Muzaffarnagar News: खतौली के यमुनाविहार में छापा मारकर शराब, उपकरणों व वाहनों सहित दबोचा
Muzaffarnagar News:मुजफ्फरनगर। खतौली व एसओजी टीम ने एक संयुक्त अभियान में खतौली के यमुनाविहार में छापा मारकर वहां नकली व मिलावटी शराब बना रहे १२ लोगों को भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांड की शराब, कच्चे माल व उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से ९ वाहन भी बरामद हुए हैं। बरामद माल की कीमत ३० लाख रुपयों से अधिक है। इस माल से बनाई गई शराब की कीमत बाजार में १ करोड २० लाख रुपये बताई गई। एडीजी व एसएसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
एसएसपी अभिषेक यादव ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि आगामी विधनसभा चुनावों के दृष्टीगत पुलिस अवैध शराब व असलहों की खपत को रोकने के लिये पुलिस टीम प्रयासरत है। इसी क्रम में खतौली पुलिस व एसओजी टीम ने एक सूचना के आधार पर कस्बा खतौली के मौहल्ला यमुना विहार में छापा मारा। पुलिस को वहां नकली शराब बनाये जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस वहां का नजारा देखकर दंग रह गई।
वहां बडे पैमाने पर विभिन्न नामचीन कम्पिनयों के ब्रांड की नकली शराब तैयार की जा रही थी। पुलिस ने मौके से रॉयल स्टेग व्हस्कि, ओल्डमोंक रम के अलावा रेडिगो खैतान, वेव मार्का, देशी शराब में तोहफा व पिकनिक ब्रांड की बनी हुई शराब के अलावा, खाली अद्धे, पव्वे, रैपर, ढक्कन, होलोग्राम, कैमिकल, सीलिंग मशीन, अन्य उपकरण के अलावा दो कार व ७ बाइके बरामद कर १२ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों में नरेश पुत्र रामस्वरूप, जीतू पुत्र नरेश, पीयूष उर्फ बोबी पुत्र नरेश निवासीगण रुहासा थाना दौराला जनपद मेरठ, अजय कुमार उर्फ अज्जू पुत्र रमेश चन्द्र निवासी सिसौली थाना भौराकलां, मुजफ्फरनगर, अमित उर्फ रिंकू बंसल निवासी पटेलनगर थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर, सोमदेव उर्फ फौजी पुत्र स्व. इलमचंद निवासी फजलपुर थाना बिनौली जनपद बागपत, अशोक कुमार पुत्र स्व. कांशीराम निवासी अकबरगढ थाना चरथावल, मुजफ्फरनगर, राकेश कुमार पुत्र हंसराज, सुनील चौहान उर्फ मोती पुत्र बिजेन्द्र सिंह निवासीगण छरबा थाना सहसपुर, देहरादून उत्तराखंड, सचिन कुमार पुत्र बिजेन्द्र सिंह निवासी दौलतराम कालोनी कस्बा व थाना दौराला जनपद मेरठ व रवि पुत्र चरत सिंह निवासी वलीदपुर थाना दौराला जनपद मेरठ शामिल हैं।
एसएसपी ने बताया कि उनकी तरफ से पुलिस टीम को २५ व एडीजी की तरफ से ५० हजार रुपयों का इनाम दिया जा रहा है।

