकर खूब हुई खरीदारी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। भाई-बहन के अटूट स्नेह, प्रेम और पवित्र रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे जिलेभर के बाजारों में खुशियों की रंगत और खरीदारी की रौनक परवान चढ़ने लगी है। शहर के मुख्य बाजारों से लेकर गांव-देहात के कस्बों तक हर तरफ रक्षाबंधन को लेकर जबरदस्त उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। बाजारों में सुबह से ही बहनों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अपने भाइयों की कलाई पर सजाने के लिए बहनें एक से बढ़कर एक खूबसूरत और आकर्षक राखियों की खरीदारी कर रही हैं। शहर के प्रमुख बाजार जैसे शिव चैक, भगत सिंह रोड, एसडी मार्केट और नई मंडी में राखियों और मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों का तांता लगा हुआ है। इस बार बाजार में पारंपरिक से लेकर आधुनिक डिजाइनों की राखियों की भरमार है। धार्मिक राखियांः ऊँ, स्वास्तिक, त्रिशूल, और रुद्राक्ष वाली राखियों की काफी मांग बनी हुई है, जिन्हें लोग शांति और समृद्धि का प्रतीक मानकर खूब पसंद कर रहे हैं। बच्चों के लिए खास आकर्षणः बच्चों के लिए डोरेमोन, छोटा भीम, स्पाइडरमैन, लाइट वाली और कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां विशेष रूप से बाजार में उतारी गई हैं, जो बच्चों को खूब लुभा रही हैं। गिफ्ट पैक और कॉम्बोः दुकानदारों ने इस बार राखियों के साथ-साथ रोली, चावल और सूखे मेवों (ड्राई फ्रूट्स) के आकर्षक श्गिफ्ट पैक भी तैयार किए हैं, जो दूर रहने वाले भाइयों को भेजने के लिए खूब खरीदे जा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार पास आते ही बिक्री में और भी अधिक तेजी आ गई है। त्योहार को देखते हुए कपड़ा, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर भी खासी चहल-पहल देखी जा रही है, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं।
मानेकशा सभागार में दिखा लखनऊ से सीधा प्रसारण
रक्षाबंधन पर बहनों को सहयात्री के साथ 29 अगस्त तक मुफ्त सफर
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जनपद के सोल्जर बोर्ड के मानेक्शा सभागार में रक्षाबन्धन का त्योहार मातृशक्ति को उपहार के अन्तर्गत जिला प्रशासन एवं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम जनपद द्वारा उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारम्भ किया गया। प्रदेश के माननीय मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का सीधा प्रसारण जूपिटर हॉल इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ से दिखाया गया। जिसका लाइव प्रसारण जनपद के सोल्जर बोर्ड के मानेक्शा सभागार में माननीय जन प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों तथा माता बहनों ने देखा। मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आज रक्षाबन्धन के अवसर पर माता व बहनों के लिए सुविधाएं दी गई है, बहुत ही अच्छा काम किया है। उन्होंने सभी माताओं-बहनों को लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा सभी माता-बहनों एवं बेटियों के लिए रक्षाबंधन के पावन अवसर पर 27 अगस्त को प्रातः 06 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। इससे माताएं एवं बहनें आसानी से अपने भाइयों के पास जाकर उन्हें राखी बांध सकेंगी और रक्षाबंधन का पर्व उल्लास एवं सुरक्षित वातावरण में मना सकेंगी। उन्होंने कहा कि 29 अगस्त से उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना अन्तर्गत निःशुल्क आजीवन बस यात्रा का लाभ मिलेगा, इस योजना के माध्यम से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं प्रदेश में कहीं भी निःशुल्क आवागमन कर सकेंगी तथा प्रदेश के विभिन्न स्थानों की यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लगातार माता-बहनों एवं बेटियों को लाभान्वित कर उनके सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रही है। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के संचालन हेतु प्रदेश मुख्यमन्त्री बधाई के पात्र- डा० वीरपाल निर्वाल। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना से लोककल्याण संकल्प पत्र 2022 के सशक्त नारी संकल्प को नई दिशा श्रीमति सपना कश्यप।
रक्षाबन्धन के पावन पर्व पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएंः श्रीमति मीनाक्षी स्वरूप। प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं परिवहन मन्त्री को उक्त योजना लागू करने पर आभार रू संजय राठी। रक्षाबन्धन के उपलक्ष में स्वयं सहायता समूह की दीदीयों द्वारा माननीय अतिथियों को रक्षासूत्र बांधकर स्वयं सहायता समूह द्वारा उत्पादित राखी गिफ्ट हैम्पर भेंट किये गये। इस अवसर पर महिला जनप्रतिनिधियों द्वारा माननीय मन्त्री एवं अन्य गणमान्य को रक्षासूत्र बांधकर शुभकामनाएं दी गयी तथा इस अवसर उपस्थित सभी को मिष्ठान एवं उपहार भेंट किये गये। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उत्तर प्रदेश सरकार अनिल कुमार की गरीमामयी उपस्थिति रही। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना शुभारम्भ कार्यक्रम की जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के शुभारम्भ के अवसर पर डा० वीरपाल निर्वाल, प्रशासक जिला पंचायत, श्रीमति सपना कश्यप माननीय सदस्य राज्य महिला आयोग, श्रीमति मीनाक्षी स्वरूप अध्यक्ष नगर पालिका परिषद श्रीमति सुप्रिया पाल विधायक प्रतिनिधि मीरापुर विधानसभा, संजय राठी राष्ट्रीय लोकदल जिला अध्यक्ष, बबीता राठी महिला जिला अध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल, श्रीमति कविता सैनी महिला जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी उक्त आयोजन में शामिल रहे। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना कार्यक्रम का संचालन डा० राजीव कुमार द्वारा किया गया। उक्त कार्यक्रम के आयोजन में मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह, उपायुक्त एनआरएलम श्री के०एन० पाण्डेय के मार्गदर्शन में उपजिलाधिकारी जानसठ श्रीमति रश्मि लाम्बा, तहसीलदार जानसठ श्रीमति मोनिका चैहान,उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक प्रभात कुमार सिन्हा, वरिष्ठ केन्द्र प्रभारी श्रीमति पूनम देवी, उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग से यात्रीकर अधिकारी राजेन्द्र श्रीवास्तव एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग से जिला सम्नव्यक श्री आशिष द्विवेदी एवं सम्बन्धिक विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उक्त आयोजन को सफल बनाने में डिपो प्रभारी खतौली आशीष कुमार, वरिष्ठ लेखाकार हर्ष कुमार, कार्यालय सहायक प्रथम अनुज त्यागी एवं श्री शुभम काकरान का योगदान रहा।
मुजफ्फरनगर के जवानों का मेरठ जोन की ऐतिहासिक जीत में अहम योगदानः हुए सम्मानित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। उत्तर प्रदेश पुलिस की 51वीं अन्तर जोनल शूटिंग प्रतियोगिता में मेरठ जोन की टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए रिवॉल्वर/पिस्टल की प्रतिष्ठित श्चलवैजयन्ती शील्डश् पर कब्जा जमाया है। मेरठ जोन को यह शील्ड पूरे 26 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद प्राप्त हुई है। इस शानदार उपलब्धि में मुजफ्फरनगर जनपद के पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई, जिन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने सम्मानित किया। सीतापुर स्थित 11वीं वाहिनी पीएसी में 18 से 24 अगस्त 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के विभिन्न जोनों की टीमों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मेरठ जोन की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 426 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया। मेरठ जोन की इस विजेता टीम में मुजफ्फरनगर पुलिस के उपनिरीक्षक राकेश कुमार गौतम, मुख्य आरक्षी देवराज भाटी, मुख्य आरक्षी राकेश कुमार और आरक्षी राजेश कुमार शामिल थे। इन अधिकारियों और कर्मचारियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने मेरठ जोन की जीत सुनिश्चित की। टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने अपने कैंप कार्यालय पर सभी प्रतिभागी पुलिसकर्मियों को आमंत्रित कर उनका अभिनंदन किया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्य व समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि 26 साल बाद मिली यह ट्रॉफी पूरे मेरठ जोन और मुजफ्फरनगर पुलिस के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी जवानों को भविष्य में भी इसी तरह विभाग व जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया और उनके उत्साहवर्धन के लिए सभी को उत्तम प्रविष्टि प्रदान की।
रक्षाबंधन पर्व पर बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सचिव अतुल कुमार गर्ग ने बताया कि गुलशन विहार,जानसठ रोड स्थित जीओ गीता बाल संस्कार कक्षा केंद्र के बच्चों को संचालिका दीपाली कौशिक द्वारा रक्षाबंधन की गतिविधि कराई गई। बालकों ने बहनों के लिए रक्षाबंधन कार्ड बनाएं एवं बालिकाओं ने श्यामपट्ट सज्जा के पश्चात राखी बनाई जिसमें उन्होंने घर पर उपलब्ध संसाधन (दाल,राजमा,रूई,बिंदी,कलावा,पत्
श्रद्धांजलि अर्पित की
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। समाचार पत्र वितरक वेलफेयर एसोसिएशन मुजफ्फरनगर की एक आवश्यक बैठक कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता रमेश गुप्ता ने तथा संचालन केपी सिंह ने किया। बैठक में शहर के प्रमुख न्यूज़पेपर एजेंट सचिन नामदेव के पूज्य पिताजी श्री पवन कुमार नामदेव के आकस्मिक निधन पर एक शोक सभा हुई जिसमें सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की और परमपिता परमात्मा से प्रार्थना की कि वह उन्हें सुखशंति प्रदान करें और अपने श्री चरणों में स्थान दें बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने कहा कि गत 22 अगस्त को पवन कुमार नामदेव का निधन हम सबके लिए और समाज के लिए एक अपूर्ण क्षति है जिसकी पूर्ति कभी नहीं हो सकती। वह एक सच्चे कर्म योगी थे और समाज सेवा के रूप में उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों की भरपूर सेवा की। बैठक में तय किया गया कि दीपावली से पूर्व शीघ्र ही एक अन्य बैठक आयोजित कर उसमें अन्य मुद्दों पर विचार विमर्श किया जाएगा। इस बैठक में प्रमुख न्यूज़ पेपर एजेंट देवेंद्र खरबंदा, प्रज्जवल खरबंदा, प्रमोद धीमान, अरविंद, मास्टर सुशील, प्रवीण सैनी, राजेश सैनी, हरिश सैनी, नंदकिशोर सैनी, श्रीपाल सैनी, मनीष गर्ग, राजेश गर्ग सहित दर्जनों न्यूज़पेपर एजेंट उपस्थित हुए।
शांति समिति की हुई बैठक
जानसठ। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जानसठ कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में जनसंवाद अभियान चलाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के गांव पीमोडा स्थित कंपोजिट विद्यालय में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने ग्रामीणों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की पुरजोर अपील की। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की भ्रामक या असत्य अफवाहों पर भरोसा न करें। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने ग्रामीणों से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त या संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। बैठक के अंत में उपस्थित सभी ग्रामीणों को नशे व अपराध से दूर रहने, कानून का पालन करने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। कोतवाली प्रभारी ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी आपात स्थिति या समस्या में ग्रामीण निडर होकर पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर कव्वाल चैकी प्रभारी प्रमोद कुमार, कांस्टेबल मनीष कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम के साथ मनाया
मुजफ्फरनगर। इनर व्हील क्लब ऑफ मुजफ्फरनगर द्वारा जन्माष्टमी उत्सव हर्षाेल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर राखी मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। ग्लो एंड फ्लोरिश थीम के अंतर्गत कराटे में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चैंपियनशिप एवं अनेक गोल्ड, सिल्वर, पदक प्राप्त करने वाली काव्या (7 साल) आद्या(10 साल)को सम्मानित किया गया और उनके कोच को भी सम्मानित किया। क्लब ने दोनों प्रतिभाशाली बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राखी प्रतियोगिता में अंशु स्वरूप प्रथम, मंजूषा राठी द्वितीय रही। कार्यक्रम में प्रेसिडेंट संगीता सिंघल, सेक्रेटरी साधना, पीडीसी संतोष शर्मा, दीप्ति शर्मा, अंशु, कविता, शिखा, इंद्रा, डॉक्टर मंजुल गौड़,राखी, डा.अंजू, टीना,रेनू, दीप्ति, सुधा, अंजलि, सीमा, नीरा सहित क्लब की अनेक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जीडी गोयनका स्कूल में माॅडल यूनाइटेड नेशंस का भव्य समापन
मुज़फ्फरनगर। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, मुज़फ्फरनगर में आयोजित दो दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस (डन्छ) कार्यक्रम का भव्य समापन उत्साह, ज्ञानवर्धक गतिविधियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। विभिन्न समितियों में विद्यार्थियों ने वैश्विक एवं समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए शोध, वक्तृत्व, तार्किक चिंतन एवं कूटनीतिक कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन समन्वयक वज़ीह कहकशां द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं विद्यालय बैंड की प्रस्तुतियों से समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संजय कुमार (एस.पी. सिटी, मुज़फ्फरनगर) उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रबंधन मंडल द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर मुख्य अतिथि का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में संजय कुमार ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम एवं फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉम्र्स का विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदार उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जीवन में माँ के महत्व को रेखांकित करते हुए भीम एवं अर्जुन के प्रसंग के माध्यम से अभ्यास एवं परिश्रम की महत्ता समझाई। संस्कृत के प्रसिद्ध श्लोक “येषां न विद्या न तपो न दानम्” के माध्यम से उन्होंने शिक्षा, अनुशासन एवं सतत प्रयास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अनेक प्रभावशाली उदाहरणों से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। पुरस्कार वितरण में विभिन्न समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिए गए। ‘बेस्ट स्कूल डेलिगेशन’ का सम्मान वेंकटेश्वरा वल्र्ड स्कूल, मेरठ को प्रदान किया गया। इस दो दिवसीय डन्छ में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। डीपीएस बिजनौर, होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल, इंद्रप्रस्थ पब्लिक स्कूल, एमजी वल्र्ड विज़न, नचिकेता स्कूल, जीडीजीआर तथा वेंकटेश्वरा वल्र्ड स्कूल ने अपने-अपने विद्यालयी दलों के साथ प्रतिभाग किया। वहीं, डीपीएस देवबंद, द दून वैली पब्लिक स्कूल, देवबंद तथा मेपल्स अकादमी, बुढ़ाना की ओर से एक-एक विद्यार्थी ने डन्छ में अपने विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। प्रधानाचार्या डॉ. स्वाति शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मुज़फ्फरनगर में पहली बार इतने भव्य एवं सुव्यवस्थित स्तर पर डन्छ का आयोजन हुआ है, जिसकी प्रतिभागी विद्यालयों एवं उनके शिक्षकों ने सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैश्विक दृष्टिकोण, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद-कौशल एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। कार्यक्रम के अंत में उप-प्रधानाचार्या श्रीमती अंजली आनंद ने मुख्य अतिथि, प्रतिभागी विद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
जौली में अकीदत और एहतराम के साथ निकाला गया जुलूस-ए-मोहम्मदी
मोरना। मोरना ब्लॉक के जौली गांव में बारावफात के अवसर पर जुलूस ए मोहम्मदी निकाला गया। यह जुलूस मस्जिद कोट से शुरू होकर मुख्य बाजार से गुजरा, जहां मौलाना सगीर जोगीरामपुरी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा।
जुलूस के दौरान मौलाना सगीर जोगीरामपुरी ने नबी पाक की हदीस पढ़ी। मौलाना फ़हीम अख़्तर, मौलाना फैजान रज़ा, नईम अख्तर और नाजिम साबरी ने नात ए पाक का पाठ किया। जुलूस मुख्य बाजार से मोहल्ला कुरैशी पहुंचा। मोहल्ला कुरैशी में प्रधान साजिद ने जुलूस का स्वागत किया। इसके बाद जुलूस बस स्टैंड पहुंचा, जहां एडवोकेट हसीन हैदर ने स्वागत करते हुए नाश्ते की व्यवस्था की। जुलूस मोहल्ला जोहड़ से होते हुए वापस मस्जिद कोट पर समाप्त हुआ। जुलूस से एक रात पहले पोस्टर लगाने को लेकर देवबंदी और बरेलवी समुदाय के बीच विवाद हो गया था। पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया था। इसी के मद्देनजर, जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई थी। जुलूस ए मोहम्मदी में नसीम ठेकेदार, फिरोज़, इमरान, वसीम साबरी, नफीस अंसारी, आस मोहम्मद मलिक, नूर मोहम्मद अंसारी और शाहनवाज सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। प्रतियोगिता के रूप में लाला जगदीश प्रसाद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जानसठ रोड पर मनाया गया जिसमें 6 स्कूलों ने प्रतिभाग किया इस प्रतियोगिता में सभी बच्चों ने अपना शत- प्रतिशत दिया, निर्णायक मंडल ने मानकों को ध्यान में रखते हुए प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहने वाले स्कूलों का चयन किया। भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई मंडी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर एस डी पब्लिक स्कूल भोपा रोड रहा । तथा तृतीय स्थान वैदिक पुत्री पाठशाला कन्या इंटर कॉलेज नई मंडी ने प्राप्त किया । निर्णायक मंडल में श्री दिलीप मिश्रा जी डायरेक्टर संगीत सरिता म्यूजिक अकैडमी केडिया वाटिका मुजफ्फरनगर डॉक्टर सविता वशिष्ठ (प्रोफेसर संस्कृत विभाग) जैन कन्या पाठशाला पी जी कॉलेज मेरठ रोड तथा श्री स्वदेश कौशिक (संगीत प्रवीण) मुजफ्फरनगर रहे। मुख्य अतिथि के रूप में संजीव गुप्ता ( प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी राष्ट्रीय समूह गान )एवं मोहित सिंघल (प्रांतीय संयोजक राष्ट्रीय समूह गान ) का सानिध्य प्राप्त हुआ कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम के साथ हुआ। शाखा पदाधिकारियों
के अतिरिक्त संरक्षक परम कीर्ति अग्रवाल ,गंगा सागर गोयल ,प्रवीण कुमार अशोक गोयल अमित जैन अवधेश गुप्ता गोपाल कंसल रोहितास कर्णवाल बीके सूर्यवंशी प्रमोद त्यागी संजीव गोयल आदि का विशेष सहयोग रहा कार्यक्रम का संचालन सुनील गर्ग (प्रांतीय गतिविधि संयोजक संपर्क) एवं कुलदीप भारद्वाज (शाखा सचिव) द्वारा किया गया । कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ तथा सभी बच्चों अध्यापिकाओं एवं शाखा सदस्यों ने दोपहर के स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया।
जिला जेल का किया सिविल जज सत्येन्द्र चैधरी ने निरीक्षण, बंदियों की सुनीं समस्याएं
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफ्फरनगर के कुशल निर्देशन में आज दिनांकरू- 26.08.2026 को डॉ० सत्येन्द्र कुमार चैधरी, सिविल जज (सी०डि०)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफ्फरनगर द्वारा जिला कारागार मुजफ्फरनगर की पाकशाला, अस्पताल, पुरुष बैरक, महिला बैरक व बाल बैरक का निरीक्षण किया गया। इस दौरान डॉ० सत्येन्द्र कुमार चैधरी, सिविल जज (सी०डि०)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर, द्वारा दोषसिद्ध बंदियों को संवैधानिक व विधिक अधिकारों की जानकारी दी गयी तथा उन्हें अवगत कराया गया कि अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक हों। डॉ० सत्येन्द्र कुमार चैधरी, सिविल जज (सी०डि०)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफ्फरनगर, द्वारा कैदियों से उनकी समस्याएं सुनी गयी तथा अवगत कराया गया कि दोषसिद्ध बंदियों को माननीय उच्च न्यायालय में अपील दाखिल करने में कोई भी कानूनी समस्या होने पर अधीक्षक जिला कारागार मुजफ्फरनगर के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर को अवगत कराने अथवा आवेदन पत्र देने का कथन किया गया जिस पर कार्यवाही किये जाने की बात कही गयी। अधीक्षक जिला कारागार को निर्देशित किया गया कि जिन बंदियों के मामले ई-जेल लोक अदालत/जेल लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित हो सकते हैं उनकी सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर को प्रेषित करें जिससे उनके मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सकें। डॉ० सत्येन्द्र कुमार चैधरी, सिविल जज (सी०डि०)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर, द्वारा जिन बंदियों की जमानत याचिका अधीनस्थ न्यायालय द्वारा हो चुकी हो उन्हें विधिक सहायता प्रदान की गई। डॉ० सत्येन्द्र कुमार चैधरी, सिविल जज (सी०डि०)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफ्फरनगर, द्वारा अवगत कराया गया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दिनांकरू- 12.09.2026 दिन द्वितीय शनिवार, को दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर, बाह्य न्यायालय बुढाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली तथा कलेक्ट्रेट मुजफ्फरनगर में किया जायेगा। जिसमें आपराधिक, 138 एन० आई० एक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिका, टेलीफोन, बिजली एवंम् पानी के बिल, वैवाहिक वाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व वाद, तथा सिविल वादों का निस्तारण किया जायेगा।
विधायक राजपाल बालियान के प्रयासों से 8 नई सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी
बुढ़ाना। बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। क्षेत्रीय रालोद विधायक राजपाल सिंह बालियान के सतत प्रयासों से शासन ने क्षेत्र की 8 नई सड़क परियोजनाओं को प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन सड़कों के बन जाने से दर्जनों गांवों की राह आसान होगी और ग्रामीण विकास को गति मिलेगी। स्वीकृत परियोजनाओं की जानकारी देते हुए विधायक राजपाल बालियान ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम बनाना और किसानों को मंडियों से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। लंबे समय से जर्जर और अधूरी पड़ी इन सड़कों के निर्माण से पूरे इलाके में खुशी की लहर है।
स्वीकृत की गई 8 मुख्य सड़कें- जीवना गोयला से मंसूरपुर-शाहपुर मार्ग- काली नदी के पुल तक निर्माण कराया जाएगा। शाहपुर-बसी-भौराकलां-शिकारपुर मार्ग- शामली बस स्टैंड से पहाड़न माता मंदिर होते हुए मंसूरपुर-शाहपुर तिराहे तक। ढिंढावली गांव- ज्ञानचंद के खेत से विक्रम कश्यप के खेत होते हुए ढिंढावली-उमरपुर संपर्क मार्ग तक। गढ़ी नौआबाद संपर्क मार्ग- शाहपुर-बसी-भौराकलां मार्ग पर ओमकार के भट्टे से ग्राम गढ़ी नौआबाद तक। अलियारपुर-निजामपुर मार्ग- अलियारपुर से निजामपुर होते हुए बसधारा तक। स्वामी कल्याण देव हाईस्कूल मार्ग- स्कूल के पास से शाहपुर-बसी-भौराकलां मुख्य मार्ग तक। विज्ञाना-बहलोलपुर से जौला मार्ग- आरआरसी सेंटर के पास स्थित कब्रिस्तान से होते हुए जौला तक। कमरूद्दीननगर से कुरालसी संपर्क मार्ग- इस अधूरी सड़क के शेष बचे हिस्से का निर्माण पूरा होगा। इन 8 सड़कों के निर्माण से शाहपुर, बुढ़ाना सहित दर्जनों गांवों के किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने में आसानी होगी। साथ ही, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं और मरीजों को अस्पतालों तक पहुँचने में समय की बचत होगी। क्षेत्रीय जनता ने इस सौगात के लिए विधायक राजपाल बालियान का आभार व्यक्त किया है।
बुलेट ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, बुजुर्ग और बाइक सवार घायल
चरथावल। कस्बे में रोहाना तिराहे के पास गौतम रेस्टोरेंट के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बुलेट चालक युवक भी चोटिल हुआ है। जानकारी के अनुसार चरथावल निवासी 70 वर्षीय शमशाद पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान देवबंद थाना क्षेत्र के ग्राम नेनकी निवासी पवन पुत्र कर्म सिंह अपनी बुलेट से वहां से गुजरा और अनियंत्रित होकर बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों का जमावड़ा लग गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कस्बा चैकी प्रभारी आयुष्मान शर्मा पुलिस कांस्टेबल राहुल गिरी के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने शमशाद और पवन दोनों की हालत को चिंताजनक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की विधिक जांच शुरू कर दी है।
5 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
जानसठ। विकास खंड परिसर स्थित जिला ग्राम्य विकास संस्थान में आयोजित सोशल ऑडिट टीम का 5 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 22 अगस्त से 26 अगस्त तक चले इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को बढ़ावा देना था। दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान (बख्शी का तालाब, लखनऊ) द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक सुभाष चंद्र उपाध्याय ने प्रतिभागियों को सोशल ऑडिट की बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान सोशल ऑडिट टीम को मुख्य रूप से मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (छै।च्) की गहन जांच-पड़ताल के गुण सिखाए गए। टीम सदस्यों को बताया गया कि सोशल ऑडिट केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य ध्येय यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। भौतिक सत्यापनः ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्यों, मजदूरों की उपस्थिति, मस्टर रोल और भुगतान से जुड़े अभिलेखों का मौके पर जाकर मिलान करना। पारदर्शिता व निष्पक्षताः प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों के निर्माण की स्थिति और पेंशन योजनाओं (वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग) के लाभार्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया। जनसंवाद व शिकायत निवारणः ग्रामीणों की शिकायतों और आपत्तियों को दर्ज कर बिना किसी पक्षपात के निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार करना। प्रशिक्षकों ने बल दिया कि ऑडिट के दौरान तथ्यों की शुद्धता और निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है। इस 5 दिवसीय सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक और सैद्धांतिक रूप से दक्ष बनाया गया, जिससे वे ग्रामीण विकास की योजनाओं का प्रभावी सामाजिक अंकेक्षण कर सकें।
चिल्लागाह शरीफ मे मनाया गया ईद मिलादुन्नबी का पर्व
चादर शरीफ लेकर जायरीनों का जत्था कलियर शरीफ हुआ रवाना
मोरना। बिहारगढ़ चिल्लागाह शरीफ मे ईद मिलादुन्नबी का पर्व अक़ीदत और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।चिल्लागाह शरीफ से जयरीनो का एक जत्था खास चादर लेकर कलियर शरीफ के लिए रवाना हुआ है।वहीं ज़िक्रे इलाही, तिलावते क़ुरआने पाक व फातिहा ख्वानी की गयी,कार्यक्रम के उपरांत तबर्रुक वितरण किया गया व दुआ कराई गई।
ोरना क्षेत्र के गाँव बिहारगढ़ मे स्थित खुशहालिया चिल्लागाह शरीफ पर बुधवार की सुबह जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व प्रत्येक वर्ष की भांति पारम्परिक रूप से मजहबी अक़ीदत के साथ मनाया गया।फजिर की नमाज के बाद ज़िक्रे इलाही व क़ुरआने पाक की तिलावत व दरूद सलाम पेश किया गया।
दरगाह हज़रत ख्वाजा खुशहाल मियां के सज्जादा नशीं हज़रत सूफी जव्वाद अहमद खुशहाली ने अपने सम्बोधन में कहा कि पैगम्बर हज़रत मुहम्मद का जन्म इंसानियत के निज़ाम को बनाने के लिये हुआ।अल्लाह के नबी होने के बावजूद हज़रत मुहम्मद ने सच्चाई,समानता,न्यायको कायम करने के बड़े कष्ट उठाये।महिलाओं को सम्मान,समानता सामाजिक अधिकार दिलाये।रूढ़ियों, अज्ञानता, आडम्बर को समाज से दूर कर प्रेम व दया का संदेश दिया।ज़िन्दगी को सरल बनाने, सादगी के साथ रहने भौतिक संसाधनों का सीमित प्रयोग करने की शिक्षा दी।
नबी ए पाक ने खुदा की सच्ची इबादत के साथ साथ उच्च आचरण, उच्च व्यवहार करने का हुक्म दिया।अल्लाह के नबी की शिक्षाओं का पूर्ण रूप से पालन करने से इंसान मुसीबतों से दूर रहता है। हज़रत ख्वाजा खुशहाल मियां ने जंगल मे आकर अल्लाह की इबादत की उनकी पुरअसर दुआओं से अनेक अनुयायी लाभान्वित हुए। मुश्किलों से आगे जाकर रास्ते आसान होते हैं।सूफियाना सिलसिले में हजरत ख्वाजा खुशहाल मियां का नाम बेहद सम्मान के साथ लिया जाता रहेगा।
वहीं चिल्लागाह शरीफ से ज़ायरीनों का एक जत्था कलियर शरीफ में आयोजित 758 वें उर्स में भाग लेने के लिये ख़ास चादर को लेकर रवाना हुआ।कार्यक्रम के उपरांत तबर्रुक वितरित किया गया। सूफी मौ साजिद ने दुआ कराई। इस दौरान मुख्य रूप से सूफी मौ.रईस,सूफी दिलनवाज़ खान, सूफी कमालुद्दीन,सरदार सतवंत सिंह, सरदार भगवंत सिंह सरदार शेर सिंह, डॉ. बाकर अली आदि मौजूद रहे।


