समाचार
आग से मचा हडकम्प
मुजफ्फरनगर। कूडे के ढेर में लगी आग से पास में छप्पर में भी आग लग गयी। हादसे से अफरा तफरी मच गयी और दर्जनों लोग मौके पर एकत्रित हो गये। नागरिकों की सूचना पर मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड की टीम ने किसी प्रकार से आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार मेरठ रोड स्थित जैन इंटर कालेज के बाहर कूडे के ढेर में आज दोपहर किसी शरारती तत्व ने आग लगा दी जिससे बराबर के मकान के छप्पर में भी आग पकड ली। जैन इंटर कालेज के अध्यापकों ने फायरब्रिगेड को इस मामले से अवगत कराया। आग लगने की सूचना मिलते ही कुछ दही देर में मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग को बुझा दिया। गनीमत यह रही कि हादसे में जान माल का नुकसान नहीं हुआ।
नोडल अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। जनपद के नोडल अधिकारी डीआईजी उपेन्द्र अग्रवाल ने जनपद के दो दिवसीय दौरे के तहत आज सुबह एसएसपी कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके पश्चात डीआईजी ने जेल के निरीक्षण के बाद व्यापारियो के साथ आहूत बैठक गोष्ठी मे हिस्सा लिया।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न जनपदों की कानून व्यवस्था की स्थिती की समीक्षा करने के उददेश्य से तैनात किए गए नोडल अधिकारी डीआईजी सहारनपुर रेंज उपेन्द्र अग्रवाल ने अपने दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत आज सुबह एसएसपी कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने एसएसपी कार्यालय, डीसीआरबी, शिकायत प्रकोष्ठ तथा कैश विभाग आदि एसएसपी कार्यालय से जुडे विभिन्न विभागो व एसएसपी कार्यालय परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस कार्यालय के निरीक्षण के पश्चात नोडल अधिकारी उपेन्द्र अग्रवाल ने जिला कारागार पहुंच कर जिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी अभिषेक यादव, एसपी सिटी सतपाल अंतिल,एसपी देहात नेपाल सिह व सीओ सदर कुलदीप सिह आदि मौजूद रहे। पुलिस ऑफिस की समीक्षा के पश्चात डीआईजी जिला कारागार का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। जहां उन्होने जिला कारागार परिसर, मैस, बैरकों व जेल प्रशासन से जुडी अन्य व्यवस्थाओ के सम्बन्ध मे गहनता से जानकारी ली तथा जेलर व जेल अधिक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान नोडल अधिकारी श्री अग्रवाल के साथ डीएम सेल्वा कुमारी जे. व एसएसपी अभिषेक यादव, एसपी सिटी सतपाल अंतिल आदि मौजूद रहे। जिला कारागार के निरीक्षण के पश्चात नोडल अधिकारी उपेन्द्र अग्रवाल ने व्यापारियो के साथ पुलिस लाईन सभागार मे आहूत गोष्ठी मे हिस्सा लिया।बैठक मे विभिन्न व्यापार मण्डलो से जुडे पदाधिकारी शामिल रहे। डीआईजी ने व्यापारियों से बातचीत के दौरान सुरक्षा व्यवस्था जैसे रात्रि गश्त बढाना, नगर के विभिन्न बाजारो व चौराहो पर पुलिस की तैनाती, गश्त चैकिंग को और अधिक सुदृढ कराने की बात कही। इस दौरान डीआईजी ने कहा कि आपको कोई भी समस्या हो, तो पर्सनल फोन करके उन्हे अवगत करा सकते हैं। शासन स्तर पर मामला होने पर भी पूरी मदद की जायेगी। उन्होने सभी की समस्याएं सुनकर उनका निवारण कराने का आश्वासन दिया। डीआईजी ने कहा कि जनता की समस्याओ का निराकरण करना उनकी पहली प्राथमिकता हे। इस दौरान एसएसपी अभिषेक यादव ने आश्वस्त किया कि जिले की कानून व्यवस्था की स्थिती को और अधिक मजबूत किया जाएगा। इस मौके पर व्यापारी नेता संजय मित्तल, रेवती नन्दन सिंघल, उद्यमी भीमसैन कंसल, महेश चौहान, राजेन्द्र काटी, सन्नी कपूर, देवराज अरोरा, राजकुमार संगम आदि मौजूद रहे।
हादसे में बच्ची घायल
मुजफ्फरनगर। तेज रफ़्तार का कहर उस वक्त देखने को मिला एक महिला अपनी बच्ची को स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रही थी तभी सामने की तरफ से आ रहे तेज रफ़्तार ट्रैक्टर ट्राली सवार ने स्कूटी सवार माँ बेटी को अपनी चपेट में लेकर घायल कर दिया और मोके से चालक फरार हो गया । ऐक्सिडेंट होते ही मोके आस पास के राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गयी और राहगीरों ने किसी तरह ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दबे माँ बेटी को बाहर निकलवाया और स्थानीय पुलिस को सूचना कर दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया । उधर सूचना मिलते ही मोके पर पहुंची थाना शहर कोतवाली पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर थाने भेज घायलों का हाल चाल जाना । दोनों घायल माँ बेटी की पहचान मौहल्ला आनन्दपुरी निवासी पूनम पत्नी संदीप व् एन्जिल पुत्री संदीप उम्र ७ वर्ष के रूप में हुई है एन्जिल की माँ उसे सुबह सवेरे शहर के शारदेंन स्कूल में छोड़ने जा रही थी ।
एसडीएम ने किया निरीक्षण
जानसठ। एसडीएम ने सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम द्वारा औचक निरीक्षण से स्टाफकर्मियो मे हडकम्प मच गया। एसडीएम जानसठ आईएएस अनुज मलिक ने आज दोपहर प्राथमिक स्वास्यि केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम ने जच्चा-बच्चा वार्ड, इमरजेंसी आदि का गहनता के साथ निरीक्षण किया। एसडीएम ने इस दौरान साफ-सफाई व अन्य व्यवस्था सम्बन्धी निर्देश दिए। इस दौरान सीएचसी प्रभारी डॉक्टर अशोक कुमार व समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
नशे की गोलियां सहित पकडा
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने नशीली गालियो के साथ आरोपी युवक को हिरासत मे ले लिया। एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के चलते अपराधो पर रोकथाम व अपराधियो के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत त्यौहारो के मददेनजर नई मन्डी इंस्पैक्टर संजीव कुमार के निर्देशन मे चल रही गश्त व चैकिंग के दौरान नई मन्डी पुलिस ने पचैण्डा निवासी कुलदीप को करीब 5 सौ नशीली गोलियो के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही सुनिश्चित की।
पुलिस छानबीन में जुटी
मुजफ्फरनगर। रोहाना मे खनन की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन मे जुट गई। सूत्रो के अनुसार आज सुबह रोहाना चौकी क्षेत्र मे एक किसान द्वारा अपने खेत के बराबर मे खनन होने की सूचना पुलिस को दी। मामले की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच मे जुट गई।
चैकिंग के दौरान दबोचा
बुढाना। एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशानुसार थाना बुढाना कोतवाली प्रभारी कुशलपाल सिंह के नेतृत्व में कस्बा इंचार्ज जयवीर सिंह,एस आई प्रहलाद सिंह ने अपनी टीम के साथ चौधरी चरण सिंह तिराहे से प्रमोद पुत्र जनेश्वर निवासी तिरोसियान पट्टी कस्बा व थाना दोघट जिला बागपत को २ किलो सफेद धातू की ईंट बरामद कर भेजा जेल।
पति की सकुशल बरामदगी की गुहार
मुजफ्फरनगर। नगर के मौहल्ला शाहबुद्दीनरोड निवासी अंजुम पुत्री नूर मौहम्मद ने डीआईजी से अपने लापता हुए पति की सकुशल बरामदगी की मांग की।
अंजुम पत्नी नूर मौहम्मद ने डीआईजी के नाम लिखे प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका पति बीते दिनों अचानक कहीं लापता हो गया था। महिला का आरोप है कि इस दौरान उसके पति के साथ अब्दुल शकूर, आस मौहम्मद, इमरान व आमिर निवासीगण राजीव कालोनी पानीपत मौजूद थे। उसने इस संबंध में पानीपत के थाना किला में भी तहरीर दे रखी है। अजुम ने उक्त मामले की छानबीन कराते हुए अपने पति की सकुशल बरामदगी की मांग की।
नशेडी को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। खतौली के बुआड रोड स्थित मोहल्ला गणेशपुरी में गत १३ अक्टूबर की रात अपनी पत्नी की उसके मायके में जलाकर हत्या करने के आरोपित पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया। पत्नी को जलाने के दौरान वह खुद भी झुलस गया था। उसका मेरठ के मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। इंस्पेक्टर खतौली ने आरोपित को जेल भेजे जाने की बात को पुष्ट किया है।
मोहल्ला गणेशपुरी निवासी अनुराधा ३५ की शादी ५ वर्ष पूर्व गांव अंतवाडा निवासी दिनेश से हुई थी। दिनेश मजदूरी करता था। काम नहीं मिलने पर वह खतौली में अपनी ससुराल में रह रहा था। वह नशा करने को भी आदी था और अक्सर ससुरालवालों से पैसे की मांग करता था। पत्नी अनुराधा के साथ मारपीट भी करता था। १३ अक्टूबर की रात अनुराधा की मां मीना उसके बेटे को लेकर किसी काम से गई थी। घर में एक छोटी बेटी सो रही थी। इसी बीच दिनेश का पत्घ्नी अनुराधा के साथ विवाद हुआ और उसने अनुराधा को आग के हवाले कर दिया।
इस दौरान वह खुद भी झुलस गया था। लोगों ने घर से धुआं निकलता देख शोर मचाया और आग पर काबू पाया। बाद में गंभीर रूप से झुलसी अनुराधा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उसे जिला अस्घ्पताल रेफर कर दिया। हालत ज्घ्यादा गंभीर होने पर अनुराधा को मेरठ के लिए रेफर किया गया लेकिन रास्घ्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पति दिनेश को भी मेरठ में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। वहीं उसका इलाज चल रहा था। अनुराधा की मां मीना ने दिनेश के खिलाफ दहेज के लिए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। २२ अक्टूबर मंगलवार को पुलिस ने दिनेश को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर खतौली संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि पत्नी की हत्या के आरोपित दिनेश को जेल भेज दिया है।
दीपावली पर्व मनाया
मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित आइडियल किड्स प्रीप्रेटरी स्कूल में दीपावाली का पर्व हर्षाल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सी० ओ० नई मंडी, हरीश भदोरिया के साथ वहलना क्षेत्र के मंत्री राजकुमार जैन नावला वाले, एवं महिला थाना की एस०एच०ओ० श्रीमती मोनिका चौहान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर व्यापारी नेता संजय मित्तल, पंकज जैन (गांधी टेंट), सुधीर गर्ग एडवोकेट (भारत विकास परिषद), नागमणि सिंह (एस०बी०आई० नई मंडी), डॉ० प्रदीप कुमार, श्रीमति साधना गर्ग, समाजसेवी निधीषराज गर्ग एवं मनीष भाटिया आदि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति में वंदना, अतिथि सत्कार, ओमकार मयी, दिवाली आई, गुरु गौतम, डांडिया नृत्य, सबके लिए हैप्पी दीपावली आदि से सभी को मंत्र मुग्ध किया। उपस्थित मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम में सहभागी नन्हे-मुन्नों के साथ अध्यापिकाओं की मेहनत को सराया एवं दीपावली की शुभकामनाओं के साथ कहा कि बचपन के संस्कार ही जीवन का निर्माण करते हैं। स्कूल निदेशक पी० के० जैन ने भी कहा कि जैसे सभी दीपों का प्रकाश एक जैसा होता है उसमें कोई भेद नहीं होता, इसी प्रकार हम सभी को परस्पर भेदभाव को भूलकर एक जुट होकर अपने सम्यक ज्ञान और संस्कारों द्वारा इस वसुधा को प्रकाशित करना चाहिए। आइडियल किड्स द्वारा इन नन्हे-मुन्ने दीपों में संस्कारों का तेल भरने का जो प्रयास किया जा रहा है, वह निश्चित ही समाज में एक दिव्य प्रकाश फैलायगा। आइडियल किड्स की इंचार्ज श्रीमती नीता अग्रवाल ने बच्चों को दीपावली का महत्व बताया व उन्हें शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त स्टाफ का योगदान रहा।
गिफ्टों का ट्रेंड बदला
मुजफ्फरनगर। मिठाइयों में मिलावट का डर कहें या कुछ और, लेकिन अब शामली में भी दीपावली पर भेंट यानी उपहार देने का ट्रेंड बदल रहा है। आमतौर पर लोग यहां लोग मिठाई का डिब्बा ही सबसे ज्यादा देते हैं। यदि ये नहीं तो ब्रांडेड कंपनी के मिठाई, नमकीन-बिस्किट के गिफ्ट पैक, लेकिन अब खुद के साथ दूसरों की सेहत का भी ख्याल रखा जा रहा है। तभी तो ऐसे गिफ्ट पैक बनवाए जा रहे हैं, जिसमें ग्रीन टी है, जूस के ट्रेटा पैक और शुगर फ्री बिस्किट आदि को शामिल कराया जा रहा है।
दीपावली में अब कुछ दिन ही शेष बचे हैं। बाजारों में रौनक बढ़ गई और घरों में तैयारियां चल रही हैं। बाजारों के साथ मोहल्लों में भी गिफ्ट पैक की अस्थाई दुकानें सज चुकी हैं और जमकर खरीददारी हो रही है। सेहत का ध्यान रखते हुए कॉरपोरेट सेक्टर में तो उपहार देने का ट्रेंड कई साल पहले ही बदल चुका था। इसके बाद ये चलन काफी सालों से है। इसके बाद बड़े शहरों में आम लोगों ने भी इसे अपनाया, लेकिन, व्यापारियों की मानें तो शामली पहली बार ऐसा ट्रेंड देखने को मिल रहा है। इसलिए तो व्यापारियों ने इस तरह के गिफ्ट पैक नहीं बनाए थे। सेहत के लिए मुफीद गिफ्ट पैक में ड्राई फ्रूट ही हैं।
छोटूराम डिग्री कालेज में सडक सुरक्षा के दिये टिप्स
मुजफ्फरनगर। छोटूराम डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों का कैंप लगाया गया। सड़क सुरक्षा सप्ताह एवं यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी गई और सभी को वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र आदि सभी कागज पूरे रखने के लिए कहा गया।
प्राचार्य डॉ नरेश कुमार मलिक ने बताया कि जीवन में नैतिक मूल्य अपनाना बड़ा ही जरूरी है। बिना नैतिक मूल्य के जीवन व्यर्थ है। छात्र-छात्राओं को अनुशासन में रहते हुए सरकार के नियमों का पालन करना चाहिए। सड़क सुरक्षा सप्ताह का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन करना है। यातायात के नियम हमारे हित के लिए हैं। यह बात हम सबके दिमाग में होनी चाहिए। राष्ट्रीय सेवा योजना के डॉ एसके सिंह, डॉ गिरिराज किशोर, डॉ आईडी शर्मा, डॉ हरिओम शर्मा, डॉ विजय कुमार ढाका, डॉ संदीप कुमार, गौरव जैन, डा सुभाष कुमार, कृष्ण कुमार डॉ केपी मलिक, नरेश कुमार परुथी का सहयोग रहा। २३ अक्तूबर को एक जागरूकता रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर महावीर चौक ,प्रकाश चौक, झांसी रानी, मीनाक्षी चौक, केशव पुरी से होते हुए चौधरी छोटूराम महाविद्यालय पहुंचेगी।
प्रतियोगिता का आयोजन
छपार। परिषदीय ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह व प्रधानाचार्य बरला इंटर कॉलेज के सुधीर कुमार त्यागी ने किया।
मास्टर मैराज ख़ालिद रिजवी ने उपस्थित सभी बच्चों एवम अध्यापकों को खेल की शपथ दिलाई। खेल की विभिन्न प्रतियोगिताओं की शुरूआत हुई। ५० मीटर दौड़ में साहिल प्रथम, राहिल द्वितीय व बालिका वर्ग में रुचिका प्रथम ,राखी द्वितीय, १०० मीटर जूनियर दौड़ में विजय प्रथम राहुल द्वितीय, बालिका वर्ग में नाजिया प्रथम, पारुल द्वितीय रही। प्राथमिक स्तर पर मुनक्का प्रथम, साकिब द्वितीय बालिका वर्ग में समरीन प्रथम व पारुल द्वितीय रही। ४०० मीटर दौड़ में सुहेब तेजलहेड़ा व हिमांशु मांडला ने संयुक्त रूप से प्रथम और विजय द्वितीय रहा। खेल का मुख्य आकर्षण कबड्डी में उच्च प्राथमिक विद्यालय तेजलहेड़ा प्रथम व उच्च प्राथमिक विद्यालय मांडला द्वितीय स्थान पर रहे। खो-खो में अब्दुलपुर प्रथम सिंभालकी द्वितीय रहे। लंबीकूद में अमन व फईम प्रथम, साहिल द्वितीय रहे। ऊंची कूद में शिवम व प्रीति प्रथम साकिब द्वितीय रहे। जूनियर हाईस्कूल पुरकाजी के छात्र विजय ने सभी प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर शील्ड पर कब्जा किया। मधुसूदन शर्मा ने परिणाम घोषित किए। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि खेल पढ़ाई का हिस्सा है, अच्छी शिक्षा ,अच्छा स्वास्थ्य हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस मौके पर मुकेश शर्मा, विजेंदर सिंह, निर्वेश कुमार,अमित शर्मा ,रूपक राणा, जय गिरि अनुज कुमार, अक्षय त्यागी ,रूप सिंह, उषा रानी, अनुराधा सोबती, संजीव कुमार, आलम, कमल किशोर, कुलदीप राठी, चंदवीर आदि मौजूद रहे।
