Muzaffarnagar और आसपास से प्रमुख खबरें

रात्रि में गरीबों को ठंड से बचाव की व्यवस्था देखने निकले केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से सांसद एवं केंद्र सरकार में राज्य मंत्री संजीव बालियान रात्रि में नगर में गरीबों को ठंड से बचाने की प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एडीएम प्रशासन को साथ लेकर भ्रमण पर निकले। उन्होंने चार स्थानों पर नगर में गरीबों को कंबल वितरित भी किए।

केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने अपने अभियान की शुरुआत रोडवेज स्टैंड के बाहर जलाए जाने वाले अलाव का निरीक्षण करके की। उन्होंने यहां पर रात्रि में ठंड में ठिठुर रहे कुछ लोगों को कंबल वितरित किए। इसके बाद केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान साईं धाम के सामने नगर पालिका द्वारा बनाए गए रेन बसेरे को देखने पहुंचे। उन्होंने यहां पर रात्रि में सोने के लिए पहुंचे लोगो से बातचीत की और उन्हें कंबल भी दिए।

यहां से वह रेलवे स्टेशन के बाहर बने शेल्टर होम पहुंचे जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। केंद्रीय मंत्री ने यहां रह रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें ठंड के मौसम में शेल्टर होम में ही रात व्यतीत करने के लिए सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने को कहा

 इसके बाद वे शिव चैक पहुंचे शिव चैक पर उन्होंने एडीएम प्रशासन के साथ इधर उधर बैठे लोगों को कंबल वितरित किए। उसके बाद मीनाक्षी चैक पर कंबल वितरित कर संजीव बालियान ने एडीएम प्रशासन को निर्देश दिए कि लोगों को तन से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। केंद्रीय मंत्री के साथ भाजपा के जिला प्रतिनिधि श्याम भगत, वरिष्ठ नेता वैभव त्यागी, नीरज त्यागी आदि मौजूद रहे।

गरीबों को ठंड से बचाने के लिए मुजफ्फरनगर को शासन की ओर से 4000 कंबल मिले हैं, जिन्हें प्रत्येक तहसील में 1000 कंबल के हिसाब से वितरित किया जाएगा। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि कल ही कंबल मिले हैं जिन्हें तहसीलों पर वितरण के लिए भिजवा दिया गया है।

इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि जो वास्तव में इसके हकदार हैं उन्हें ही कंबल मिले इसके अलावा शहर में 9 स्थानों पर फिलहाल अलाव जलाने की व्यवस्था कर दी गई है जिसे आने वाले दो-तीन दिनों में और अधिक बढ़ाया जाएगा।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21727 posts and counting. See all posts by News-Desk