वैश्विक

सुंदरबनी और नौशेरा सेक्टर में भारी गोलाबारी

पाकिस्तान ने रविवार को सुंदरबनी और नौशेरा सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इस दौरान पाकिस्तानी सेना ने भारी गोलाबारी करने के साथ ही मोर्टार भी दागे। भारतीय सेना पाकिस्तान की इन नापाक हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। इससे पहले पाकिस्तान ने शनिवार को भी संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में भारी गोलाबारी शुरू की। इस दौरान मोर्टार दागने के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना भी बनाया था।

वहीं पाकिस्तानी सेना ने लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी पलांवाला सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। दो घंटे में 25 गोले दागे थे। हालांकि किसी भी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ। पाकिस्तानी सेना ने बुधवार शाम 6.15 बजे पलावांला सेक्टर के बरडोक गांव के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी शुरू कर दी थी।

Image Result For Pakistan Ceasefire Violation

 

गोलाबारी से गांव के लोगों में दहशत फैल गई और तमाम ग्रामीण सुरक्षित स्थानों पर चले गए। मंगलवार को भी पाकिस्तानी सेना ने पलांवाला सेक्टर में रिहायशी इलाके को निशाना बनाकर गोलाबारी की थी। इसमें दो मकानों को नुकसान पहुंचा था।

परमाणु युद्ध की खोखली धमकी देने के बाद अब पाकिस्तान ने नई पैंतरेबाजी करते हुए सीमा से सटे बाघ और कोटली सेक्टर में 2000 से ज्यादा सैनिकों को तैनात किया है। यह स्थान नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित है।

भारतीय सेना के सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि इन सैनिकों को बैरकों से निकालकर एलओसी के 30 किलोमीटर के दायरे में तैनात किया गया है। भारतीय सेना पाकिस्तान के इस मूवमेंट पर करीब से नजर रखे हुए है। पाक ने यह कदम ऐसे समय पर उठाया है जब उसके आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद ने स्थानीय और अफगानों की बड़े पैमाने पर भर्ती करनी शुरू कर दी है।

ज्ञात हो कि पाकिस्तान ने पहले ही गिलगित बाल्टिस्तान में स्थित स्कर्दू हवाई अड्डे पर अपने जेएफ-17 युद्ध विमानों को तैनात कर दिया है। यह हवाई अड्डा लद्दाख के नजदीक है। भारतीय खुफिया एजेंसियां पाकिस्तानी सेना की इन गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। 

सूत्रों के अनुसार, तनाव के बीच पाकिस्तानी सेना लद्दाख के नजदीक स्थित अपनी अग्रिम चौकियों पर भारी हथियार और सैन्य साजो-सामान को एकत्रित कर रही है। पाकिस्तानी वायुसेना के तीन सी-130 हरक्यूलस परिवहन विमानों ने सैन्य साजो-सामान को गिलगित बाल्टिस्तान में स्कर्दू हवाई अड्डे पर पहुंचाया। पाकिस्तान ने अग्रिम मोर्चे पर जो साजो-सामानों पहुंचाया है उसका उपयोग युद्ध के दौरान लड़ाकू विमानों की सहायता के लिए किया जाता है।

Editorial Desk

संपादकीय टीम अनुभवी पेशेवरों का एक विविध समूह है, जो मीडिया उत्कृष्टता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्ध है। अकादमिक, पत्रकारिता, कानून और स्वास्थ्य सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता के साथ, प्रत्येक सदस्य अद्वितीय दृष्टिकोण और उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री प्रदान करने के प्रति जुनून लाता है। टीम में वरिष्ठ संपादक, लेखक और विषय विशेषज्ञ शामिल हैं, जो व्यापक, समयबद्ध और आकर्षक लेख सुनिश्चित करते हैं। सार्थक वार्तालापों को बढ़ावा देने और सामाजिक जागरूकता को बढ़ाने के लिए समर्पित, टीम समाज को प्रभावित करने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों पर पाठकों को अच्छी तरह से सूचित रखती है।

Editorial Desk has 428 posts and counting. See all posts by Editorial Desk