पश्चिम बंगाल : भाजपा प्रत्याशी को टीएमसी कार्यकर्ताओं ने पीटा
पश्चिम बंगाल की तीन विधानसभा सीटों पर सोमवार को उपचुनाव हो रहे हैं। इसी बीच एक वीडियो सामने आया है जिसमें करीमपुर से उम्मीदवार और राज्य के भाजपा उपाध्यक्ष जॉय प्रकाश मजूमदार के साथ कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ता मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने मजूमदार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पश्चिम बंगाल में तीन विधानसभा सीट पर जारी उपचुनाव में सोमवार को सुबह साढ़े 11 बजे तक 30.17 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि खड़गपुर सदर में 2.25 लाख मतदाता हैं और यहां पहले चार घंटे में 28 प्रतिशत मतदान हुआ।
#WATCH West Bengal BJP Vice President and candidate for Karimpur bypoll, Joy Prakash Majumdar manhandled and kicked allegedly by TMC workers as voting is underway in the constituency. #WestBengal pic.twitter.com/Vpb5s14M5A
— ANI (@ANI) November 25, 2019
हालांकि, कालियागंज और करीमपुर में क्रमश: 31.25 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। अधिकारी ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों के 801 मतदान केन्द्रों में मतदान जारी है। इन तीन विधानसभा क्षेत्रों में सात लाख से अधिक मतदाता 18 उम्मीदवरों की किस्मत का फैसला करेंगे।
करीमपुर विधानसभा क्षेत्र में जब भाजपा उम्मीदवार तथा प्रदेश उपाध्यक्ष जय प्रकाश मजूमदार मतदान केन्द्र पर पहुंचे तो राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने वापस जाओ के नारे लगाए। पुलिस ने भीड़ को तितर-भितर करने के लिए लाठी चार्ज किया।
तृणमूल के स्थानीय नेताओं ने मजूमदार पर शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने का आरोप लगाया। कालियागंज में भाजपा उम्मीदवार कमल चंद्र सरकार अपनी पत्नी को वोट डालने में मदद करते नजर आए। तृणमूल ने चुनाव आयोग को इसकी शिकायत की है। चुनाव निकाय ने कहा कि वह आरोपों की जांच कर रही है।
