Jaunpur News: पीड़ित परिवार द्वारा मुकदमा न लिखने का कारण पूछने पर दारोगा मनोज कुमार ने दी गाली, लाइन हाजिर
Jaunpur News: थाना बक्शा में तैनात दरोगा मुकदमा दर्ज कराने आये पीड़ित को गाली देने का विडियो वायरल हुआ है। जिसके बाद पुलिस की पिटती भद्द देख पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने गाली देने वाले दारोगा मनोज कुमार सिंह को लाइन हाजिर करते हुए प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंप दिया है।
इस घटना ने एक बार फिर जनपद में पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न वाचक चिन्ह लगाया है। पीड़ित ने भी इस मामले को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने की बात किया है।
विगत 04 दिसम्बर 21 को थाना क्षेत्र के ग्राम बबुरा निवासी राजेन्द्र प्रसाद यादव 45 साल नामक व्यक्ति ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया था। घटना के पश्चात थाना प्रभारी ने लाश का पोस्टमार्टम कराया, मृतक के पुत्र आशीष यादव ने अपने पिता को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप गांव के एक व्यक्ति पर लगाया। उसका कथन है कि पिता राजेन्द्र यादव ने गांव के एक व्यक्ति को अपनी जमीन बेचा था वह जमीन का पैसा नहीं दिया था इसी को लेकर पिता तनाव में थे और आत्महत्या कर लिए है।
पीड़ित परिवार ने बीते 13 दिसम्बर 21 को थाने पर मुकदमा लिखने के लिए तहरीर दिया था पुलिस उस तहरीर पर मुकदमा नहीं लिखी फिर 18 दिसम्बर 21 को पीड़ित से तहरीर लिया दूसरे दिन यानी 19 दिसम्बर को बुलाया था। पीड़ित आशीष यादव और उसकी मां थाने पर आयी थी। काफी देर बैठने के बाद जब आशीष ने मुकदमा न लिखने का कारण पूंछा तो थाने पर मौजूद दरोगा मनोज कुमार सिंह भड़क गये और पीड़ित को गालियां देने लगे।
पुलिस की किरकिरी होने लगी तो पुलिस अधीक्षक ने दरोगा मनोज कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया और मामले की जांच एसपी ग्रामीण को दिया है। इस पूरे घटना और वायरल वीडियो के बाबत थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश सिंह से बात करने पर उन्होंने वीडियो के बिषय अनभिज्ञता जता रहे है तो पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई पर कहते है जांच चल रही है।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है वह 45 सेकंड का है। जिसमें दारोगा सादी वर्दी में नजर आ रहा है। वीडियो की शुरुआत ‘भक्क मारब…जूता से’ इसके बाद गाली देते हुए सुनाई दे रहा है। जिस पर युवक ने उसका विरोध करते हुए कहा कि आप पुलिसवालों को ऐसी भाषा शोभा नहीं देती।
आप क्या बात कर रहे हैं। युवक के बगल में खड़ी एक महिला भी कह रही है कि आप गाली कैसे दे सकते हैं। वीडियो में युवक कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि आप पुलिसवाले हैं, पुलिसवाले की तरह रहिए। पुलिसवाले से महिला कह रही है वह गलत क्या बोल रहा है। सच बोल रहा है, उन लोगों ने आपको पैसा दिया है क्या? इसके बाद युवक कहता है मेरे बाप का मर्डर हुआ है, हम आपकी बहुत इज्जत करते हैं। आप पुलिस वाले हैं पुलिसवाले की तरह ही रहिए।
युवक कहता है कि हम सरकार की भी बहुत इज्जत करते हैं। हम आपसे हाथ जोड़ते हैं कि हमसे इस तरीके से बात मत करिए। वह कह रहा है कि आपको 6 घंटे हो गए पेपर दे दिए लेकिन आप उससे सुने नहीं अब हम ईमेल के जरिए पीएमओ, डीएम, सीएस सबको भेज चुके हैं, आप ऐ मत सोचिए हम गांव गवार हैं, हम पढ़े लिखे लोग हैं, हम बहुत दूर तक जाएंगे। जिस पर दरोगा यह कहते सुनाई दे रहा है कि जाओ ना जहां जाना है तुम्हें कोई पकड़ा है क्या, जहां हो तुम्हें जाओ।
